Google Analytics —— Meta Pixel

ट्रक से टकराई यात्री बस, 10 लोगों की मौत, 35 घायल

Nashik Road Accident: महाराष्ट्र के नासिक-शिरडी हाईवे पर दर्दनाक हादसा हुआ है, जहां एक बस ट्रक से टकरा गई। हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई। जबकि 35 लोग घायल हैं। नासिक पुलिस ने बताया कि बस में सवार लोग साईं बाबा के दर्शन के लिए जा रहे थे। हादसा हाईवे पर पथारे के पास हुआ है।

यह भी पढ़ें:- मजदूरों से भरी पिकअप पलटी, 7 लोगों की मौत, 8 गंभीर

पुलिस के मुताबिक मृतकों में 7 महिलाएं और 3 पुरुष शामिल हैं। घायलों को सिन्नार के ग्रामीण अस्पताल और यशवंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और मृतकों का शव पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। (Nashik Road Accident)

पुलिस ने बताया कि बस में सवार यात्री ठाणे जिले के अंबरनाथ के रहने वाले थे और साईं बाबा के दर्शन करने शिरडी जा रहे थे। अधिकारियों ने बताया कि ये दुर्घटना मुंबई से करीब 180 किलोमीटर दूर नासिक की सिन्नार तहसील में पठारे शिवर के पास हुई। मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक टक्कर इतनी तेज थी कि बस और ट्रक दोनों ही बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए। अधिकारियों ने कहा कि हादसे के कारणों का अभी पता नहीं लग पाया है। जांच चल रही है। इस हादसे में मौतों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। (Nashik Road Accident)

जानकारी के मुताबिक बस में कुल 45 यात्री सवार थे, जिसमें से 10 की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि 35 लोग घायल हुए हैं। बता दें कि गुरुवार को झारखंड में मजदूरों से भरी पिकअप पलटने से 7 लोगों की मौत हो गई थी। जबकि 8 लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। राजनगर थाना क्षेत्र के खैरबनी गांव के पास पिकअप अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। बताया जा रहा है कि पिकअप की रफ्तार ज्यादा थी। इसकी वजह से ये मौतें हुई है। घटना की जानकारी स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई। (Nashik Road Accident)

Back to top button
error: Content is protected !!