छत्तीसगढ़ की महिलाओं को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की सौगात, महतारी वंदन योजना की किश्त जारी

Mahtari Vandan Yojana Kist: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रायपुर के पुरखौती मुक्तांगन में आयोजित कार्यक्रम में साय सरकार की महतारी वंदन योजना की किश्त का अंतरण किया। इस योजना के तहत दीवाली से पहले राज्य की 69 लाख 68 हजार लाभार्थी महिलाओं के बैंक खाते में एक-एक हजार रुपए के मान से कुल 651 करोड़ 37 लाख रुपए की राशि ऑनलाइन ट्रांसफर की गई। योजना के तहत अब तक राज्य की महिलाओं को कुल 5878 करोड़ 37 लाख रुपए की आर्थिक सहायता दी जा चुकी है।
यह भी पढ़ें:- ACB Raid in Chhattisgarh : जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में ACB का छापा, रिश्वत लेते अधिकारी को किया गिरफ्तार
इस अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, डिप्टी CM अरुण साव, केंद्रीय आवास और शहरी विकास राज्य मंत्री तोखन साहू, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक खुशवंत साहेब और रोहित साहू उपस्थित थे। राष्ट्रपति मुर्मू ने इस मौके पर महतारी वंदन योजना के हितग्राही ममता कश्यप और सत्यवती ध्रुव से इस योजना के लाभ के बारे में चर्चा की। महतारी वंदन योजना के राशि वितरण के इस कार्यक्रम में भाग लेने के लिए राज्य के विभिन्न जिलों जैसे रायपुर, धमतरी, गरियाबंद, बस्तर और सरगुजा से पारंपरिक वेशभूषा में लगभग 120 महिलाएं आई थीं। (Mahtari Vandan Yojana Kist)

राष्ट्रपति मुर्मू से बातचीत के दौरान ममता कश्यप और सत्यवती ध्रुव ने बताया कि महतारी वंदन योजना से मिली राशि से वो अपने बच्चों को लिए राशन खरीदने के साथ ही उनकी जरूरत का अन्य सामान खरीदने के लिए उपयोग करती है। राष्ट्रपति मुर्मू ने उन्हें शासन की ओर से मिलने वाली मदद का लाभ उठाकर अपने बच्चों को खूब पढ़ाने-लिखाने और उन्हें अफसर बनाने की बात कही। उन्होंने कहा कि जब बच्चे पढ़ेंगे, तभी परिवार और समाज आगे बढ़ेगा। गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ सरकार की महतारी वंदन योजना का शुभारंभ एक मार्च 2024 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था, जिसका उद्देश्य महिलाओं के स्वास्थ्य, पोषण, आर्थिक स्वावलंबन और सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है। इसके अंतर्गत 21 साल से ज्यादा आयु की पात्र विवाहित महिलाओं को एक-एक हजार रुपए की मासिक आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। (Mahtari Vandan Yojana Kist)
राष्ट्रपति से संवाद कर अभिभूत हुई ममता
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से बात करना मेरे जीवन के सबसे अनमोल क्षणों में से एक है। मुझे देश की प्रथम महिला से बात करने का अवसर मिला, यह मेरा सौभाग्य है। ये कहना है बस्तर से पहुंची ममता कश्यप का। ममता बस्तर क्षेत्र की एक आदिवासी महिला है और महतारी वंदन योजना की हितग्राही है। उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना से मुझे आर्थिक सुरक्षा का अहसास होता है। हर महीने मुझे मोबाइल में नोटिफिकेशन का इंतजार रहता है। इस बार मिली राशि से मैं दीवाली में बच्चों के लिए कपड़े और मिठाई खरीदूंगी। उन्होंने कहा कि मेरा बेटा कक्षा नवमी में पढ़ता है। मैं इस राशि का उपयोग उसकी ट्यूशन फीस देने मे करती हूं। (Mahtari Vandan Yojana Kist)

उन्होंने बताया कि मेरे परिवार मे कुल पांच लोग है। दो एकड़ खेती है। रोजी मजदूरी के साथ जीवन चल रहा है। ऐसे मे महतारी वंदन योजना से हर महीने एक हजार रूपए मिलना, बहुत ही सुखद और राहत देने वाला होता है। उन्होंने महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक मदद देने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार का धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम में मुख्य सचिव अमिताभ जैन, पुलिस महानिदेशक अशोक जुनेजा, प्रमुख सचिव आदिम जाति एवं कल्याण विभाग सोनमणि बोरा और प्रमुख सचिव संस्कृति अन्बलगन पी., मुख्यमंत्री के सचिव पी. दयानन्द, आयुक्त आदिवासी विकास नरेंद्र दुग्गा, संचालक पुरातत्व और संस्कृति विवेक आचार्य भी उपस्थित थे। (Mahtari Vandan Yojana Kist)



