BJP को अकेले नहीं मिला बहुमत, विपक्ष ने साधा जमकर निशाना
Opposition Leader on BJP: लोकसभा चुनाव 2024 में BJP बहुमत का आंकड़ा पार नहीं कर पाई है। पार्टी को सिर्फ 240 सीटों पर जीत मिली है। इसे लेकर विपक्षी दल हमलावर हो गए हैं। आम आदमी पार्टी के नेता और दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने कहा कि 400 पार सीटें हासिल करने का दम भरने वाली पार्टी को 300 पार भी नहीं मिला। देश के लोगों ने उन्हें बहुमत भी नहीं दिया। इसका मतलब साफ है कि इस देश के लोगों ने साफ जनादेश दिया है कि बीजेपी के 10 साल के कार्यकाल में जिस तरह से बेरोजगारी बढ़ी, महंगाई , तानाशाही बढ़ी है…विपक्ष को खत्म करने का अभियान चला था उससे जनता खुश नहीं थी।
उन्होंने कहा कि जनता बीजेपी को सत्ता में नहीं देखना चाहती है। ये अभी समय बताएगा कि कौन कैसे सरकार बनाता है? बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि मेरा देश महान है और इस देश की जनता ने PM मोदी को हराया है। मैं देशवासियों का धन्यवाद देता हूं। तानाशाही के खिलाफ वोट किया गया है। संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए वोट किया गया है। जनता मालिक है। हम लोगों का प्रदर्शन बहुत बढ़िया रहा है, जिस हिसाब से हमने मुद्दों पर चुनाव लड़ा है वे सभी देख सकते हैं। (Opposition Leader on BJP)
RJD नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि अयोध्या में रामजी का आशीर्वाद INDIA गठबंधन को मिला। जो मोदी फैक्टर की बात हो रही थी वो खत्म हो गया। भाजपा बहुमत से दूर चली गई है। जो सहयोगी हैं अब उन पर निर्भर है। हमें खुशी है कि हमारा जो प्रयास था उसमें हम लोग कामयाब हुए हैं। हमारी उम्मीद है कि जो भी नई सरकार बनें वे बिहार को विशेष राज्य का दर्जा दिलाए और हमने जो आरक्षण बढ़ाया है उसको शेड्यूल लाइन में किया जाए। राजद नेता मनोज झा ने कहा कि जनता ने BJP को 272 सीटों तक नहीं पहुंचने दिया। (Opposition Leader on BJP)
राजद नेता ने कहा कि मोदी की गारंटी, भैंस, मंगलसूत्र और मुजरा के बाद भी आप सिर्फ 240 सीटें ही जीत पाए। मैं नीतीश कुमार की राजनीति से वाकिफ हूं। चंद्रबाबू की राजनीति से भी वाकिफ हूं। वो व्यक्ति केंद्रित विमर्श, आत्ममुग्ध नेतृत्व को या तो दुरुस्त कर देंगे या उसके साथ सहज नहीं होंगे। TDP प्रमुख चंद्रबाबू नायडू और बिहार के CM नीतीश कुमार से बात करने के सवाल पर NCP-SCP प्रमुख शरद पवार ने कहा कि मैं उनसे बात नहीं करूंगा। जब हमारी INDIA गठबंधन की बैठक में कोई फैसला होगा, तब मैं बात करूंगा। फिलहाल मैंने उनसे बात नहीं की है। (Opposition Leader on BJP)
हरियाणा के गुरुग्राम लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार राज बब्बर ने कहा कि मैं गुरुग्राम लोकसभा सीट के मतदाताओं को धन्यवाद देता हूं। चुनाव जीतना हारना मामूली सी बात है, जो BJP के पास में था उनमें से भी वो 60 लोकसभा सीटें खो दी। अब उन्हें नीतीश कुमार, चंद्रबाबू नायडू और चिराग पासवान के समर्थन पर निर्भर रहना होगा। बता दें कि बीजेपी के राव इंद्रजीत सिंह ने राज बब्बर को 75 हजार 079 वोटों से हराया है। (Opposition Leader on BJP)
चंडीगढ़ लोकसभा सीट से कांग्रेस के विजयी उम्मीदवार मनीष तिवारी ने कहा कि ये भाजपा और उनके शीर्ष नेतृत्व उस पर एक अविश्वास प्रस्ताव है, जिस तरह का प्रचार किया गया था कि अबकी बार 400 पार वो और जो वास्तविकता सामने निकल कर आई है उसमें जमीन आसमान का फर्क है, जो जमीन के मुद्दे थे बेरोजगारी महंगाई गरीब अमीर में बढ़ती हुई असमानता है, संविधान को लेकर जो लोगों की चिंताएं हैं वो सब इस चुनाव में जमीनी स्तर पर दिखी। झारखंड के मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने कहा कि इस बार किसी भी दल को बहुमत नहीं मिला है। (Opposition Leader on BJP)



