Attack On Brampton Hindu Temple : भारत ने दिखाई आंख तो हरकत में आई कनाडा सरकार, पुलिस अफसर सस्पेंड, 3 अरेस्ट, पढ़े पूरी खबर
Attack On Brampton Hindu Temple : कनाडा में भारत के खिलाफ खालिस्तान समर्थन को बढ़ावा देने को लेकर कई बार आलोचनाओं का सामना कर चुके प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो की एक बार फिर दुनिया के सामने किरकिरी हो गई. बीते दिनों कनाडा में एक मंदिर के बाहर हिंदू श्रद्धालुओं के साथ कुछ खालिस्तानी समर्थकों ने मारपीट की, जिसमें ट्रूडो सरकार की पुलिस का एक ऑफिसर भी था. सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिंदुओं पर हुए हमले की निंदा करते हुए कनाडा सरकार को सनातनियों की उचित सुरक्षा व्यवस्था कराने की बात कही. अब भारत से लगी फटकार के बाद ट्रूडो सरकार ने भी हिंदुओं को निशाना बनाने वाले पुलिस ऑफिसर के खिलाफ एक्शन लिया है.
पुलिस ऑफिसर पर गिरी गाज
सीबीसी की एक रिपोर्ट में अधिकारियों के हवाले से कहा गया है कि ब्रैम्पटन में एक हिंदू मंदिर के बाहर खालिस्तान समर्थक विरोध प्रदर्शन में भाग लेने के लिए एक कनाडाई पुलिसकर्मी को निलंबित कर दिया गया है. सस्पेंड किए गए पुलिस ऑफिसर की पहचान हरिंदर सोही के रूप में हुई है, जो कैमरे में खालिस्तान का झंडा पकड़े हुए रिकॉर्ड हुआ. इतना ही नहीं, कथित तौर पर उस पर हिंदू श्रद्धालुओं के साथ मारपीट का भी आरोप है. वीडियो में हरिंदर सोही विरोध प्रदर्शन में भारत विरोधी नारे लगाता भी दिखाई दे रहा है.(Attack On Brampton Hindu Temple)
वीडियो में खालिस्तानी झंडा पकड़े दिखा हरिंदर
पील रीजनल पुलिस ऑफिसर ने कहा कि उन्हें वो वीडियो मिला है, जिसमें ऑफ-ड्यूटी अधिकारी हरिंदर को सक्रिय रूप से प्रदर्शन में भाग लेते दिखाया गया था. ऑफिसर रिचर्ड चिन ने बताया, ‘इस (हरिंदर सोही) अधिकारी को सामुदायिक सुरक्षा और पुलिसिंग अधिनियम के अनुसार निलंबित कर दिया गया है.’ उन्होंने यह भी कहा कि विभाग इस घटना से जुड़ी परिस्थितियों की जांच कर रहा है और जांच पूरी होने के बाद आगे की जानकारी साझा करेगा. आपको बता दें कि रविवार को खालिस्तानी तत्वों द्वारा ब्रैम्पटन में हिंदू सभा मंदिर पर हमले को लेकर चल रहे हंगामे के बीच यह घटनाक्रम सामने आया है.
वहीं, पील क्षेत्रीय पुलिस ने सोमवार को कहा कि पूजा स्थल पर विरोध प्रदर्शन के सिलसिले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है. उन पर कथित अपराधों में हथियार से हमला करना और एक पुलिस अधिकारी पर हमला करने जैसे आरोप लगाए गए हैं. एक दिन पहले, पील क्षेत्रीय पुलिस ने कहा था कि जांचकर्ताओं ने ब्रैम्पटन और मिसिसॉगा में विरोध प्रदर्शन से संबंधित चार लोगों को गिरफ्तार किया है और उनमें 43 वर्षीय दिलप्रीत सिंह बौंस, 23 वर्षीय विकास और 31 वर्षीय अमृतपाल सिंह शामिल हैं.
पीएम मोदी ने कनाडा सरकार की आलोचना की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टोरंटो के पास हिंदू सभा मंदिर के बाहर रविवार को हुए हमले की निंदा की. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर लिखा, “मैं कनाडा में एक हिंदू मंदिर पर जानबूझकर किए गए हमले की कड़ी निंदा करता हूं. हमारे राजनयिकों को डराने के लिए किए गए कायराना प्रयास भी उतने ही भयावह हैं. हिंसा के ऐसे कृत्य भारत के संकल्प को कभी कमजोर नहीं करेंगे. हम उम्मीद करते हैं कि कनाडा सरकार न्याय सुनिश्चित करेगी और कानून के शासन को बनाए रखेगी।(Attack On Brampton Hindu Temple)



