छत्तीसगढ़ में ED की बड़ी छापेमारी, रायपुर-भिलाई-धमतरी में महादेव सट्टा ऐप केस को लेकर दबिश
छत्तीसगढ़ में ED ने रायपुर, भिलाई और धमतरी में कई ठिकानों पर छापेमारी की। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में वित्त सहायक, होटल कारोबारी और सौरभ चंद्राकर के रिश्तेदार के ठिकाने जांच के दायरे में।

ED Raid Chhattisgarh : छत्तीसगढ़ में महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले को लेकर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने एक बार फिर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। शुक्रवार को ED की अलग-अलग टीमों ने रायपुर, दुर्ग-भिलाई और धमतरी में कई ठिकानों पर एक साथ दबिश (ED Raid Chhattisgarh) दी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इस कार्रवाई के दायरे में सरकारी विभाग में पदस्थ एक वित्त सहायक, होटल कारोबारी और महादेव ऐप के कथित सरगना सौरभ चंद्राकर के रिश्तेदार के ठिकाने शामिल हैं।
रायपुर के पार्क शिरीन कॉलोनी में वित्त सहायक के घर जांच
राजधानी रायपुर के जोरा स्थित पार्क शिरीन कॉलोनी में ED की टीम ने जेल एवं होमगार्ड विभाग में वित्त सहायक के पद पर पदस्थ राजेंद्र सिंह के आवास पर दबिश दी है। टीम यहां पहुंचकर दस्तावेजों और अन्य महत्वपूर्ण रिकॉर्ड की जांच कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि जांच के दौरान किन वित्तीय लेन-देन या दस्तावेजों को लेकर पड़ताल की जा रही है।
भिलाई में होटल कारोबारी के ठिकानों पर ED की दबिश
दुर्ग-भिलाई क्षेत्र में भी केंद्रीय जांच एजेंसी की कार्रवाई जारी है। यहां एक चर्चित होटल कारोबारी के घर सहित उससे जुड़े अन्य ठिकानों पर ED की टीम पहुंची है। कारोबारी के महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले से संभावित संबंधों और वित्तीय लेन-देन को लेकर जांच किए जाने की जानकारी सामने आ रही है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक एजेंसी की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
धमतरी में सौरभ चंद्राकर के रिश्तेदार के घर पहुंची टीम
ED की कार्रवाई का दायरा धमतरी तक भी पहुंचा है। यहां महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप के कथित सरगना सौरभ चंद्राकर के एक रिश्तेदार के घर पर टीम ने दबिश दी है। इसके अलावा कुछ अन्य ठिकानों पर भी जांच किए जाने की सूचना है। इस कार्रवाई को महादेव ऐप से जुड़े कथित नेटवर्क और उससे संबंधित वित्तीय गतिविधियों की जांच के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
मनी लॉन्ड्रिंग नेटवर्क की जांच में पहले भी हो चुकी हैं कई कार्रवाइयां
महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में ED लंबे समय से मनी लॉन्ड्रिंग और कथित अवैध सट्टेबाजी नेटवर्क की जांच कर रही है। इस मामले में देश के अलग-अलग हिस्सों में कारोबारियों, हवाला नेटवर्क से जुड़े संदिग्धों और अन्य संबंधित लोगों के ठिकानों पर पहले भी छापेमारी की जा चुकी है। जांच एजेंसी इस नेटवर्क से जुड़े वित्तीय लेन-देन और कथित अवैध कमाई के स्रोतों का पता लगाने में जुटी है।
आधिकारिक खुलासे का इंतजार
रायपुर, भिलाई और धमतरी में एक साथ हुई कार्रवाई के बाद प्रदेश में हलचल तेज हो गई है। फिलहाल ED की इस छापेमारी में कितने ठिकानों को शामिल किया गया है, क्या-क्या दस्तावेज या डिजिटल साक्ष्य मिले हैं और किसी तरह की नकदी या संपत्ति से संबंधित जानकारी सामने आई है, इसका खुलासा नहीं हुआ है। अब सभी की नजरें ED की आधिकारिक जानकारी पर टिकी हैं।



