Google Analytics —— Meta Pixel

NCERT को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने दिया जवाब, कहा- खड़गे गुमराह ना करें

Dharmendra Pradhan on Kharge: NCERT की किताबों से संविधान की प्रस्‍तावना हटाने जाने के आरोपों को लेकर राज्यसभा में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने जवाब दिया। उन्होंने कहा कि शून्य काल की चर्चा के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने NCERT की किताबों पर कुछ टिप्पणी की, जो तथ्यों से परे है। अभी भी जो नए पाठ्यपुस्तक आए हैं, उनमें संविधान की प्रस्तावना और उसके साथ मौलिक कर्तव्य, मौलिक अधिकार, राष्ट्रगान और संविधान के बुनियादी मूल्य को भी रखा गया है। खड़गे ने एक अखबार का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि NCERT की छठी कक्षा की किताबों में प्रस्तावना का विषय था, अब हटा दिया गया है।

यह भी पढ़ें:- NCERT की किताबों से संविधान की प्रस्‍तावना हटाने का आरोप, खड़गे ने सदन में मांगा स्पष्टीकरण

केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रधान ने कहा कि हाल ही में छठी कक्षा की नई पाठ्यपुस्तकें आ चुकी हैं। सभी पुस्तकों में संविधान की प्रस्तावना, मौलिक कर्तव्य, मौलिक अधिकार, राष्ट्रगान जैसे विषयों को पहले की तुलना में ज्यादा पुस्तकों में रखा गया है। कांग्रेस पार्टी हताशा के कारण झूठ और भ्रम फैलाने के काम पर लगे हैं। हम उम्मीद करते हैं कि विपक्ष के नेता जैसे जिम्मेदार पद पर बैठे व्यक्ति सदन को गुमराह न करें। उन्हें देश से माफी मांगनी चाहिए। NCERT पाठ्यपुस्तकों से संविधान की प्रस्तावना को हटाने के आरोपों का कोई आधार नहीं है। (Dharmendra Pradhan on Kharge)

झूठ की राजनीति के लिए इस्तेमाल: शिक्षा मंत्री

केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अंतर्गत पहली बार NCERT ने पाठ्यपुस्तकों में भारत के संविधान के विभिन्न पहलुओं- जैसे प्रस्तावना, मौलिक कर्तव्य, मौलिक अधिकार, राष्ट्रगान को उचित महत्व और सम्मान देने का काम किया है। बच्चों के समग्र विकास के लिए NEP के दृष्टिकोण का पालन करते हुए इन सभी पहलुओं को उचित आयु के विभिन्न चरणों की पाठ्यपुस्तकों में रखा जा रहा है, लेकिन शिक्षा जैसे विषय को भी अपने झूठ की राजनीति के लिए इस्तेमाल करना और इसके लिए बच्चों का सहारा लेना कांग्रेस पार्टी की घृणित मानसिकता को दिखाता है। बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले और भारतीय शिक्षा व्यवस्था को बकवास बताने वालों को झूठ फैलाने से पहले सच जानने की कोशिश करनी चाहिए। (Dharmendra Pradhan on Kharge)

राजनीति करना बंद करे कांग्रेस: शिक्षा मंत्री

उन्होंने कहा कि मैकाले की विचारधारा से प्रेरित कांग्रेस शुरू से ही भारत के विकास और शिक्षा व्यवस्था से घृणा रखती है। यह तर्क कि सिर्फ संविधान की प्रस्तावना ही संवैधानिक मूल्यों का प्रतिबिंब है, कांग्रेस की संविधान की समझ को उजागर करता है। कांग्रेस का पाप का घड़ा भर चुका है और आज कल जो ‘झूठे संविधान प्रेमी’ बनकर घूम रहे हैं और संविधान की प्रति लहरा रहे हैं, इनके पूर्वजों ने ही बार-बार संविधान की मूल भावना की हत्या करने का काम किया था। शिक्षा मंत्री प्रधान ने कहा कि कांग्रेस पार्टी में अगर थोड़ी सी भी शर्म और आत्मग्लानि बची हो तो पहले संविधान, संवैधानिक मूल्यों और NEP को समझे और देश के बच्चों के नाम पर अपनी क्षुद्र राजनीति करना बंद करे। (Dharmendra Pradhan on Kharge)

मूल्य क्यों नहीं प्राप्त होने चाहिए?: NCERT

इससे पहले 5 अगस्त को राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (NCERT) ने भी स्पष्टीकरण दिया था। NCERT में पाठ्यक्रम अध्ययन और विकास विभाग की प्रमुख प्रोफेसर रंजना अरोड़ा ने कहा था कि पहली बार NCERT भारतीय संविधान के विभिन्न पहलुओं को बहुत महत्व दे रहा है। यह समझ कि सिर्फ प्रस्तावना ही संविधान और संवैधानिक मूल्यों को प्रतिबिंबित करती है, त्रुटिपूर्ण और संकीर्ण है। बच्चों को प्रस्तावना सहित मौलिक कर्तव्य, मौलिक अधिकार और राष्ट्रगान से संवैधानिक मूल्य क्यों नहीं प्राप्त होने चाहिए? हम NEP-2020 के दृष्टिकोण का पालन करते हुए बच्चों के समग्र विकास के लिए इन सभी को समान महत्व देते हैं। (Dharmendra Pradhan on Kharge)

Back to top button
error: Content is protected !!