Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ : धान खरीदी की चाक-चौबंद व्यवस्था सुनिश्चित करने वरिष्ठ अधिकारी लगातार कर रहे हैं उपार्जन केंद्रों का दौरा

रायपुर: प्रदेश में किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की चाक-चौबंद व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए राज्य सचिवालय के वरिष्ठ अधिकारी भी लगातार उपार्जन केंद्रों का दौरा कर रहे हैं। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के सचिव टोपेश्वर वर्मा और तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग तथा बेमेतरा जिले की प्रभारी सचिव रीता शांडिल्य ने बेमेतरा के कई खरीदी केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने किसानों और समिति प्रबंधकों से चर्चा कर व्यवस्था का फीडबैक भी लिया।

इसे भी पढ़े:छत्तीसगढ़: एक ही परिवार के 6 लोग पॉजिटिव, US से लौटे 2 यात्री भी संक्रमित, कई यात्रियों ने बंद किया मोबाइल

खाद्य विभाग के सचिव टोपेश्वर वर्मा ने बेमेतरा के कठिया धान उपार्जन केन्द्र का निरीक्षण किया। उन्होंने इस दौरान वहां धान बेचने पहुंचे किसानों से चर्चा की। वर्मा ने स्थानीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि धान बेचने आ रहे किसानों को किसी तरह की कोई परेशानी न हो, इसका पूरा ध्यान रखें।

बेमेतरा जिला की प्रभारी सचिव रीता शांडिल्य ने लेंजवारा (सरदा), कठिया, जेवरा, कुसमी, सरदा, बीजाभाठ एवं हसदा धान खरीदी केंद्रों का आकस्मिक निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने किसानों से चर्चा कर उनके द्वारा उपार्जन केंद्र में लाए गए धान की मात्रा, धान के उत्पादन और समर्थन मूल्य के बारे में पूछा। उन्होंने खरीदी केंद्रों में मानव संसाधन, आर्द्रतामापी यंत्र, तौल बाट, पेयजल और विद्युत व्यवस्था की भी जानकारी ली।

इसे भी पढ़े:छत्तीसगढ़ : नरवा विकास योजना : अचानकमार टाईगर रिजर्व के वन्यप्राणियों के रहवास सुधार में काफी मददगार

कबीरधाम जिले के कलेक्टर रमेश कुमार शर्मा ने सहसपुर लोहारा विकासखण्ड में खुले चार नए धान खरीदी केन्द्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने छिरहाबांधा, मोतीपुर, गौरमाटी और गोरखपुर कला के नए धान खरीदी केन्द्रों में पंजीकृत किसानों से बातचीत कर व्यवस्था की जानकारी ली।

उन्होंने इन केंद्रों के प्रभारियों से कहा कि किसानों की मांग पर नए खरीदे केंद्र खोले गए हैं। यहां धान बेचने आने वाले किसानों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराएं। धान बेचने में किसानों की सहुलियत के लिए कबीरधाम जिले में इस साल आठ नए धान खरीदी केंद्र खोले गए हैं।

Back to top button
error: Content is protected !!