Google Analytics —— Meta Pixel

‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत विधानसभा अध्यक्ष, CM, डिप्टी CM, नेता प्रतिपक्ष और मंत्रियों ने किया पौधारोपण

Planting Trees in Assembly: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान ‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत छत्तीसगढ़ विधानसभा के आवासीय परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपनी मां के सम्मान में बेल का पौधा लगाया। वहीं विधानसभा के अध्यक्ष डॉ रमन सिंह ने सीताफल, नेता प्रतिपक्ष डॉ चरणदास महंत ने हनुमान फल और डिप्टी CM अरुण साव ने नीम के पौधे का रोपण किया। विधानसभा आवासीय परिसर में वृहद पौधारोपण कार्यक्रम में कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने रामफल और वन मंत्री केदार कश्यप ने महुआ का पौधा लगाया।

यह भी पढ़ें:- रायपुर के स्काई-वॉक का निर्माण होगा पूरा, शारदा चौक से तात्यापारा चौक तक होगा सड़क चौड़ीकरण

वहीं खाद्य मंत्री दयालदास बघेल ने आंवला, श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन और महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने हर्रा, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने लक्ष्मण फल, वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने बेल और राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने पीपल का पौधा लगाया। पौधारोपण कार्यक्रम में विधायकों और राज्य शासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी अपनी मां की स्मृति और सम्मान में पौधे लगाए। कार्यक्रम में विभिन्न प्रजाति के 100 से ज्यादा पौधे लगाए गए। (Planting Trees in Assembly)

वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि विधानसभा के आवासीय परिसर में 50 एकड़ क्षेत्र में इकोलॉजिकल पार्क (Ecological Park) विकसित किया जा रहा है। इसी कड़ी में यहां ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत वृहद पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। वहीं मुख्यमंत्रीसाय से रॉयल किड्स कॉन्वेंट स्कूल के छात्रों ने मुलाकात की। राजनांदगांव से आए रॉयल किड्स कॉन्वेंट के कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों ने विधानसभा परिसर का भ्रमण किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, डिप्टी CM अरुण साव और नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत से भी मुलाकात की। (Planting Trees in Assembly)

रॉयल किड्स कॉन्वेंट स्कूल के विद्यार्थियों ने पहली बार विधानसभा की कार्यवाही को प्रत्यक्ष रूप से देखा। छात्रों ने मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष से मुलाकात के दौरान जिज्ञासा वश कई महत्वपूर्ण प्रश्न पूछे और विधानसभा की कार्यप्रणाली के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की। विद्यार्थियों ने इस अनुभव को अत्यंत ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक बताया। मुख्यमंत्री ने छात्रों को अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी का राजनीति और सरकारी कार्यप्रणाली के प्रति जागरूक होना बहुत आवश्यक है। (Planting Trees in Assembly)

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने विद्यार्थियों को विधानसभा की कार्यवाही और उसकी भूमिका के बारे में विस्तृत जानकारी दी। वहीं नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत ने विद्यार्थियों को राजनीति में नैतिकता और ईमानदारी के महत्व पर बल दिया। यह भम्रण विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक यात्रा साबित हुआ, जिसमें उन्होंने न सिर्फ विधानसभा की कार्यवाही को देखा, बल्कि प्रदेश के प्रमुख नेताओं से भी बातचीत करने का अवसर पाया। विधानसभा के मानसून सत्र की कार्यवाही 22 जुलाई से शुरू हुई है, जो 26 जुलाई तक चलेगा। (Planting Trees in Assembly)

Back to top button
error: Content is protected !!