प्रधानमंत्री मोदी ने पूरा किया वादा, अब 70 वर्ष से अधिक उम्र के हर बुजुर्गों को मिलेगा मुफ्त इलाज, पढ़े पूरी खबर
Ayushman Bharat Yojana : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को अपनी सरकार की प्रमुख स्वास्थ्य बीमा योजना आयुष्मान भारत का विस्तार 70 वर्ष और उससे अधिक आयु के सभी वरिष्ठ नागरिकों के लिए किया। प्रधानमंत्री मोदी ने मंगलवार को दिल्ली में एक कार्यक्रम में कहा कि 70 वर्ष से अधिक आयु के लोगों को अस्पतालों में मुफ्त इलाज मिलेगा। उन्हें ‘आयुष्मान वय वंदना’ कार्ड दिया जाएगा। इस योजना का लाभ उठाने के इच्छुक बुज़ुर्ग व्यक्ति के पास आयुष्मान वय वंदना कार्ड होना चाहिए।
हालांकि, प्रधानमंत्री ने कहा कि दिल्ली और बंगाल के बुज़ुर्ग आयुष्मान भारत (Ayushman Bharat Yojana ) से लाभ नहीं उठा पाएंगे क्योंकि उनकी सरकारें राजनीतिक कारणों से इसे लागू नहीं कर रही हैं। उन्होंने कहा कि मैं दिल्ली और पश्चिम बंगाल के 70 वर्ष से अधिक आयु के सभी बुजुर्गों से माफ़ी मांगता हूं कि मैं उनकी सेवा नहीं कर सकता। मैं आपके दुख-दर्द के बारे में जानना चाहता हूं, लेकिन मैं आपकी मदद नहीं कर पाऊंगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार को अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान (एआईआईए), नई दिल्ली में लगभग 12,850 करोड़ रुपये की लागत वाली स्वास्थ्य क्षेत्र से संबंधित कई परियोजनाओं का शुभारंभ, उद्घाटन और शिलान्यास करने के लिए दिल्ली में थे।
प्रधानमंत्री मोदी ने “प्रमुख योजना आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (पीएम-जेएवाई) (Ayushman Bharat Yojana )के एक बड़े हिस्से के रूप में, 70 वर्ष और उससे अधिक आयु के सभी वरिष्ठ नागरिकों के लिए स्वास्थ्य कवरेज के विस्तार की शुरुआत की।” एक सरकारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है, “इससे सभी वरिष्ठ नागरिकों को उनकी आय की परवाह किए बिना स्वास्थ्य कवरेज प्रदान करने में मदद मिलेगी।” इस राष्ट्रीय स्वास्थ्य योजना का उद्देश्य अस्पताल में भर्ती होने के खर्च के लिए 5 लाख रुपये तक का व्यापक कवरेज प्रदान करना है।
पीएम मोदी ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना से करीब 4 करोड़ लोगों को फायदा हुआ है। उन्होंने कहा, “हमारी सरकार ने गरीबों के लिए 5 लाख रुपये तक के इलाज का खर्च उठाने का अहम फैसला किया है।” मंगलवार के कार्यक्रम में पीएम मोदी ने लाभार्थियों को आयुष्मान वय वंदना कार्ड भी सौंपा।
केंद्र सरकार ने स्वास्थ्य नीति के पांच स्तंभ तय किए हैं
अपने संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने आगे कि जिस देश के नागरिक जितने स्वस्थ होंगे, उस देश के प्रगति की गति भी तेज होगी, इस सोच के साथ अपने नागरिकों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए केंद्र सरकार ने स्वास्थ्य नीति के पांच स्तंभ तय किए हैं-
प्रिवेंटिव हेल्थकेयर यानी बीमारी होने से पहले का बचाव
समय पर बीमारी की जांच,
मुफ्त और सस्ता इलाज, सस्ती दवाएं,
छोटे शहरों में अच्छा इलाज और डॉक्टरों की कमी दूर करना
स्वास्थ्य सेवा में टेक्नॉलॉजी का विस्तार



