Parliament Session : 104 दिन बाद फिर शुरू होगी संसद की कार्यवाही! लोकसभा की बैठक 30 नवंबर को, 850 सीटें करने की तैयारी
संसद विशेष सत्र, लोकसभा बैठक 30 नवंबर, राज्यसभा बैठक 2 दिसंबर, लोकसभा सीटें 850, महिला आरक्षण 33 प्रतिशत, परिसीमन 2026

Parliament Session : संसद की सियासत एक बार फिर गरमाने वाली है। केंद्र सरकार ने लोकसभा और राज्यसभा की बैठक दोबारा बुलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने गुरुवार को इसकी जानकारी देते हुए बताया कि लोकसभा की बैठक 30 नवंबर 2026 और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर 2026 को बुलाने का अनुरोध किया गया है। खास बात यह है कि संसद का मानसून सत्र स्थगित होने के बावजूद अब तक औपचारिक रूप से समाप्त नहीं हुआ है। वहीं, लोकसभा की सीटें बढ़ाकर 850 तक करने और महिला आरक्षण लागू करने की तैयारी को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं।
104 दिन बाद फिर सक्रिय होगी संसद
संसद का मानसून सत्र 20 जुलाई 2026 को शुरू हुआ था। इसके बाद 13 अगस्त को लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई थी। हालांकि, 25 नवंबर तक राष्ट्रपति की ओर से दोनों सदनों का औपचारिक सत्रावसान नहीं किया गया था। इस तरह मानसून सत्र स्थगित हुए 104 दिन बीत चुके हैं। (Parliament Session)
संसदीय इतिहास में ऐसी स्थिति पहले भी देखने को मिली है। वर्ष 2008 में मानसून सत्र करीब 87 दिनों तक औपचारिक रूप से समाप्त नहीं हुआ था। इस बार यह अवधि भी पार हो गई है।
स्थगन और सत्रावसान में क्या है अंतर?
संसद की प्रक्रिया में सदन की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित करना और पूरे सत्र का औपचारिक समापन करना अलग-अलग प्रक्रियाएं हैं। जब सदन की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित होती है, तब भी सत्र तकनीकी रूप से जारी रह सकता है। राष्ट्रपति के आदेश से सत्रावसान होने के बाद ही सत्र औपचारिक रूप से समाप्त माना जाता है।
543 से बढ़कर 850 हो सकती हैं लोकसभा की सीटें
इधर, केंद्र सरकार लोकसभा में सीटों की संख्या बढ़ाने के विकल्पों पर भी विचार कर रही है। मौजूदा 543 सीटों को बढ़ाकर अधिकतम 850 तक करने की संभावनाओं पर चर्चा है। इस प्रस्ताव को परिसीमन और महिला आरक्षण से जोड़कर देखा जा रहा है।
सरकार की मंशा 2029 के आम चुनाव से पहले लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की व्यवस्था लागू करने का रास्ता तैयार करना है।
दक्षिण भारतीय राज्यों की चिंताओं पर भी मंथन
लोकसभा सीटों में संभावित बढ़ोतरी को लेकर दक्षिण भारतीय राज्यों की चिंताएं भी सामने आई हैं। इन चिंताओं को दूर करने के लिए एक संभावित फॉर्मूले पर विचार किया जा रहा है। इसके तहत सभी राज्यों की लोकसभा सीटों में अधिकतम 50 प्रतिशत तक वृद्धि करने और 1971 की जनगणना के आधार पर राज्यों के बीच सीटों का मौजूदा अनुपात बनाए रखने का प्रस्ताव शामिल है।
हालांकि, सीटों की संख्या बढ़ाने और परिसीमन को लेकर अभी अंतिम फैसला होना बाकी है। ऐसे में संसद की आगामी बैठकों में इस विषय पर सरकार की रणनीति और संभावित विधायी कदमों पर सबकी नजर रहेगी। (Parliament Session)



