Google Analytics —— Meta Pixel

वंदे भारत हमारे समय की बचत का नया मापदंड करेगी स्थापित: राज्यपाल रमेन डेका

Governor on Vande Bharat: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में 6 नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों का शुभारंभ किया। गुजरात के अहमदाबाद में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने हरी झंडी दिखाकर इन ट्रेनों का शुभारंभ किया। छत्तीसगढ़ को भी दुर्ग से विशाखापट्टनम तक वंदे भारत ट्रेन की सौगात मिली है। इस अवसर पर रायपुर रेलवे स्टेशन में भी कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें राज्यपाल रमेन डेका बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह वंदे भारत एक्सप्रेस, जो औसतन 130 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलती है, दुर्ग और विशाखापट्टनम के बीच की दूरी को सिर्फ 8 घंटों में पूरा करेगी। वर्तमान में अन्य ट्रेनें इस दूरी को 11 घंटों में तय करती हैं, लेकिन वंदे भारत हमारे समय की बचत का नया मापदंड स्थापित करेगी।

यह भी पढ़ें:- स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल ने सरकारी डॉक्टरों के निजी प्रैक्टिस पर जताई नाराजगी, दिए ये सख्त निर्देश

उन्होंने कहा कि यह ट्रेन न सिर्फ हमारी यात्राओं को तेज बनाएगी, बल्कि यात्रियों के लिए आरामदायक और सुविधाजनक भी होगी। राज्यपाल डेका ने कहा कि यह गर्व का विषय है कि वंदे भारत एक्सप्रेस पूरी तरह से स्वदेशी निर्माण है। यह ‘मेक इन इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ की भावना का प्रतीक है। इससे यह स्पष्ट होता है कि हम न सिर्फ आधुनिक तकनीक को अपना रहे हैं, बल्कि इसे अपने देश में विकसित और निर्मित भी कर रहे हैं। यह तकनीकी उन्नति और भारत की आधुनिक रेल प्रणाली का शानदार उदाहरण है। राज्यपाल ने कहा कि हमारे राज्य के इतिहास में एक और स्वर्णिम अध्याय जुड़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में देश की रेल सेवाओं में आधुनिकता और गति का नया अध्याय लिखने वाली वंदे भारत ट्रेन का शुभारंभ हुआ। (Governor on Vande Bharat)

राज्यपाल ने कहा कि यह सिर्फ एक ट्रेन का उद्घाटन नहीं, बल्कि हमारे देश की प्रगति और आत्मनिर्भरता की एक सशक्त मिसाल है। राज्यपाल डेका ने कहा कि ये ट्रेनें सिर्फ तेज गति और आधुनिक सुविधाओं के लिए नहीं, बल्कि हमारे पर्यटन, व्यापार, चिकित्सा और शिक्षा के क्षेत्र में भी अभूतपूर्व योगदान देंगी। इस ट्रेन से स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी एक नई दिशा मिलेगी। रेलवे से जुड़े क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे, जिससे युवाओं को लाभ होगा साथ ही छत्तीसगढ़ और आंध्र प्रदेश के बीच आर्थिक और सामाजिक-सांस्कृतिक आदान-प्रदान को नई दिशा मिलेगी। केंद्रीय आवास और शहरी विकास राज्य मंत्री तोखन साहू ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। (Governor on Vande Bharat)

केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि यह ट्रेन छत्तीसगढ़ और आंध्रप्रदेश के बीच सेतु का काम करेगा। पहले 12 से 14 घंटे का सफर करना पड़ता था, लेकिन अब 8 घंटों में ही विशाखापट्टनम पहुंच सकते हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में रेलवे के विकास के लिए 20 हजार करोड़ रूपए से ज्यादा की राशि स्वीकृत की गई है। रायपुर के सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़, तेलंगाना और ओडिशावासियों के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन एक बड़ी सौगात है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में रेलवे का तेजी से विकास हो रहा है। कार्यक्रम से पहले राज्यपाल डेका ने वंदे भारत ट्रेन के अंदर जाकर उपस्थित यात्रियों से बातचीत की और उन्हें बधाई दी। (Governor on Vande Bharat)

Back to top button
error: Content is protected !!