कांग्रेस सांसद चरणजीत सिंह चन्नी के बयान पर हमलावर हुई NDA, कहा- कांग्रेस का हाथ खालिस्तानियों के साथ

NDA on MP Channi: कांग्रेस सांसद चरणजीत सिंह चन्नी के लोकसभा में ‘वारिस पंजाब दे’ के प्रमुख और निर्दलीय सांसद अमृतपाल सिंह को लेकर दिए गए बयान पर सत्ता पक्ष हमलावर हो गई है। केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि यह मामला कोर्ट में है और उन पर गंभीर आरोप है। ऐसे में संसद में यह बातें करना सही नहीं है। कांग्रेस पार्टी ने कब किससे क्या छीना है यह सबके सामने है। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि चन्नी के बयान पर मैं इतना ही कहूंगा कि इंदिरा गांधी का हत्यारा खालिस्तानी और खालिस्तानी का समर्थक कांग्रेसी, यह भारत की संप्रभुता पर हमला है, इस पर कार्रवाई होनी चाहिए। कांग्रेस का हाथ खालिस्तानियों के साथ।
यह भी पढ़ें:- खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह के पक्ष में कांग्रेस सांसद, पार्टी ने किया किनारा, पढ़ें पूरी खबर
केंद्रीय राज्यमंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा कि एक पूर्व मुख्यमंत्री देशद्रोही की तरह व्यवहार कर रहे हैं और सदन के माध्यम से पूरे देश को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसानों पर NSA लगाया गया है, लेकिन असल में यह किस पर लगाया गया है। यह उन पर लगा है, जो देश और पंजाब को तोड़ना चाहते थे। एक पूर्व मुख्यमंत्री ने देश और पंजाब को तोड़ने की बात कही। कांग्रेस और राहुल गांधी उनके सामने बैठे थे और उनसे यह कहलवा रहे थे। जब हमने उनसे सदन में सबूत लाने के लिए कहा तो वे बैकफुट पर चले गए और उनके पास कोई जवाब नहीं था। उनके कारण कांग्रेस पार्टी और पूरा INDI गठबंधन शर्मिंदा हुई। (NDA on MP Channi)
सरकार किसी की स्वतंत्रता को नहीं दबा रही: चिराग
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि सरकार किसी की स्वतंत्रता को नहीं दबा रही है। इन लोगों का किसी की स्वतंत्रता पर चर्चा करने का हक नहीं है। ये वही लोग हैं, जिन्होंने आपातकाल लागू करके सबकी आवाज को दबाने काम किया था। ये जिस व्यक्ति की बात कर रहे हैं, मुझे नहीं लगता कि उसकी सोच का कोई समर्थन करता है। देशहित पर अगर कभी कोई ऊंगली उठेगी तो उस पर यह सरकार खामोश नहीं रहेगी। वहीं कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने कहा कि विपक्ष देश के मुद्दों को उठाना चाहती है, लेकिन सत्ता पक्ष को देश की आवाज दबाने की आदत हो चुकी है। (NDA on MP Channi)
चन्नी किसानों का मुद्दा उठा रहे थे: गोगोई
सांसद गोगोई ने कहा कि जब चरणजीत सिंह चन्नी किसानों का मुद्दा उठा रहे थे तब बार-बार भाजपा के मंत्री उनकी आवाज दबाने की कोशिश कर रहे थे। कांग्रेस पार्टी किसानों के साथ है। राहुल गांधी ने किसानों से मुलाकात की, लेकिन भाजपा आज भी किसानों के प्रति अपना अहंकारी व्यवहार दर्शा रही है। कांग्रेस सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि वे संसद में सुनना नहीं चाहते। संसद, प्रजातंत्र और संविधान का अपमान हर रोज मोदी सरकार करती है और हमसे सवाल पूछती है, जो लोग संविधान और लोकतंत्र को बुलडोजर से कुचलते हैं। (NDA on MP Channi)
साथी पटाओ और बदला लेते जाओ वाला बजट: सुरजेवाला
सांसद सुरजेवाला ने कहा कि क्या वे संविधान और लोकतंत्र की रक्षा करेंगे? वे अपने सभी बेतुके फैसले नीति आयोग से संस्तुत करवाते हैं। बजट ‘कुर्सी बचाओ, साथी पटाओ और बदला लेते जाओ’ वाला बजट बन गया है। इसलिए सरकार को सच्चाई का आईना दिखाना होगा। इस पर केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि पंजाब के एक नवनिर्वाचित सांसद ने कहा है कि बजट में पंजाब को कुछ नहीं मिला। उसके बाद उन्होंने MSP पर बात की। मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि MSP की बात जब से चली थी उस समय MSP क्या थी और आज क्या है उसे देख लीजिए। MSP से किस राज्य को सबसे ज्यादा फायदा मिल रहा है? (NDA on MP Channi)



