कश्मीर में आतंकियों ने श्रद्धालुओं की बस पर किया हमला, 10 लोगों की मौत

Riyasi Bus Accident: जम्मू-कश्मीर के रियासी में आतंकियों ने श्रद्धालुओं से भरी बस को निशाना बनाया है। दरअसल, रियासी जिले के कंदा इलाके में आतंकियों ने बस पर हमला किया, जिसमें सवार 10 श्रद्धालुओं की मौत हो गई। जबकि कई लोग घायल हुए हैं। ये हमला उस समय हुआ जब PM नरेंद्र मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ले रहे थे। रियासी SSP मोहिता शर्मा ने कहा कि शुरुआती रिपोर्ट से पता चलता है कि शिव खोरी से कटरा जा रही यात्री बस पर आतंकवादियों ने गोलीबारी की। गोलीबारी के कारण चालक ने बस का संतुलन खो दिया और बस खाई में गिर गई। घटना में 33 लोग घायल हुए हैं। बचाव अभियान पूरा हो चुका है। यात्रियों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। वे स्थानीय नहीं हैं।
जानकारी के मुताबिक ज्यादातर श्रद्धालु उत्तरप्रदेश के रहने वाले हैं। वहीं हमले के बाद सुरक्षाबलों ने शिव खोड़ी मंदिर इलाके को अपने कब्जे में ले लिया है। इससे पहले आतंकियों ने 4 मई को जम्मू-कश्मीर के पुंछ में एयरफोर्स के जवानों पर हमला किया था, जिसमें एक जवान शहीद हो गया था। दरअसल, हमले में पांच जवान घायल हुए थे, जिन्हें एयरलिफ्ट कर उधमपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान एक जवान ने दम तोड़ दिया। यह हमला पुंछ के शाहसितार इलाके में हुआ था। आतंकियों ने सुरक्षाबलों के दो वाहनों पर भारी फायरिंग की थी। इसमें से एक वाहन एयरफोर्स का था। (Riyasi Bus Accident)
इधर, जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में एक मिनी बस खाई में गिर गई, जिसमें एक शख्स की मौत हो गई। जबकि 14 लोग घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि यात्री वाहन मनवाल से नगरोटा जा रहे थे, तभी दोपहर बट्टल के पास बस खाई में गिर गई। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं 30 मई को उत्तरप्रदेश से जा रही बस जम्मू के अखनूर में 150 फीट गहरी खाई में गिर गई थी, जिसमें 22 लोगों की मौत हो गई थी। जबकि 69 लोग घायल हुए थे। हादसा जम्मू-पुंछ राजमार्ग पर हुआ था। बस में उत्तर प्रदेश के हाथरस, अलीगढ़ के अलावा राजस्थान के करीब 90 लोग सवार थे। सभी हाथरस के बस से शिव खोड़ी जा रहे थे। (Riyasi Bus Accident)



