Bahraich Bhediya Attack : नहीं थम रहा आदमखोर भेड़ियों का आतंक, फिर 2 बच्चों पर कर दिया हमला, अब तक 09 की मौत
Bahraich Bhediya Attack : उत्तर प्रदेश के बहराइच में आदमखोर भेड़ियों का आतंक ख़त्म होने का नाम नहीं ले रहा है. सोमवार को अमावस की रात भेड़िए और खूंखार हो गए. अमावस की रात 8:00 बजे के बाद से ही भेड़िए के लोकेशन लगातार मिलने लगे, लेकिन वन विभाग की टीम भेड़िए को पकड़ने में नाकाम रही. हालांकि, प्रशासन पूरे इलाके में लगातार पेट्रोलिंग कर रहा था. फिर भी भेड़िए ने बहराइच जिले के गिरधरपुर पंढवा गांव में 6 साल की मासूम अफसाना पर हमला कर दिया. मासूम अफसाना अपनी दादी के साथ सो रही थी, तभी दबे पांव भेड़िया घर के अंदर दाखिल हुआ और हमला कर दिया. लेकिन दादी की नींद खुल गई और उन्होंने शोर मचा दिया। जिसके बाद भेड़िया वहां से भाग गया.
डॉक्टर के मुताबिक अफसाना की हालत ठीक है. अफसाना का इलाज पास के ही अस्पताल में चल रहा है. बीती रात भेड़िए के हौसले इस कदर बुलंद थे, इस बात का अंदाजा आप लगा सकते हैं कि अफसाना पर हमला ( Bahraich Bhediya Attack) करने के बाद उसके घर के ठीक पीछे वाले घर पर भी आदमखोर हमला करने के फिराक में था. लेकिन गांव वाले लगातार पहरेदारी कर रहे थे, जिसकी वजह से आदमखोर भेड़िए को भागना पड़ा.
35 गांव में भेड़ियों का आतंक
रविवार रात को भेड़िए ने एक बच्ची पर हमलाकर उसकी जान ले ली. इससे पहले भी महिला, बुजुर्ग और बच्चों को भेड़िया अपना शिकार बना चुका है. 9 लोगों की जान अब तक भेड़ियों के हमले ( Bahraich Bhediya Attack) में जा चुकी है. वन विभाग लगातार भेड़ियों को पकड़ने री कोशिश कर रहा है. अब तक 4 आदमखोर पकड़े भी जा चुके हैं लेकिन 2 भेड़िए अब भी वन विभाग की पहुंच से बाहर हैं.
दस से ज्यादा मांदें हैं आसपास के क्षेत्रों में
बहराइच जिले की महसी तहसील के करीब 100 वर्ग किलोमीटर के दायरे में 25 से 30 गांव भेड़ियों के खौफ से प्रभावित हैं। वन्य जीवों के मुताबिक भेड़ियों की संख्या बढ़ने की वजह से उन्होंने गांवों के पास जंगलों के बाहरी किनारों में मांदें बना ली हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक पहले इस तरह की मांदें नहीं होती थीं। तकरीबन तीन-चार साल पहले जब भेड़ियों की संख्या कम थी तो वे जंगलों में ही अपने लिए शिकार खोज लेते थे। लिहाजा इंसानों से उनका संघर्ष नहीं होता था। ( Bahraich Bhediya Attack)



