चलती बस में आग लगने से जिंदा जले 10 श्रद्धालु, राजस्थान में 5 महिलाओं की मौत

Haryana Road Accident: हरियाणा के कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेस-वे पर भीषण सड़क हादसा हुआ है, जहां नूंह के तावड़ू में श्रद्धालुओं से भरी बस में अचानक आग लग गई, जिसमें 8 लोग जिंदा जल गए, जिनकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि 25 से ज्यादा बुरी तरह झुलस गए। इनमें से 2 ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। घायलों ने बताया कि बस में 64 लोग सवार थे। ये सभी आपस में रिश्तेदार हैं और पंजाब-चंडीगढ़ के रहने वाले हैं। वे मथुरा-वृंदावन से दर्शन कर लौट रहे थे। चलती बस में आग की लपटें देख स्थानीय लोगों ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को जानकारी दी। साथ ही खुद भी आग बुझाने का प्रयास किया।
यह भी पढ़ें:- Char Dham Yatra : चार धाम पर रील्स बनाई तो जाएंगे जेल, यात्रा को लेकर सरकार का बड़ा फैसला
फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। अभी आग के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस ने अधिकांश घायलों को नूंह के नल्हड़ स्थित मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है। आग लगने के कारण बस का दरवाजा लॉक हो गया था। लोग जैसे-तैसे खिड़की के शीशे तोड़कर कूदे। काफी लोग अंदर ही फंस गए, जिसकी वजह से कुछ की जान चली गई तो काफी लोग झुलस गए। इधर, राजस्थान के भरतपुर में भी बड़ा हादसा हुआ है। (Haryana Road Accident)
राजस्थान में 5 महिलाओं की मौत
दरअसल, हलैना के पास नेशनल हाईवे पर जयपुर जा रही बस आगे चल रहे ट्रक में घुस गई। इस भीषण सड़क हादसे में 5 महिलाओं की मौत हो गई। 12 यात्री घायल हो गए हैं। घायलों को हलैना हॉस्पिटल लेकर गए, जहां 8 घायलों को भरतपुर के आरबीएम हॉस्पिटल रेफर किया गया है। 5 घायलों का इलाज हलैना हॉस्पिटल में चल रहा है। भरतपुर में इलाज के दौरान एक महिला की मौत हो गई। हादसे में बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बस के ड्राइवर और कंडक्टर घायल हैं। ट्रक ड्राइवर फरार है। बस उत्तर प्रदेश परिवहन के अलीगढ़ डिपो की है। बस अलीगढ़ से जयपुर जा रही थी। ट्रक भी जयपुर की तरफ जा रहा था। (Haryana Road Accident)



