Google Analytics —— Meta Pixel

अनियंत्रित होकर पलटी ट्रैक्टर-ट्रॉली, हादसे में 5 लोगों की मौके पर मौत, 19 घायल

Datia Accident: मध्यप्रदेश के दतिया जिले में बड़ा हादसा हुआ है, जहां ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें सवार 5 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 3 लड़कियां और 2 महिलाएं शामिल हैं। वहीं 19 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक ट्रॉली में 30 लोग सवार थे। हादसा दुरसड़ा थाना क्षेत्र के जोरा मैथाना पाली गांव के पास हुआ। मृतकों में 3 लोग एक ही परिवार के थे। ट्रॉली में सवार लोग दीसवार गांव के रहने वाले हैं, जो रतनगढ़ माता मंदिर पर जवारे चढ़ाने जा रहे थे।

यह भी पढ़ें:- यात्रीगण कृपया ध्यान दें: रेलवे ने छत्तीसगढ़ से होकर गुजरने वाली 50 ट्रेनों को फिर किया रद्द, देखें पूरी लिस्ट

बताया जा रहा है कि गांव से 6 ट्रैक्टर एक साथ निकले थे, जिसमें से एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पुलिया से 15 फीट नीचे गिरा और पलट गया। घायलों में महिला और बच्चे शामिल हैं। 17 घायलों को दतिया जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जबकि 2 गंभीर घायलों को ग्वालियर रेफर किया गया है। हादसे की सूचना के बाद SP वीरेंद्र मिश्रा जिला अस्पताल पहुंचे, जिन्होंने घायलों से मिलकर उनका हाल-चाल जाना। साथ ही हादसे के बारे में जानकारी ली। हादसे में दीसवार गांव के रहने वाले नवल किशोर की पत्नी और दो बेटियों की मौत हो गई है। पुलिस के मुताबिक ड्राइवर को नींद आने की वजह से हादसा हुआ होगा। (Datia Accident)

मृतकों में मां और उसकी 2 बेटी शामिल

मृतकों की पहचान नवल किशोर की पत्नी सीमा (उम्र 30), नवल की बेटी कामनी (उम्र 19), क्रांति (उम्र 17), सोनम अहिरवार (उम्र 11) और रोशनी अहिरवार (उम्र 17) के रूप में हुई है। गांव के सरपंच देवप्रसाद दांगी ने बताया कि 6 ट्रैक्टर-ट्रॉली और टैक्सी में करीब 200 श्रद्धालु रतनगढ़ माता मंदिर जा रहे थे। इन्हीं में से एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई, जिसमें 30 लोग सवार थे। भांडेर SDOP कर्णिक श्रीवास्तव ने बताया कि घायलों से प्रारंभिक पूछताछ में ट्रैक्टर-ट्रॉली के अनियंत्रित होकर पलटने की बात सामने आई है। फिलहाल मामले की जांच जारी है। बता दें कि मध्यप्रदेश में सड़क हादसों की घटनाएं बढ़ती ही जा रही है। (Datia Accident)

Back to top button
error: Content is protected !!