ट्रंप के टैरिफ दांव के बीच भारत को राहत की उम्मीद, ट्रेड डील से निर्यात को कितना फायदा ?

India US Trade Deal: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की नई टैरिफ नीति ने एक बार फिर भारत-अमेरिका व्यापारिक रिश्तों को चर्चा में ला दिया है। भारत समेत 14 देशों पर नए आयात शुल्क लगाने के प्रस्ताव के बीच अब सबकी नजर फरवरी 2026 में हुई भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर है। इस समझौते के तहत अमेरिका ने भारतीय उत्पादों पर पारस्परिक टैरिफ 25% से घटाकर 18% करने का ऐलान किया था। इससे पहले रूस से तेल खरीदने के मुद्दे पर भारत पर अतिरिक्त 25% शुल्क लगाया गया था, जिससे कई भारतीय उत्पादों पर कुल टैरिफ 50% तक पहुंच गया था। अब नए टैरिफ प्रस्ताव के बीच सवाल उठ रहा है कि क्या भारतीय निर्यातकों को मिली राहत बरकरार रहेगी या एक बार फिर अमेरिकी शुल्क का दबाव बढ़ेगा ?
यह भी पढ़ें:- नफरत करने वाले पड़ोसी देशों की भी मदद करता है भारत, देश को बाहरियों से ज्यादा अंदर के लोगों से खतरा: RSS प्रमुख भागवत
बता दें कि भारत-अमेरिका ट्रेड डील का मकसद दोनों देशों के बीच व्यापार को बढ़ावा देना और भारतीय उत्पादों को अमेरिकी बाजार में प्रतिस्पर्धी बनाना है। भारत के लिए यह इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि अमेरिका भारतीय निर्यात के सबसे बड़े बाजारों में शामिल है। कपड़ा, चमड़ा, मशीनरी, हस्तशिल्प और कई अन्य उद्योगों के लिए अमेरिकी बाजार में बेहतर पहुंच का मतलब कारोबार और रोजगार के नए अवसर हो सकते हैं। अमेरिका ने अप्रैल 2025 में भारत पर 10% बेसलाइन टैरिफ लगाया था। इसके बाद 5 अप्रैल को 26% पारस्परिक टैरिफ लगाने की घोषणा की गई। बाद में 31 जुलाई को 25% पारस्परिक टैरिफ लगाने का ऐलान हुआ, जो 1 अगस्त से लागू हुआ। इसके बाद रूस से कच्चा तेल खरीदने के मुद्दे पर ट्रंप प्रशासन ने भारत पर अतिरिक्त 25% शुल्क लगाने की घोषणा की। 27 अगस्त 2025 से यह अतिरिक्त शुल्क लागू हुआ और कई भारतीय उत्पादों पर कुल टैरिफ 50% तक पहुंच गया। इससे भारतीय निर्यातकों के सामने अमेरिकी बाजार में कीमतों और प्रतिस्पर्धा को बनाए रखने की चुनौती खड़ी हुई। (India US Trade Deal)
रूस से तेल खरीदने पर 100% टैरिफ का टला था खतरा
2 फरवरी 2026 को ट्रंप ने प्रधानमंत्री मोदी से बातचीत के बाद भारतीय उत्पादों पर पारस्परिक टैरिफ 25% से घटाकर 18% करने की घोषणा की। साथ ही रूस से तेल खरीदने के कारण लगाया गया अतिरिक्त 25% शुल्क हटाने पर सहमति बनी। भारत पर अमेरिकी टैरिफ का दबाव सिर्फ व्यापार समझौते तक सीमित नहीं था। रूस से कच्चा तेल खरीदने को लेकर भी ट्रंप प्रशासन भारत पर बड़ी कार्रवाई की तैयारी कर चुका था। 18 सितंबर 2026 को ट्रम्प ने ‘लिंडसे ग्राहम सैंक्शनिंग रशिया एंड ईरान एक्ट 2026’ पर हस्ताक्षर किए थे। इस कानून के तहत रूस से तेल और गैस खरीदने वाले पांच सबसे बड़े देशों के अमेरिकी बाजार में आने वाले सामानों पर 100% तक टैरिफ लगाने का प्रावधान था। भारत और चीन भी इसकी संभावित जद में थे। हालांकि 17 अक्टूबर 2026 को ट्रंप ने कार्यकारी आदेश जारी कर इस कानून के तहत प्रस्तावित शुल्क और संबंधित प्रतिबंधों पर छूट दे दी। उन्होंने अमेरिकी कांग्रेस को बताया कि फिलहाल इन प्रतिबंधों को लागू नहीं करना अमेरिका के राष्ट्रीय हित में है। यह फैसला ऐसे समय आया, जब अमेरिका में मिडटर्म चुनाव नजदीक थे और ऊर्जा कीमतों को लेकर दबाव बना हुआ था। इस फैसले से भारत पर 100% तक अतिरिक्त टैरिफ का खतरा फिलहाल टल गया।
इन सेक्टरों को मिल सकती है सबसे ज्यादा राहत
7 फरवरी को दोनों देशों की ओर से अंतरिम व्यापार समझौते की रूपरेखा जारी की गई। भारत-अमेरिका व्यापार समझौते की रूपरेखा में कई ऐसे सेक्टर शामिल हैं, जिनका सीधा संबंध भारतीय निर्यात और रोजगार से है। इनमें टेक्सटाइल और परिधान उद्योग, चमड़ा और जूते, प्लास्टिक और रबर उत्पाद, ऑर्गेनिक केमिकल, होम डेकोर, हस्तशिल्प और कुछ मशीनरी उत्पाद शामिल हैं। इन क्षेत्रों में भारतीय कंपनियों को अमेरिकी बाजार में 18% की पारस्परिक टैरिफ दर के तहत कारोबार का अवसर देने की बात कही गई है। समझौते की शर्तों के सफल क्रियान्वयन के बाद कई अन्य उत्पाद श्रेणियों को पारस्परिक शुल्क से छूट देने का भी प्रावधान है। इसमें जेनेरिक दवाएं, रत्न और हीरे समेत विमान के कुछ पुर्जे शामिल हैं। इसका संभावित फायदा विशेष रूप से उन छोटे और मध्यम उद्योगों को मिल सकता है, जो भारतीय उत्पादों को अमेरिकी खरीदारों तक पहुंचाते हैं। (India US Trade Deal)
86.35 अरब डॉलर के निर्यात पर टैरिफ बदलाव का असर
कम शुल्क के कारण उत्पादों की कीमत प्रतिस्पर्धी बनी रह सकती है और निर्यातकों के लिए नए ऑर्डर हासिल करना आसान हो सकता है। भारत के वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक साल 2024 में अमेरिका को भारत का कुल निर्यात 86.35 अरब डॉलर था। इसमें से 40.96 अरब डॉलर के निर्यात पर पारस्परिक टैरिफ का असर पड़ रहा था। सरकारी आंकड़ों के अनुसार समझौते के तहत 30.94 अरब डॉलर के भारतीय निर्यात पर पहले लागू 50% टैरिफ को घटाकर 18% करने की रूपरेखा तैयार की गई। वहीं, 10.03 अरब डॉलर के निर्यात पर पहले लागू 50% टैरिफ को शून्य करने का प्रावधान रखा गया। इसका मतलब है कि भारतीय निर्यात के बड़े हिस्से को शुल्क में राहत देने की योजना बनाई गई है। इसके अलावा लगभग 1.04 अरब डॉलर के निर्यात को अतिरिक्त पारस्परिक शुल्क से छूट देने की व्यवस्था भी बताई गई है। कृषि उत्पादों के लिए भी विशेष राहत का प्रावधान है। इन बदलावों का उद्देश्य भारतीय उत्पादों की अमेरिकी बाजार में कीमत और प्रतिस्पर्धात्मक स्थिति को बेहतर बनाना है।
अमेरिका को किन उत्पादों का निर्यात करता है भारत ?
भारत से अमेरिका भेजे जाने वाले प्रमुख उत्पादों में कपड़ा और रेडीमेड गारमेंट्स, चमड़े के सामान, जूते, प्लास्टिक उत्पाद, रबर, मशीनरी, रसायन, हस्तशिल्प और होम डेकोर से जुड़ी वस्तुएं शामिल हैं। रत्न और आभूषण, जेनेरिक दवाएं और विमान के पुर्जे भी भारतीय निर्यात के महत्वपूर्ण क्षेत्र हैं। व्यापार समझौते में इनमें से कुछ उत्पादों को शून्य पारस्परिक शुल्क का लाभ देने की बात कही गई है। इससे भारतीय कंपनियों को अमेरिकी बाजार में कारोबार बढ़ाने का अवसर मिल सकता है। कपड़ा और चमड़ा उद्योग के लिए यह राहत इसलिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि इन क्षेत्रों में बांग्लादेश, वियतनाम और कंबोडिया जैसे देशों से प्रतिस्पर्धा रहती है। अगर भारतीय उत्पादों पर शुल्क कम रहता है तो अमेरिकी आयातकों के लिए भारत से खरीदारी करना अधिक आकर्षक हो सकता है। अंतरिम समझौते की रूपरेखा के तहत भारत ने अमेरिकी औद्योगिक उत्पादों और कई खाद्य एवं कृषि उत्पादों पर आयात शुल्क कम करने या समाप्त करने की प्रतिबद्धता जताई है। इसमें सूखे डिस्टिलर्स ग्रेन, पशु आहार के लिए लाल ज्वार, ट्री नट्स, ताजे और प्रसंस्कृत फल, सोयाबीन तेल समेत कई उत्पाद शामिल हैं।
सुप्रीम कोर्ट के फैसले से बदली टैरिफ की कानूनी स्थिति
वहीं अमेरिका ने भारतीय उत्पादों के लिए 18% पारस्परिक टैरिफ की दर और कुछ श्रेणियों में शुल्क छूट का प्रावधान रखा है। दोनों देशों ने व्यापक द्विपक्षीय व्यापार समझौते यानी BTA पर बातचीत जारी रखने की भी बात कही है। हालांकि समझौते की रूपरेखा और उसके सभी प्रावधानों का अंतिम क्रियान्वयन अलग-अलग चरणों और शर्तों पर निर्भर है। इसलिए घोषित राहत और वास्तव में लागू होने वाले शुल्क के बीच अंतर को समझना जरूरी है। भारत-अमेरिका व्यापार समझौते की घोषणा के कुछ ही दिनों बाद अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने 20 फरवरी 2026 को ट्रम्प प्रशासन की ओर से व्यापक पारस्परिक टैरिफ लगाने के लिए इस्तेमाल किए गए कानूनी प्रावधान को अमान्य कर दिया। इसके बाद अमेरिका ने ट्रेड एक्ट की धारा 122 के तहत 150 दिनों के लिए 10% का अस्थायी आयात शुल्क लागू किया, जो 24 फरवरी 2026 से प्रभावी हुआ। इस घटनाक्रम के बाद भारत पर लागू शुल्क व्यवस्था की गणना में बदलाव आया। ऐसे में फरवरी में घोषित 18% की दर को हर उत्पाद पर बिना किसी बदलाव के लागू मानना सही नहीं होगा। अलग-अलग उत्पादों पर लागू शुल्क, छूट और बाद की अमेरिकी घोषणाओं को ध्यान में रखना जरूरी है।
अब अमेरिकी फैसलों पर भारतीय निर्यातकों की नजर
भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते से निर्यातकों को बेहतर बाजार पहुंच मिलने की उम्मीद है, लेकिन टैरिफ को लेकर अमेरिकी प्रशासन के लगातार बदलते फैसले कारोबारियों के लिए अनिश्चितता भी पैदा कर रहे हैं। नए टैरिफ प्रस्तावों के बीच भारतीय निर्यातकों की नजर इस बात पर रहेगी कि अमेरिका अंतिम रूप से किन उत्पादों पर कितना शुल्क लगाता है और भारत को प्रतिस्पर्धी देशों की तुलना में कैसी व्यापारिक शर्तें मिलती हैं। अगर समझौते में घोषित राहत प्रभावी तरीके से लागू होती है, तो कपड़ा, चमड़ा, हस्तशिल्प, मशीनरी और अन्य निर्यात आधारित उद्योगों को इसका फायदा मिल सकता है। भारत के लिए चुनौती केवल अमेरिकी बाजार में निर्यात बढ़ाने की नहीं, बल्कि बदलती टैरिफ व्यवस्था के बीच अपने उत्पादों की प्रतिस्पर्धात्मकता बनाए रखने की भी है। (India US Trade Deal)



