Google Analytics —— Meta Pixel

स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल ने सरकारी डॉक्टरों के निजी प्रैक्टिस पर जताई नाराजगी, दिए ये सख्त निर्देश

Health Minister Jaiswal Meeting: छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने अपने शंकर नगर स्थित निवास कार्यालय में राज्य के CMHO, CS, नोडल अधिकारी और DPM की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए समीक्षा बैठक ली। इस दौरान उन्होंने सभी जिलों के CMHO को निर्देश देते हुए कहा है कि वह एक महीने के भीतर अपने जिले में संचालित निजी पैथोलॉजी सेंटर की सूची तैयार करें। उन्होंने यह निर्देशित किया कि इनमें से अनियमित पैथोलॉजी लैब को 1 साल के भीतर नियमितीकरण की प्रक्रिया पूरी कराई जाए। अगर इन पैथोलैब के पास वैध दस्तावेज नहीं हैं तो इन्हें आयुष विश्वविद्यालय से डिप्लोमा का कोर्स करने का मौका दिया जाएगा, ताकि एक साल के भीतर नियमित हो जाएं।

यह भी पढ़ें:- पूर्वजों के प्रति सम्मान, प्रेम और श्रद्धा का प्रतीक है पितृ पक्ष : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल ने शासकीय अस्पतालों में स्थित पैथोलॉजी लैब को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए, ताकि मरीजों को ज्यादा से ज्यादा लाभ मिल सके। वहीं स्वास्थ्य मंत्री ने सभी स्वास्थ्य अधिकारियों को निजी प्रैक्टिस करने की शिकायतों को लेकर हिदायत दी है। उन्होंने कहा है कि सरकारी डॉक्टरों को नियमानुसार भत्ता दिया जा रहा है। इसके बाद भी अगर डॉक्टर नियम विरुद्ध कार्य करेंगे तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। समीक्षा बैठक में स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देशित करते हुए मंत्री जायसवाल ने कहा कि अब सरकारी अस्पतालों से मरीजों को दूसरे अस्पतालों में रेफर करने के लिए ठोस कारण बताना होगा। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर रेफर करने के कारणों का रिव्यू भी किया जाएगा और यह पता लगाया जाएगा कि आखिर किन परिस्थितियों में अस्पताल ने मरीज को दूसरे अस्पताल के लिए रेफर किया। (Health Minister Jaiswal Meeting)

स्वास्थ्य मंत्री ने सभी स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वो तीन महीने के भीतर राज्य में मोदी की गारंटी के अंतर्गत 500 जन औषधि केंद्र खोलने की तैयारी पूरी कर लें, ताकि जनता को जल्दी ही सस्ती दवा उपलब्ध कराई जा सके। मंत्री जायसवाल ने स्वास्थ्य अधिकारियों से कहा कि वे मौसमी बीमारियों के संबंध में ज्यादा से ज्यादा जागरूकता फैलाने की कोशिश करें, ताकि मरीज मौसमी बीमारियों के प्रति सतर्क रहें और बीमार ना पड़े । स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल ने कहा कि मौसमी बीमारियों से संबंधित मरीज के इलाज में किसी भी तरह की कोताही नहीं होनी चाहिए। इसके लिए अस्पतालों में दवाइयों और जांच किट की पर्याप्त उपलब्धता होनी चाहिए। (Health Minister Jaiswal Meeting)

स्वास्थ्य विभाग को सजग रहने की आवश्यकता: जायसवाल

उन्होंने स्वाइन फ्लू को लेकर विशेष रूप से निर्देश देते हुए कहा स्वास्थ्य विभाग को सजग रहने की आवश्यकता है। साथ ही इसके रोकथाम के लिए पर्याप्त जांच होनी चाहिए। उन्होंने ज्यादा से ज्यादा मरीजों की पहचान करने के लिए जांच की संख्या को भी बढ़ाने के निर्देश दिए और कहा कि जांच के बाद सैंपल के आने तक का इंतजार ना करके मरीज का तुरंत ही इलाज शुरू करें। समीक्षा बैठक में डेंगू डायरिया और मलेरिया को लेकर भी समीक्षा की गई और स्वास्थ्य अधिकारियों को इन बीमारियों से निपटने के लिए उचित दिशा निर्देश जारी किए गए। बैठक में अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार पिंगुआ , MD NHM जगदीश सोनकर और MD CGMMC पद्मिनी भोई भी उपस्थित थीं। (Health Minister Jaiswal Meeting)

Back to top button
error: Content is protected !!