Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़िया ओलंपिक में प्रोटोकॉल के उल्लंघन से भड़के डिप्टी सीएम सिंहदेव, पढ़ें पूरी खबर

Chhattisgarhiya Olympic : अंबिकापुर संभाग मुख्यालय में आयोजित छत्तीसगढ़िया ओलिंपिक 2023-24 के संभागीय आयोजन में प्रशासन द्वारा प्रोटोकॉल को दरकिनार करने को लेकर भड़के मुख्य अतिथि डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने बहिष्कार कर दिया. मंगलवार से शुरू हुए इस आयोजन में टीएस सिंहदेव के अलावा अन्य मंत्री, संसदीय सचिव और विधायक भी बतौर अतिथि पहुंचने वाले थे.

यह भी पढ़े :- CGPSC में नियुक्ति मामला : याचिका पर सरकार का जवाब, कहा जिन पर आक्षेप उनकी न्युक्तियां नहीं…

टीएस सिंहदेव ने कहा कि बार-बार प्रशासन को संदेश भेजे जाने के बाद भी प्रोटोकॉल का उल्लंघन कर कांग्रेस नेताओं का अपमान किया जा रहा है, तो हम इतने भी गैर सम्मानित नहीं हैं कि उन कार्यक्रमों में जाएं. मान-सम्मान से समझौता नहीं हो सकता.

अंबिकापुर के गांधी स्टेडियम में मंगलवार को संभागीय छत्तीसगढ़िया ओलिंपिक (Chhattisgarhiya Olympic) 2023-24 प्रतियोगिता का शुभारंभ किया जाना था. 3 दिवसीय इस आयोजन में डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव मुख्य अतिथि थे. सिंहदेव के साथ अन्य मंत्री, संसदीय सचिव और विधायकों के अलावा कांग्रेस से जुड़े निगम, मंडल के पदाधिकारी और कांग्रेस पदाधिकारी भी बतौर अतिथि आमंत्रित किए गए थे.

प्रशासन के भारी-भरकम कार्ड में भी अतिथियों के पदक्रम को दरकिनार किया गया था. इसे कांग्रेस नेताओं ने नजरअंदाज किया. जब कांग्रेस पदाधिकारी दोपहर को आयोजन स्थल पर पहुंचे, तो जिला प्रशासन द्वारा मंच पर की गई अतिथि बैठक व्यवस्था देखकर कांग्रेस के पदाधिकारी भड़क गए. प्रशासन द्वारा कुर्सियों पर लगाई गई नाम पट्टिका में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं के बैठने की व्यवस्था दूसरी लाइन में की गई थी. पहली लाइन में बतौर अतिथि मंत्रियों एवं विधायकों के नाम थे, जो कार्यक्रम में शामिल होने नहीं आने वाले थे. इससे भड़के कांग्रेस नेताओं ने टीएस सिंहदेव को फोन कर इसकी शिकायत कर दी.

जिला प्रशासन द्वारा फिर से प्रोटोकॉल को नजरअंदाज करने से भड़के डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने अपने ही मुख्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम का बहिष्कार कर दिया. टीएस सिंहदेव ने देर शाम मीडिया से चर्चा करते कहा कि मुझे मुख्य अतिथि बनाए जाने की जानकारी नहीं दी गई थी. इस पर चर्चा भी नहीं हुई थी. बार-बार जिला प्रशासन को प्रोटोकॉल के पालन को लेकर संदेश दिया गया. कौन सीनियर है, कौन जूनियर है, इसका ध्यान रखकर छापना चाहिए. बार-बार कार्यकर्ता यह शिकायत करते हैं कि हमारा अपमान हो रहा है, ऐसे में हर बार मान-सम्मान से समझौता नहीं हो सकता.

जिला पंचायत में कौन सभापति है, किसका प्रोटोकॉल ही नहीं है, वे किस क्रम में रखे जा रहे हैं, इसका ध्यान देना ही होगा. मेरे साथियों का अपमान हो रहा है, तो ऐसे कार्यक्रमों में जाना उचित नहीं है. सम्मान मन में होना चाहिए. एक सीमा के बाहर हम अपने कार्यकर्ताओं का अपमान नहीं देख सकते.

संभागीय छत्तीसगढ़िया ओलिंपिक 2023-24 (Chhattisgarhiya Olympic) का शुभारंभ दोपहर में होना था. डिप्टी सीएम सहित कांग्रेस नेताओं द्वारा कार्यक्रम का बहिष्कार कर देने से सकते में आए अधिकारियों ने घंटों उनका इंतजार किया और मनाने के लिए मिन्नतें भी कीं. कोई जवाब नहीं मिलने पर शाम को कमिश्नर शिखा राजपूत तिवारी के मुख्य आतिथ्य में आयोजन का शुभारंभ किया गया.

संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में संभाग के सभी 6 जिलों सरगुजा, जशपुर, बलरामपुर, सूरजपुर, एमसीबी, कोरिया के जिला स्तर की प्रतियोगिता में विजेता खिलाड़ी संभाग मुख्यालय अंबिकापुर में हिस्सा लेने पहुंचे हैं. 19 से 21 सितंबर तक आयोजित प्रतियोगिता में पहले दिन रस्साकशी और कुश्ती का आयोजन भी फीका रहा. 3 दिवसीय इस आयोजन में बड़ी संख्या में पहुंचे खिलाड़ी भी अतिथियों के इंतजार में घंटों जूझते रहे.

Back to top button
error: Content is protected !!