Google Analytics —— Meta Pixel

बलौदाबाजार हिंसा : कलेक्ट्रेट कार्यालय के ध्वजखंभ पर सफेद ध्वजा लगाने वाला पकड़ा गया, अब तक 138 गिरफ्तार

Balodabazar Violence : छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार हिंसा मामले में पुलिस ने एक आरोपी को और गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसी ने बवाल के दौरान संयुक्त कार्यालय में 10 जून को तिरंगा फहराने वाले पोल पर सफेद ध्वज लगा दिया था। हिंसा केस में अब तक 138 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

पुलिस लगातार वीडियो, फोटो और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान कर रही है। इसी बीच झंडा लगाने वाले आरोपी की भी पहचान डिगेश्वर बांधे के रूप में हुई। डिगेश्वर लवन थाना इलाके के कोरदा गांव का रहने वाला है। उसे वहीं से पकड़ा गया है। इस बीच गृहमंत्री ने कहा कि हिंसा में दुर्ग से कौन-कौन गया था, उन्हें सबके नाम पता हैं।

यह भी पढ़े :- राज्यपाल हरिचंदन ने बृजमोहन अग्रवाल का इस्तीफा किया मंजूर, रायपुर दक्षिण विधानसभा रिक्त घोषित

इस मामले में डिप्टी सीएम और गृहमंत्री विजय शर्मा ने शुक्रवार को दुर्ग के कांग्रेस नेताओं पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि बलौदाबाजार हिंसा (Balodabazar Violence) में दुर्ग से कौन-कौन गया था और कौन-कौन हिंसा में शामिल था, उन्हें सबके नाम पता हैं। कांग्रेस के आंदोलन और दावों को लेकर उन्होंने कहा कि इस तरह से राजनीति कभी नहीं की जाती है कि अपने ही लोगों को खत्म कर दिया जाए

जानकारी के मुताबिक, 15 मई की देर रात सतनामी समुदाय के धार्मिक स्थल गिरौदपुरी धाम से करीब 5 किमी मानाकोनी बस्ती स्थित बाघिन गुफा में लगे धार्मिक चिन्ह जैतखाम को क्षतिग्रस्त कर दिया गया था। जैतखाम तोड़े जाने के विरोध में समाज के हजारों लोग कलेक्ट्रेट के पास मौजूद दशहरा मैदान में कई दिन से प्रदर्शन कर रहे थे।

पुलिस ने इस मामले में 3 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। लोगों का आरोप है कि पकड़े गए लोग असली आरोपी नहीं हैं और पुलिस दोषियों को बचा रही है। 10 जून को प्रदर्शन (Balodabazar Violence) के दौरान लोग इसी बात को लेकर उग्र हो गए। इसके बाद हालात बिगड़ते चले गए।

उपद्रवियों ने 75 बाइक, 20 कार और 2 दमकल वाहन को आग के हवाले कर दिया था। लोगों ने कलेक्ट्रेट में खड़ी गाड़ियों में तोड़फोड़ की। इसके बाद कुछ लोगों ने कलेक्ट्रेट में आगजनी की। इससे कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जलकर खाक हो गए। कलेक्टर कार्यालय के सामने स्थित ध्वजारोहण के पोल पर सफेद रंग का ध्वज लगा दिया था।

इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प भी हुई। इसमें पुलिसकर्मियों सहित कुछ लोग भी घायल हुए हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद डिप्टी CM विजय शर्मा सोमवार देर रात घटनास्थल पहुंचकर मौके का जायजा लिया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उपद्रवियों की गिरफ्तारी के आदेश जारी कर दिए।

Back to top button
error: Content is protected !!