छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित जिलों के छात्रों को पढ़ाई के लिए बिना ब्याज के मिलेगा लोन: CM साय
Loan For Studies: छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित जिलों में कमजोर आर्थिक स्थिति वाले परिवारों के बच्चों को तकनीकी और व्यावसायिक उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर दिलाने के लिए ब्याज मुक्त ऋण दिया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इन जिलों में ज्यादा से ज्यादा छात्रों को ‘मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा ऋण ब्याज अनुदान योजना’ के तहत लाभान्वित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने इसके लिए विशेष अभियान चलाने कहा है। मुख्यमंत्री साय ने राज्य के अन्य जिलों के कलेक्टरों को भी कमजोर आर्थिक स्थिति वाले परिवारों के बच्चों को भी तकनीकी और व्यावसायिक उच्च शिक्षा के लिए एक प्रतिशत के ब्याज दर पर दी जा रही ऋण सुविधा का लाभ दिलाने के निर्देश भी दिए हैं।
यह भी पढ़ें:- केंद्र सरकार ने छत्तीसगढ़ को दी सौगात, केंद्रीय कैबिनेट से डबल रेल लाइन परियोजना को मिली मंजूरी
डिप्टी CM विजय शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा ऋण ब्याज अनुदान योजना के संचालन के लिए तकनीकी शिक्षा विभाग को नोडल विभाग बनाया गया है। इस योजना के अंतर्गत डिप्लोमा, स्नातक और स्नातकोत्तर स्तर के 35 तकनीकी और अन्य व्यावसायिक पाठ्यक्रमों को शामिल किया गया है। योजना में ब्याज अनुदान के लिए शिक्षा ऋण की अधिकतम सीमा रूपये 4 लाख निर्धारित है। मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा ऋण ब्याज अनुदान योजना के तहत तकनीकी शिक्षा और अन्य व्यावसायिक शिक्षा पाठ्यक्रमों में प्रवेशित ऐसे छात्रों को, जिनके परिवारों की वार्षिक आय 2 लाख से कम है, उनको मोरेटोरियम अवधि के बाद ऋण किश्तों के नियमित भुगतान की स्थिति में सिर्फ एक प्रतिशत की दर से ब्याज देय होगा। (Loan For Studies)
सीधे संबंधित बैंक में होगा भुगतान
बाकी ब्याज की राशि का भुगतान राज्य शासन द्वारा सीधे संबंधित बैंक को किया जाएगा। राज्य के नक्सल प्रभावित जिले बस्तर, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, जशपुर, उत्तर बस्तर कांकेर, कोरिया, नारायणपुर, राजनांदगांव, सरगुजा, धमतरी, महासमुंद, गरियाबंद, बालोद, सुकमा, कोंडागांव और बलरामपुर जिले के छात्रों को ब्याज मुक्त ऋण मिलेगा। इस योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए निर्धारित शर्तों में छात्र को छत्तीसगढ़ का मूल निवासी होना चाहिए। छत्तीसगढ़ राज्य में स्थापित और सक्षम प्राधिकारी (AICTE, UGC) मान्यता प्राप्त पाठ्यक्रम प्रवेशित हो। अधिकतम पारिवारिक आय रूपये 2 लाख होनी चाहिए, जो कि सक्षम अधिकारी द्वारा जारी आय प्रमाण-पत्र द्वारा प्रमाणित होनी चाहिए। योजना के अंतर्गत ब्याज अनुदान के लिए शिक्षा ऋण की अधिकतम सीमा रूपये 4 लाख है। (Loan For Studies)
इन पाठ्यक्रमों में मिलेगा लाभ
ब्याज अनुदान का लाभ लेने के लिए नियमित रूप से ऋण किश्तों का भुगतान अनिवार्य है। ड्राप ऑउट और निष्कासित छात्र इस योजना के लाभार्थी नहीं बने रहेंगे, लेकिन चिकित्सीय कारणों से एक साल की अधिकतम सीमा तक अध्ययन में रूकावट होने की दशा में पात्रता बनी रहेगी। योजना के अंतर्गत बीई/बीटेक, ME, M Tech, डी आर्क, एग्रीकल्चर इंजीनियरिंग, MCA, MBA, DE, B.P.Ed, M.P.Ed, PGDCA, B.H.M.S., B.A.M.S, B.NYS, B.N.S., B.U.M.S, V.F.SC, B.Tech Dairy, B.Agri, B.D.S, MDS, MBBS,BVSc, BSc नर्सिंग बेसिक और पोस्ट बेसिक, बी. फार्मा, एम फार्मा, डी फार्मा, डिप्लोमा इन मॉर्डन ऑफिस मेनेजमेंट, डिप्लोमा इन इंटीरियर डेकोरेशन एंड डिजाइन, डिप्लोमा इस कास्टयूम डिजाइन एंड ड्रेस मेकिंग, B.Ed, D.Ed, M.Ed, के पाठ्यक्रमों में अध्ययन के लिए योजना का लाभ लिया जा सकता है। ज्यादा जानकारी के लिए 0771-2331231 संपर्क और वेबसाइट http://www.cgdteraipur.cgstate.gov.in पर अवलोकन किया जा सकता है। (Loan For Studies)



