Google Analytics —— Meta Pixel

जापानी प्रधानमंत्री और PM मोदी के बीच मुलाकात, मोदी को G7 समिट के लिए दिया आमंत्रण

Japanese PM And Modi: जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा दो दिवसीय भारत दौरे पर दिल्ली पहुंचे, जिन्होंने सबसे पहले दिल्ली में राजघाट पर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान प्रधानमंत्री फुमियो ने राजघाट पर आगंतुक पुस्तिका पर हस्ताक्षर किया और उन्हें महात्मा गांधी की जीवनी पर लिखी गई पुस्तकें भेंट की गई। इसके बाद जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा ने दिल्ली के हैदराबाद हाउस में PM नरेंद्र मोदी से मुलाकात की।

यह भी पढ़ें:- वर्ल्ड हैप्पीनेस डे आज, सबसे ज्यादा खुश देशों की लिस्ट में फिनलैंड फिर टॉप पर, जानिए उनकी खुशहाली का राज

वहीं PM नरेंद्र मोदी और जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा के बीच हैदराबाद हाउस में प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता हुई। मुलाकात को लेकर PM मोदी ने कहा कि मैं प्रधानमंत्री किशिदा और उनके प्रतिनिधिमंडल का भारत में स्वागत करता हूं। पिछले 1 साल में हम कई बार मिले हैं और हर बार मैंने भारत जापान संबंधों के प्रति उनकी सकारात्मकता और प्रतिबद्धता को महसूस किया है। उनकी आज की यात्रा हमारे आपसी संबंधों की गति के लिए बहुत उपयोगी रहेगी।
उन्होंने कहा कि हमारी मुलाकात एक और कारण से भी विशेष है। इस साल भारत G20 की अध्यक्षता कर रहा है और जापान G7 की। इसलिए अपनी अपनी प्राथमिकताओं और हितों पर साथ मिल कर काम करने का यह उत्तम अवसर है। आज मैंने प्रधानमंत्री किशिदा को भारत की जी20 अध्यक्षता की प्राथमिकताओं के बारे में विस्तार से बताया। G20 अध्यक्षता का महत्वपूर्ण स्तंभ ग्लोबल साउथ की प्राथमिकताओं को आवाज देना है। भारत-जापान विशेष सामरिक और वैश्विक साझेदारी हमारे सांझा लोकतांत्रिक मूल्य और अंतरराष्ट्रीय पटल पर कानून के शासन के सम्मान पर आधारित है। (Japanese PM And Modi)
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि जापान के PM फुमियो किशिदा ने मुझे G7 नेताओं के शिखर सम्मेलन में आमंत्रित किया है, जो मई में हिरोशिमा में आयोजित किया जाएगा। इसके लिए मैं उनका धन्यवाद करता हूं। वहींजापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा ने कहा कि मैंने प्रधानमंत्री मोदी को G7 हिरोशिमा शिखर सम्मेलन में औपचारिक रूप से आमंत्रित किया और मौके पर ही मेरा निमंत्रण तुरंत स्वीकार कर लिया गया। (Japanese PM And Modi)
वहीं विदेश सचिव विनय मोहन क्वात्रा ने कहा कि जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा प्रधानमंत्री मोदी से मिलने के लिए भारत की आधिकारिक यात्रा पर हैं। भारत के लिए जापान के साथ संबंधों का विशेष स्थान है। जापान उन कुछ देशों में से एक है जिनके साथ भारत की वार्षिक शिखर वार्ता की व्यवस्था है। PM मोदी ने भारत-जापान संबंधों को क्षेत्र की सबसे स्वाभाविक साझेदारियों में से एक बताया है। (Japanese PM And Modi)
विदेश सचिव ने कहा कि जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा ने औपचारिक रूप से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को G7 हिरोशिमा शिखर सम्मेलन में आमंत्रित किया और प्रधानमंत्री मोदी ने निमंत्रण स्वीकार कर लिया है।  इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा ने दिल्ली में बुद्ध जयंती पार्क का दौरा किया और पार्क में बाल बोधि वृक्ष के दर्शन किए। जापानी PM ने यहां गोल गप्पे, लस्सी और आम पन्ना का लुत्फ उठाया। (Japanese PM And Modi)
Back to top button
error: Content is protected !!