छत्तीसगढ़ में सरकारी नौकरी का इंतजार होगा खत्म? CM साय बोले- जल्द निकलेंगी नई वैकेंसी
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि CGPSC अध्यक्ष की नियुक्ति जल्द होगी। छत्तीसगढ़ में सरकारी विभागों के रिक्त पदों पर जल्द नई भर्तियां निकाली जाएंगी।

रायपुर। छत्तीसगढ़ में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) के अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि आयोग के अध्यक्ष की नियुक्ति जल्द की जाएगी। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने प्रदेश में सरकारी विभागों के रिक्त पदों पर भर्ती को लेकर भी संकेत दिए हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए जल्द ही नए पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी किया जाएगा।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से पत्रकारों ने CGPSC की वार्षिक परीक्षा कैलेंडर और आयोग के अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर सवाल पूछे थे। इस पर उन्होंने कहा कि CGPSC के अध्यक्ष की नियुक्ति जल्द की जाएगी।
सरकारी नौकरियों में भर्ती सरकार की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रदेश के युवाओं को रोजगार के अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। सरकारी सेवाओं में खाली पड़े पदों पर भर्ती प्रक्रिया को गति देने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि युवाओं के भविष्य और उनके हितों को ध्यान में रखते हुए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
जल्द जारी होगी नई भर्ती की विज्ञप्ति
मुख्यमंत्री ने संकेत दिया कि प्रदेश में विभिन्न सरकारी विभागों में रिक्त पदों को भरने के लिए जल्द ही नई भर्तियां निकाली जाएंगी। इससे लंबे समय से सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं को अवसर मिलने की उम्मीद है।
CGPSC अध्यक्ष की नियुक्ति और आगामी भर्ती प्रक्रिया को लेकर मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद अभ्यर्थियों की निगाहें अब सरकार के अगले फैसलों पर टिकी हैं। हालांकि, नई भर्तियों की संख्या, विभागवार पदों और आवेदन की तारीखों को लेकर अभी कोई विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।



