RBI Monetary Policy Meeting: RBI ने लगातार 9वीं बार 6.5% पर स्थिर रखा रेपो रेट, नहीं बढ़ेगी घर और कार की ईएमआई
RBI Monetary Policy Meeting: भारतीय रिजर्व बैंक ने लगातार 9वीं बार रेपो रेट को 6.5 प्रतिशत पर स्थिर रखने का फैसला किया है। रेपो रेट में पिछले 18 महीनों से कोई बदलाव नहीं हुआ है। 6 अगस्त को भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर शक्तिकांत दास की अध्यक्षता में शुरू हुई आरबीआई मॉनेटरी पॉलिसी कमेटी की बैठक का आज आखिरी दिन था। बैठक खत्म होने के बाद गवर्नर ने कमेटी के फैसलों का ऐलान किया। आरबीआई मॉनेटरी पॉलिसी कमेटी के 6 में से 4 सदस्यों ने दरों में बदलाव न करने के पक्ष में फैसला सुनाया।
यह भी पढ़ें:- जीवन के नए क्षेत्र में कदम रखने और महत्वपूर्ण निर्णय लेने का क्षण: राज्यपाल डेका
आरबीआई गवर्नर शक्तिकांत दास (RBI Monetary Policy Meeting) ने कहा कि टिकाऊ ग्रोथ के लिए प्राइस स्टेबिलिटी जरूरी है। रेपो रेट के अलावा एमएसएफ, रिवर्स रेपो रेट और बैंक रेट को भी स्थिर रखने का ऐलान किया गया है। बताते चलें कि मौजूदा MSF 6.75%, रिवर्स रेपो रेट 3.35 प्रतिशत और बैंक रेट 6.75 प्रतिशत पर हैं। शक्तिकांत दास ने कहा कि भारतीय रिजर्व बैंक 4 प्रतिशत के महंगाई दर के लक्ष्य को प्राप्त करने की कोशिशों में जुटी हुई है। उन्होंने कहा कि मौजूदा ग्लोबल ग्रोथ आउटलुक पॉजिटिव दिख रहा है लेकिन मध्य अवधि के ग्लोबल ग्रोथ आउटलुक चुनौतिपूर्ण नजर आ रहे हैं।
नहीं बढेगी ईएमआई
रेपो दर को 6.5 फीसदी पर बरकरार रखने का मतलब है कि होम और कार लोन सहित कई तरह के कर्जों पर ब्याज दरों में बढोतरी नहीं होगी. रिजर्व बैंक ने आखिरी बार फरवरी, 2023 में रेपो रेट में बढ़ोतरी की थी. इस बढ़ोतरी के बाद रेपो रेट 6.5 फीसदी कर दी गई. इसके बाद लगातार 9 बार केंद्रीय रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समिति की बैठक हो चुकी है. बता दें कि रेपो रेट के आधार पर बैंक लोन की ब्याज दर पर फैसला लेते हैं.
मुद्रास्फीति पर फोकस
आरबीआई गवर्नर शक्तिकांत दास ने कहा कि घरेलू विकास स्थिर शहरी खपत के कारण ठीक ढंग से हो रहा है. एमपीसी का मानना है कि मुद्रास्फीति को देखते हुए मौद्रिक नीति का स्थिर रहना महत्वपूर्ण है. समिति ने सतत आर्थिक विकास को समर्थन देने के लिए मुद्रास्फीति पर प्राथमिक ध्यान बनाए रखने पर जोर दिया.
शक्तिकांत दास ने कहा कि मुद्रास्फीति धीरे-धीरे सभी अर्थव्यवस्थाओं में कम हो रही है, जबकि मध्यम अवधि के वैश्विक विकास के सामने गंभीर चुनौतियां हैं. इन सबके बावजूद, घरेलू आर्थिक गतिविधि लचीली बनी हुई है. मांग में सुधार के कारण विनिर्माण क्षेत्र में तेजी आ रही है.
जीडीपी वृद्धि दर 7.2 प्रतिशत रहने का अनुमान
शक्तिकांत दास ने कहा कि चालू वित्त वर्ष में वास्तविक जीडीपी वृद्धि दर 7.2 प्रतिशत रहने का अनुमान है. वहीं, खुदरा मुद्रास्फीति के चालू वित्त वर्ष में 4.5 प्रतिशत रहने का अनुमान है. उन्होंने कहा कि मुद्रास्फीति में खाद्य घटक अब भी चिंता का विषय है.
दूसरी तिमाही में बढ़ सकती महंगाई
RBI ने Q2FY25 के लिए मुद्रास्फीति पूर्वानुमान को बढ़ाकर 4.4% कर दिया. आरबीआई ने ऐसा खाद्य कीमतों पर जारी दबाव को देखते हुए किया है. RBI ने Q2FY25 के लिए अपने CPI मुद्रास्फीति पूर्वानुमान को 3.8% के पिछले अनुमान से बढ़ाकर 4.4% कर दिया है. चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही के महंगाई पूर्वानुमान को भी 4.6% से संशोधित कर 4.7% कर दिया गया है. वहीं चौथी तिमाही के महंगाई पूर्वानुमान को 4.5% से घटाकर 4.3% कर दिया है. रिजर्व बैंक ने वित्त वर्ष 2026 की पहली तिमाही में CPI मुद्रास्फीति 4.4% रहने का अनुमान जताया है। (RBI Monetary Policy Meeting)



