ऑटो और ट्रक के बीच जबरदस्त टक्कर, हादसे में 6 महिलाओं समेत 10 लोगों की मौत

Road Accident in Hardoi: उत्तरप्रदेश के हरदोई में भीषण सड़क हादसा हुआ है, जहां ऑटो और ट्रक की टक्कर में 6 महिलाओं समेत 10 लोगों की मौत हो गई। जबकि 5 लोग घायल हुए हैं। हरदोई के पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन ने बताया कि घायलों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने कहा कि प्रत्यक्षदर्शियों से पता चला है कि एक मोटरसाइकल को बचाते हुए यह टक्कर हुई। मृतकों में मां-बेटी समेत 2 बच्चे शामिल हैं। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो उछलकर दूर जा गिरा, जिसकी छत पूरी तरह उड़ गई।
यह भी पढ़ें:- मोदी भारत के प्रधानमंत्री तो फिर घुसपैठिए देश के अंदर आए कैसे?: कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे
हादसे के बाद ऑटो में सवार लोगों की लाशें सड़क पर बिखर गई थी। हादसा बिलग्राम थाना क्षेत्र के रोशनपुर गांव के पास हुआ है। पुलिस के मुताबिक ऑटो बिलग्राम की तरफ जा रहा था। तभी अचानक बेकाबू होकर सड़क पर पलट गया। इस बीच सामने से आ रहे ट्रक ने ऑटो सवार लोगों को रौंद दिया। घटना के बाद ट्रक ड्राइवर मौके से फरार हो गया। जानकारी के मुताबिक हादसे में 7 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि 8 घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जिनमें से 3 लोगों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं 5 लोगों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। ऑटो में 15 लोग सवार थे। (Road Accident in Hardoi)
CM योगी आदित्यनाथ ने जताया दुख
वहीं हादसे को लेकर UP के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुख जताया है। उन्होंने कहा कि जनपद हरदोई में एक सड़क दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुखद और हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। जिला प्रशासन के अधिकारियों को राहत कार्यों को तेजी से संचालित करने और घायलों को समुचित उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्रभु श्रीराम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान और घायलों को जल्द स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें। (Road Accident in Hardoi)
2 दिन पहले उत्तराखंड में 36 लोगों की हुई थी मौत
बता दें कि 2 दिन पहले उत्तराखंड के अल्मोड़ा में बड़ा सड़क हादसा हुआ था, जहां एक यात्री बस 150 फीट गहरी खाई में गिर गई, जिसमें सवार 36 लोगों की मौत हो गई थी। हादसा अल्मोड़ा में मार्चुला के पास हुआ था। बस में 42 यात्री सवार थे। कुमाऊं मंडल के आयुक्त दीपक रावत ने बताया था कि बस नदी से करीब 10 फीट पहले पेड़ में फंसकर रुक गई। खाई में गिरने के दौरान झटके से कई यात्री खिड़कियों से बाहर जा गिरे। बस किनाथ से रामनगर जा रही थी। CM पुष्कर सिंह धामी ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख और घायलों को 1-1 लाख रुपए की सहायता राशि देने का ऐलान किया था। आयुक्त कुमाऊं मंडल को घटना की मजिस्ट्रेट जांच के निर्देश दिए थे। वहीं पौड़ी और अल्मोड़ा के ARTO प्रवर्तन को सस्पेंड कर दिया था। (Road Accident in Hardoi)



