स्वच्छता अभियान सिर्फ सफाई तक सीमित नहीं रहना चाहिए: उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़

Vice President Dhankhar: उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने राजस्थान के झुंझुनू में बग्गर रोड पर 500 किलोवाट के सौर ऊर्जा संयंत्र का उद्घाटन किया। साथ ही RDF और खाद संयंत्र मोडा पहाड़ की आधारशिला रखी। इसके अलावा उन्होंने झुंझुनूं स्थित परमवीर पीरू सिंह शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में ‘स्वच्छता ही सेवा-2024’ अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान में PM नरेंद्र मोदी का सबसे बड़ा योगदान है, क्योंकि इसकी शुरुआत उन्होंने की थी। 15 अगस्त 2014 को लाल किले की प्राचीर से उन्होंने स्वच्छता के लिए जन भागीदारी का आह्वान किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वह उद्घोष एक दशक में दुनिया का सबसे बड़ा क्रांतिकारी कदम साबित हो गया और देश में निरंतरता से बदलाव का प्रतीक बन गया।
यह भी पढ़ें:- आज की नारी ने थल, जल, आकाश और अंतरिक्ष में धूम मचा रखी है: उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की इसी शुरुआत की वजह से लोगों की मानसिकता में क्रांतिकारी और व्यापक परिवर्तन आया है। स्वच्छता के प्रति उनकी दृष्टि बदली है। स्वच्छता अभियान से पहले देश कचरे के चक्कर में फंसा था। आज कचरा चक्रीय अर्थव्यवस्था में फंसा हुआ है। विधि की रचना भी अजीब होती है, विधि अपना खेल अपने तरीके से खेलती है और भारत की 5000 साल पुरानी संस्कृति इसकी द्योतक है। एक महापुरुष का जन्म 17 सितंबर को हुआ और दूसरे महामहापुरुष का जन्म 2 अक्टूबर को हुआ। दोनों तारीखों के बीच अंतर भी एक पखवाड़े का है। एक के जन्मदिन पर यह अभियान शुरू हुआ और दूसरे महानायक के जन्मदिन पर इसका समापन होगा, लेकिन ये कभी खत्म न होने वाली प्रक्रिया है। ये एक सतत प्रक्रिया है। (Vice President Dhankhar)
स्वच्छता अभियान सफाई तक सीमित नहीं: उपराष्ट्रपति
उपराष्ट्रपति धनखड़ ने कहा कि स्वच्छता अभियान ने शौचालय बनाकर माताओं, बहनों के जीवन से एक अभिशाप को खत्म किया है। स्वच्छता अभियान सिर्फ सफाई तक सीमित नहीं रहना चाहिए। यह हमारे विचारों और आदतों में बदलाव लाएगा, जीवन शैली को सकारात्मक रूप से प्रभावित करेगा और आर्थिक उन्नति के लिए महत्वपूर्ण योगदान देगा। आइए हम संकल्प लें कि स्वच्छता को अपने स्वभाव से जोड़ें, संस्कार से जोड़ें, संस्कृति से जोड़ें क्योंकि यह हमारी सांस्कृतिक विरासत है। स्वच्छता अभियान सफाई तक सीमित नहीं है। यह हमारे आचार-विचार में बदलाव लाएगा, जीवन शैली को सकारात्मक बनाएगा और आर्थिक उन्नति में योगदान देगा। स्वच्छताः सर्वधनं, स्वच्छताः सर्वरोगहरम्। स्वच्छताः सर्वसुखदं, स्वच्छताः सर्वलक्षणम्। मतलब स्वच्छता ही सारा धन है, स्वच्छता ही सभी रोगों का इलाज है। स्वच्छता ही सर्व सुख है। साथ ही स्वच्छता ही हर तरह के लक्षण को दर्शाता है। (Vice President Dhankhar)



