Google Analytics —— Meta Pixel

खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह के पक्ष में कांग्रेस सांसद, पार्टी ने किया किनारा, पढ़ें पूरी खबर

Channi on Amritpal Singh: पंजाब के कांग्रेस सांसद चरणजीत सिंह चन्नी ने लोकसभा में ‘वारिस पंजाब दे’ के प्रमुख और जेल में बंद निर्दलीय सांसद अमृतपाल सिंह को लेकर एक बयान दिया है, जिससे हंगामा खड़ा हो गया है। दरअसल, उन्होंने कहा कि यह भी एक आपातकाल है कि पंजाब में 20 लाख लोगों द्वारा चुने गए एक सांसद को राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम के तहत हिरासत में लिया गया है। वह अपने निर्वाचन क्षेत्र के लोगों के लिए बोल नहीं सकता है।चन्नी ने कहा कि 20 लाख लोगों ने जिसे सांसद चुना, उसके लिए अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता नहीं है।  

यह भी पढ़ें:- Chhattisgarh Assembly Monsoon Session : छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र का आज आखिरी दिन

सांसद चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि मोदी राज और ब्रिटिश राज में कोई अंतर नहीं है। इस पर केंद्रीय राज्यमंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा कि लगता है आप सोनिया गांधी के बारे में बात कर रहे हैं। जरा बताएं कि सोनियां गांधी किस देश से आई है? इस पर चरणजीत चन्नी ने कहा आपके दादा शहीद हुए, लेकिन वास्तव में उनकी मौत उसी दिन हुई, जिस दिन आप भाजपा में शामिल हो गए, जिसके जवाब में रवनीत बिट्टू ने कहा कि चन्नी यौन उत्पीड़न मामले में आरोपी है। मेरे दादाजी ने कांग्रेस पार्टी के लिए नहीं बल्कि देश के लिए अपनी जान दी थी। (Channi on Amritpal Singh)

संसद में भिड़े बिट्टू और चरणजीत सिंह चन्नी 

बता दें कि कांग्रेस पार्टी ने अमृतपाल सिंह को लेकर चरणजीत सिंह चन्नी के बयान से किनारा कर लिया है। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता और राज्यसभा सांसद जयराम रमेश ने कहा कि अमृतपाल सिंह पर सांसद चरणजीत सिंह चन्नी द्वारा व्यक्त किए गए विचार उनके अपने हैं और किसी भी तरह से भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की स्थिति को नहीं दर्शाते हैं। वहीं विवाद बढ़ने के बाद कांग्रेस सांसद चरणजीत सिंह चन्नी ने आपातकाल और अमृतपाल सिंह पर लोकसभा में दिए गए अपने बयान पर कहा कि मैंने गरीबों, किसानों के बारे में बात की कि कैसे किसानों को MSP पर वादा पूरा नहीं किया जा रहा है। (Channi on Amritpal Singh)

पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष ने दिया साथ

उन्होंने कहा कि मैंने पूरे बजट के बारे में, देश की स्थिति के बारे में और जिस तरह से देश आर्थिक रूप से डूब रहा है, उसके बारे में बात की। पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वारिंग ने कांग्रेस सांसद चरणजीत सिंह चन्नी के अमृतपाल सिंह को लेकर दिए गए बयान पर कहा कि मैंने उनका पूरा बयान नहीं सुना है, लेकिन मेरा कहना है कि एक चुने हुए व्यक्ति को संविधान के मुताबिक जो सुख-सुविधा मिलती है वह हर व्यक्ति को मिलनी चाहिए, फिर चाहे वह मैं हूं, अमृतपाल है या कोई और है। कानून तोड़ने का अधिकार किसी को नहीं है, चाहे वह चुना हुआ हो या नहीं। मेरा यही कहना है कि संविधान के मुताबिक किसी के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए। (Channi on Amritpal Singh)

Back to top button
error: Content is protected !!