Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ के युवा उद्यमियों ने जाना स्टार्टअप कैसे है लगाना, आप भी जानें

Tricks of Startup: छत्तीसगढ़ में कृषि और उससे जुड़े क्षेत्रों पर आधारित नवीन स्टार्टअप स्थापित करने के लिए इच्छुक उद्यमियों समेत नवाचारी युवाओं को सफल स्टार्टअप के गुर सिखाने के लिए बायोटेक प्रमोशन सोसायटी की ओर से कार्यशाला का आयोजन किया गया। रायपुर के सुभाष चंद्र बोस इन्क्यूबेशन सेंटर में आयोजित दो दिवसीय कार्यशाला का समापन हुआ। इस कार्यशाला में देश के विख्यात स्टार्टअप विशेषज्ञों ने नवाचारी स्टार्टअप स्थापित करने की रणनीति, संभावनाओं, शासकीय नीतियों, स्टार्टअप स्थापित करने के लिए उपलब्ध सुविधाओं और अनुदान समेत स्टार्टअप स्थापित करने में आने वाली कठिनाइयों के साथ ही चुनौतियों के बारे में प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया।

यह भी पढ़ें:- नियम विरूद्ध काम करना पड़ा भारी, इस मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल पर 31 लाख 32 हजार का जुर्माना

कार्यशाला में छत्तीसगढ़ के विभिन्न विश्वविद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों में स्थापित इन्क्यूबेशन सेन्टर्स के प्रतिनिधि, स्टार्टअप संचालक, नवीन उद्यमी समेत स्टूडेंट्स शामिल हुए। कार्यशाला के समापन समारोह को संबोधित करते हुए कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ में कृषि आधारित स्टार्टअप विशेषकर बायोटेक और फूड प्रोसेसिंग स्टार्टअप की व्यापक संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में प्रतिभाओं की कमी भी नहीं है और यहां के कई नवाचारी युवा उद्यमियों ने स्टार्टअप्स स्थापित किए हैं। इनमें से कुछ स्टार्टअप काफी सफल भी हुए हैं। डॉ. चंदेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ बायोटेक प्रमोशन सोसायटी और सुभाष चंद्र बोस इन्क्यूबेशन सेंटर की ओर से छत्तीसगढ़ में कृषि आधारित बायोटेक स्टार्टअप्स स्थापित करने के लिए युवाओं को प्रोत्साहन और मार्गदर्शन दिया जा रहा है। (Tricks of Startup)

इन्क्यूबेशन सेंटर में स्टार्टअप स्थापित करने के इच्छुक उद्यमियों को वर्किंग स्पेस, गाइडेन्स, लैब सुविधाएं, टेस्टिंग सुविधाएं, इंटर्नशिप प्रदान कर उन्हें स्टार्टअप स्थपित करने में सहयोग दिया जा रहा है। समारोह को संबोधित करते हुए छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम के प्रबंध संचालक विश्वेश कुमार ने कहा कि 1 नवंबर 2024 से क्रियान्वित होने वाली छत्तीसगढ़ की नवीन उद्योग नीति 2024-2029 में कृषि, उद्यानिकी, खाद्य प्रसंस्करण, वनोपज, ऑटोमोबाईल्स, जेम एंड ज्वेलरी क्षेत्रों को थ्रस्ट सेक्टर के रूप में चिन्हित किया गया है और इनकों बढ़ावा देने के लिए विशेष ध्यान दिया जा रहा है। (Tricks of Startup)

उन्होंने कहा कि नई उद्योग नीति में स्टार्टअप्स स्थापित करने वाले उद्यमियों को भी कई सुविधाएं, अनुदान और रियायते देने का प्रावधान किया गया है, जिसमें स्टार्टअप स्थापित करने के लिए भूमि क्रय करने से लेकर प्रोजेक्ट रिपोर्ट निर्माण, उत्पादन और विपणन तक के लिए फंडिंग और सबसिडी दी जाएगी। कार्यशाला को भारतीय लघु उद्योग विकास बैंक (सिडबी) की छत्तीसगढ़ में उप महाप्रबंधक सुश्री श्वेता पाण्डेय ने भी संबोधित किया और स्टार्टअप स्थापना के लिए उनके बैंक द्वारा दी जाने वाली वित्तीय सुविधाओं और ऋण आदि के बारे में जानकारी दी। IIIT-B. इनोवेशन सेंटर बेंगलुरु की मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. लक्ष्मी जगन्नाथन ने भी प्रतिभागियों को स्टार्टअप स्थापना के विभिन्न पहलुओं के बारे में मार्गदर्शन दिया। (Tricks of Startup)

कार्यशाला में देश के प्रख्यात स्टार्टअप्स विशेषज्ञ चंदन कृष्णन, वैकुंठ प्रसाद, सौरभ चौबे, और सोनाली झा ने प्रतिभागियों को देश में स्टार्टअप का परिदृश्य, उद्यमिता विकास, विभिन्न इन्क्यूबेशन सेंटर्स की ओर से दी जाने वाली सुविधाओं, अनुदान, शासकीय नीतियों और प्रावधानों, वित्तीय प्रबंधन के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आज देश में एक हजार से ज्यादा सफल स्टार्टअप संचालित किए जा रहे हैं, जिनमें से 64 प्रतिशत स्टार्टअप टायर-2 और टायर-3 शहरों में संचालित हैं। I.G.K.V. राबी इन्क्यूबेशन सेन्टर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. हुलास पाठक ने बताया कि उनके केंद्र की ओर से 364 स्टार्टअप को इन्क्यूबेट किया गया है, जिनमें से 100 से ज्यादा स्टार्टअप्स को 10.84 करोड़ की वित्तीय सहायता प्राप्त हुई है। इन स्टार्टअप्स से 900 से ज्यादा कृषि उत्पाद बाजार में लाए गए हैं और इन स्टार्टअप्स के माध्यम से लगभग 5 हजार लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार प्राप्त हुआ है। (Tricks of Startup)

Back to top button
error: Content is protected !!