Google Analytics —— Meta Pixel

ऑफिस के कंप्यूटर पर वाट्सएप चलाना पड़ सकता है भारी, लॉगआउट नहीं किया तो लीक हो सकता है डेटा

WhatsApp Web Alert: अगर आप वाट्सएप का इस्तेमाल सिर्फ दोस्तों और परिवार से बातचीत के लिए ही नहीं, बल्कि अपने ऑफिस और बिजनेस के काम के लिए भी करते हैं तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। भारत सरकार ने वाट्सएप वेब के इस्तेमाल को लेकर लोगों को सतर्क किया है। गृह मंत्रालय के तहत काम करने वाली साइबर क्राइम यूनिट ने चेतावनी दी है कि कंप्यूटर या लैपटॉप पर वाट्सएप वेब लॉगिन करने के बाद अगर यूजर ठीक से लॉगआउट नहीं करता तो उसके अकाउंट का गलत इस्तेमाल हो सकता है। इससे निजी चैट, ऑफिस की गोपनीय जानकारी और वित्तीय विवरण दूसरे लोगों के हाथ लग सकते हैं। सरकार ने खासतौर पर उन लोगों को सावधान रहने को कहा है, जो ऑफिस, साइबर कैफे, होटल या किसी सार्वजनिक कंप्यूटर पर वाट्सएप वेब का इस्तेमाल करते हैं। ऐसे जगहों पर लॉगिन छोड़ देना साइबर अपराधियों के लिए मौका बन सकता है।

क्या है वाट्सएप वेब को लेकर सरकार की चेतावनी ?

वाट्सएप वेब की मदद से मोबाइल में चल रहे वाट्सएप अकाउंट को कंप्यूटर या लैपटॉप पर इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके लिए यूजर को अपने फोन से QR कोड स्कैन करके डिवाइस लिंक करना होता है। सुविधा के लिहाज से यह फीचर काफी उपयोगी है, लेकिन लापरवाही बरतने पर यही सुविधा सुरक्षा का खतरा बन सकती है। इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर की एडवाइजरी के मुताबिक वाट्सएप वेब के सक्रिय लॉगिन सेशन का गलत इस्तेमाल किया जा सकता है। अगर किसी सार्वजनिक या दूसरे व्यक्ति के कंप्यूटर पर आपका अकाउंट लॉगिन रह जाता है तो उस कंप्यूटर का इस्तेमाल करने वाला दूसरा व्यक्ति आपकी बातचीत और अन्य जानकारियां देख सकता है। सरकार ने लोगों को सलाह दी है कि वाट्सएप वेब पर सरकारी, संवेदनशील, ऑफिस से जुड़ी और पैसों से संबंधित गोपनीय जानकारियों का आदान-प्रदान करने से बचें। काम खत्म होने के बाद अकाउंट को मैन्युअल रूप से लॉगआउट करना भी जरूरी बताया गया है।

वाट्सएप अकाउंट में सेंध लगी तो क्या-क्या हो सकता है ?

अगर किसी दूसरे व्यक्ति को आपके वाट्सएप वेब के सक्रिय लॉगिन सेशन तक पहुंच मिल जाती है तो वह सिर्फ आपकी निजी बातचीत ही नहीं पढ़ सकता, बल्कि आपके अकाउंट का इस्तेमाल करके कई तरह की धोखाधड़ी भी कर सकता है। साइबर अपराधी आपकी निजी चैट और ऑफिस की गोपनीय बातचीत पढ़ सकते हैं। आपके नाम से अधिकारियों, कर्मचारियों, सहकर्मियों या परिचितों को मैसेज भेज सकते हैं। किसी अधिकारी या कारोबारी के नाम पर पैसे मांगने जैसे फर्जीवाड़े को अंजाम दे सकते हैं। इसके अलावा ग्रुप की बातचीत और कॉन्टैक्ट लिस्ट का गलत इस्तेमाल कर सकते हैं। सबसे बड़ा खतरा यह है कि आपके भरोसेमंद वाट्सएप अकाउंट से दूसरे लोगों को फर्जी लिंक या संदिग्ध मैसेज भेजे जा सकते हैं। मैसेज आपके ही नंबर से जाएगा, इसलिए सामने वाला व्यक्ति उस पर आसानी से भरोसा कर सकता है। इस तरह एक व्यक्ति की लापरवाही से उसके संपर्क में मौजूद दूसरे लोग भी साइबर ठगी का शिकार बन सकते हैं। (WhatsApp Web Alert)

कैसे हो सकता है आपके वाट्सएप का गलत इस्तेमाल ?

इसे एक उदाहरण से समझिए। मान लीजिए आप ऑफिस के किसी कंप्यूटर पर वाट्सएप वेब लॉगिन करते हैं। काम खत्म होने के बाद आप सिर्फ ब्राउजर बंद कर देते हैं, लेकिन वाट्सएप अकाउंट से लॉगआउट नहीं करते। ऐसी स्थिति में अगर आपका लॉगिन सेशन सक्रिय रहता है और उसी कंप्यूटर को कोई दूसरा व्यक्ति इस्तेमाल करता है तो वह आपके अकाउंट तक पहुंच बना सकता है। इसी तरह कंप्यूटर में मालवेयर मौजूद होने या किसी अन्य व्यक्ति के उसके सिस्टम पर नियंत्रण हासिल करने की स्थिति में भी आपकी जानकारी खतरे में पड़ सकती है। यानी सिर्फ ब्राउजर बंद कर देना और वाट्सएप से लॉगआउट करना दोनों अलग-अलग बातें हैं। इसलिए इस्तेमाल के बाद अकाउंट को बाकायदा लॉगआउट करना जरूरी है।

चार स्टेप में पता करें कहां-कहां लॉगिन है आपका वाट्सएप

अगर आपको शक है कि आपका वाट्सएप किसी दूसरे कंप्यूटर या डिवाइस पर भी खुला हुआ है तो आप अपने मोबाइल से इसकी जांच कर सकते हैं। सबसे पहले अपने फोन में वाट्सएप खोलें। इसके बाद ऊपर दाईं तरफ दिए गए तीन डॉट्स पर टैप करें और Linked Devices के विकल्प पर जाएं। यहां आपको उन सभी कंप्यूटर और ब्राउजर की जानकारी मिलेगी, जहां आपका वाट्सएप अकाउंट लिंक या लॉगिन है। अगर लिस्ट में कोई ऐसा डिवाइस दिखाई देता है, जिसे आप नहीं पहचानते या जिस पर आपने खुद लॉगिन नहीं किया है, तो उस डिवाइस पर टैप करके तुरंत Log Out कर दें। इससे उस डिवाइस का सक्रिय लॉगिन सेशन समाप्त हो जाएगा। गृह मंत्रालय की साइबर सुरक्षा चेतावनी के मुताबिक वाट्सएप वेब का इस्तेमाल करते समय कुछ सावधानियां बरतना जरूरी है। सबसे पहले किसी असुरक्षित या अनजान कंप्यूटर पर अपना वाट्सएप अकाउंट लॉगिन करने से बचें। साइबर कैफे, होटल और सार्वजनिक स्थानों पर उपलब्ध कंप्यूटर पर वाट्सएप वेब का इस्तेमाल न करना ही बेहतर है। (WhatsApp Web Alert)

यह भी पढ़ें:- दुर्ग में MBBS छात्र ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, दो विषयों में सप्लीमेंट्री आने से था परेशान

दूसरी बात अपने अकाउंट को किसी दूसरे कंप्यूटर पर लगातार लॉगिन करके न छोड़ें। हर बार काम खत्म होने के बाद मैन्युअल रूप से लॉगआउट करें। सार्वजनिक डिवाइस पर लॉगिन करने की मजबूरी हो तो ब्राउजर की Incognito या Private Window का इस्तेमाल करें, हालांकि यह लॉगआउट का विकल्प नहीं है। इसके अलावा अपने कंप्यूटर और ब्राउजर को अपडेट रखें, सिक्योरिटी सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल करें और वाट्सएप के Linked Devices सेक्शन में समय-समय पर जांच करते रहें कि आपका अकाउंट कहां-कहां सक्रिय है। आज के समय में वाट्सएप सिर्फ बातचीत का माध्यम नहीं रह गया है। कई लोग इसी प्लेटफॉर्म पर ऑफिस के दस्तावेज, बिजनेस से जुड़ी जानकारियां, ग्राहकों के नंबर, भुगतान से संबंधित विवरण और जरूरी निर्देश साझा करते हैं। ऐसे में अकाउंट की सुरक्षा को नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है। वाट्सएप वेब का इस्तेमाल करना अपने आप में खतरा नहीं है, लेकिन किसी असुरक्षित कंप्यूटर पर अकाउंट खुला छोड़ देना या लॉगआउट करना भूल जाना परेशानी की वजह बन सकता है। इसलिए सुविधा के साथ सावधानी भी जरूरी है। आपकी एक छोटी सी लापरवाही न सिर्फ आपकी निजी जानकारी, बल्कि आपके संपर्क में मौजूद दूसरे लोगों की सुरक्षा को भी खतरे में डाल सकती है।

Back to top button
error: Content is protected !!