Google Analytics —— Meta Pixel

किसानों को बोनस राशि का तत्परता भुगतान करें बैंकर्स: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

CM Sai On Bonus: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा राज्य के किसानों को 25 दिसंबर को प्रदान की गई धान बोनस की राशि के आहरण में सहकारी बैंकों के प्रबंधकों द्वारा टाल-मटोल किए जाने के शिकायत मिलने पर गहरी नाराजगी जताई है। मुख्यमंत्री ने अपेक्स बैंक के वरिष्ठ अधिकारियों समेत सभी सहकारी बैंकों के प्रबंधकों को किसानों की मांग के आधार पर उनके खाते से तत्परता से राशि का आहरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा है कि किसानों को अपने बैंक खाते से राशि निकालने में किसी भी तरह की दिक्कत न हो, यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

यह भी पढ़ें:- पाकिस्तान ने भारत को बताया कहां छिपाया है अपने परमाणु हथियारों का जख़ीरा, जानें क्‍यों हुआ ऐसा?

मुख्यमंत्री के निर्देश के परिपालन में कलेक्टरों द्वारा जिले में इस व्यवस्था पर निगरानी सुनिश्चित कराने के साथ ही हीला-हवाला करने वाले बैंकर्स के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है। बिलासपुर जिले के करगी रोड सहकारी बैंक के प्रबंधक द्वारा धान बोनस की राशि आहरण में किसानों से कमीशन मांगे जाने की शिकायत की प्रारंभिक जांच सही पाए जाने पर वहां के प्रभारी शाखा प्रबंधक को निलंबित कर दिया गया है। कलेक्टर अवनीश शरण के निर्देश पर जिला सहकारी बैंक के CEO द्वारा निलंबन आदेश जारी कर दिया गया है। (CM Sai On Bonus)

गौरतलब है कि प्रभारी शाखा प्रबंधक हरिश कुमार वर्मा के खिलाफ किसानों ने कमीशन मांगे जाने और नहीं दिये जाने पर अभद्र व्यवहार करने की शिकायत की थी। कलेक्टर ने मामले की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे। प्रथम दृष्टया शिकायत सही पाए जाने के फलस्वरूप प्रभारी प्रबंधक के निलंबन की कार्रवाई की गई है। बता दें कि 25 दिसंबर को भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर राज्य सरकार ने किसानों को दो साल के धान की बकाया बोनस राशि 3716 करोड़ रुपए का वितरण किया था। साय सरकार ने चुनावी घोषणा पत्र में किसानों के दो साल की धान की बकाया बोनस राशि देने का वादा किया था। (CM Sai On Bonus)

Back to top button
error: Content is protected !!