Google Analytics —— Meta Pixel

Trending

INDIA Bloc Rally: दिल्ली में आज ‘INDIA’ का शक्ति प्रदर्शन, सोनिया-राहुल गांधी समेत 26 दलों के नेता होंगे शामिल

INDIA Bloc Rally: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में विपक्ष ने राजधानी में रैली बुलाई है, इसे INDIA गठबंधन के शक्ति प्रदर्शन के तौर पर देखा जा रहा है। महारैली सफल रही तो गठबंधन के प्रत्याशियों को इससे ताकत मिलेगी। खासकर दिल्ली पर महारैली की सफलता का असर ज्यादा पड़ेगा। इस रैली में 26 दलों के नेता शामिल होंगे। पंजाब के सीएम भगवंत मान, अखिलेश यादव, राहुल गांधी समेत कई विपक्षी नेता शामिल होंगे।

कांग्रेस ने शनिवार को कहा कि यहां रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) की ‘लोकतंत्र बचाओ रैली’ का उद्देश्य किसी व्यक्ति की रक्षा करना नहीं, बल्कि संविधान और लोकतंत्र को बचाना है।

यह भी पढ़ें : नितिन नबीन लोकसभा चुनाव के छत्तीसगढ़ प्रभारी हुए नियुक्त, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा- 11 की 11 सीटे जीतेंगे

बीजेपी को कड़ा संदेश जाएगा- कांग्रेस

विपक्षी दल कांग्रेस ने कहा कि रविवार को आयोजित होने वाली रैली से लोक कल्याण मार्ग (जहां प्रधानमंत्री का आवास स्थित है) को एक ‘कड़ा संदेश’ दिया जाएगा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली सरकार का ‘समय पूरा हो गया है।’’ कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने रैली को लेकर संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी प्रमुख मल्लिकार्जुन खरगे और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी सहित अन्य वरिष्ठ नेता रैली को संबोधित करेंगे।

‘ये लोकतंत्र बचाओ रैली’

जयराम रमेश ने कहा, ‘‘यह किसी व्यक्ति विशेष पर केंद्रित रैली नहीं है. इसीलिए इसे ‘लोकतंत्र बचाओ’ रैली कहा जा रहा है। यह किसी एक पार्टी की रैली नहीं है, इसमें करीब 27-28 दल शामिल हैं. ‘इंडिया’ गठबंधन के सभी घटक इस रैली में हिस्सा लेंगे।’ उनकी यह टिप्पणी इस दृष्टि से महत्वपूर्ण है कि आम आदमी पार्टी (आप) के नेता इस रैली को प्रवर्तन निदेशालय द्वारा दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार किए जाने के विरोध में आयोजित रैली के रूप में पेश कर रहे हैं। यह पूछे जाने पर कि क्या सोनिया गांधी रैली में शामिल होंगी, रमेश ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष खरगे और पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी निश्चित रूप से शामिल होंगे जबकि सोनिया गांधी इसमें भाग ले सकती हैं। (INDIA Bloc Rally)

AAP नेता सौरभ भारद्वाज ने किया विपक्ष के नेताओं का धन्यवाद

I.N.D.I.A. गठबंधन की ‘महारैली’ पर दिल्ली सरकार में मंत्री और AAP नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा, “…हम हाथ जोड़कर सारे I.N.D.I.A. गठबंधन के नेताओं का धन्यवाद करेंगे कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के विरोध में सारा हिंदुस्तान यहां एकत्रित हो रहा है… बड़े-बड़े नेता चाहें सीताराम येचुरी हों, डी. राजा हों, सोनिया गांधी हों, प्रियंका गांधी हों, राहुल गांधी हों, शरद पवार हों, उद्धव ठाकरे हों, आदित्य ठाकरे हों, अखिलेश यादव हों, तेजस्वी यादव हों, सभी लोग यहां पर आ रहे हैं… पूरे देश में बड़ा संदेश जाने वाला है।” (INDIA Bloc Rally)

Back to top button
error: Content is protected !!