Varanasi Lok Sabha Polls: वाराणसी से कॉमेडियन श्याम रंगीला का नामांकन खारिज, PM मोदी के खिलाफ भरा था पर्चा
Varanasi Lok Sabha Polls: वाराणसी लोकसभा सीट से कमीडियन श्याम रंगीला उर्फ श्याम सुंदर का पर्चा बुधवार को खारिज हो गया। काफी मशक्कत के बाद उन्होंने निर्दलीय के तौर पर पर्चा दाखिल करने में सफलता पाई थी। बताया जा रहा है कि शपथ पत्र न देने के कारण श्याम रंगीला का पर्चा खारिज हुआ है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रंगीला ने पर्चा खारिज होने पर निराशा व्यक्त की है और कहा कि उनके लिए कॉमेडी ही बेहतर और राजनीति उनके बस की बात नहीं है। बता दें कि बीते दिनों श्याम रंगीला ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ वाराणसी लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने का ऐलान किया था।
श्याम रंगीला काफी संघर्षों के बाद वाराणसी लोकसभा सीट से पर्चा दाखिल कर पाए थे। इसके लिए उन्होंने सोशल मीडिया पर लगातार पोस्ट किए। नामांकन खारिज होने के बाद रंगीला ने वाराणसी जिला प्रशासन पर प्रक्रिया में भ्रमित करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि हमने सभी कागज और जरूरी विषयों को ध्यान में रखकर नामांकन किया था लेकिन अब हमें बताया गया कि हमने नामांकन के दौरान दिए जाने वाले शपथ पत्र को पूरा नहीं भरा है। इस वजह से पर्चा खारिज कर दिया गया। (Varanasi Lok Sabha Polls)
यह भी पढ़ें:- कांग्रेस पार्टी में ना दूल्हा है ना बाराती: डिप्टी CM अरुण साव
पर्चा खारिज होने पर रंगीला ने दुख जाहिर किया है। उन्होंने कहा कि मैं कलाकार हूं लेकिन कुछ भी कह पाने की स्थिति में नहीं हूं। सोचता हूं कि कॉमेडी ही मेरे लिए बेहतर क्षेत्र है। निराश होकर श्याम रंगीला ने कहा कि राजनीति मेरे बस की बात नहीं है। बता दें कि श्याम रंगीला को वाराणसी में पूर्व अधिकारी और आजाद अधिकार सेना के प्रमुख अमिताभ ठाकुर ने भी अपना समर्थन दिया था। (Varanasi Lok Sabha Polls)



