आतंकवाद और आतंकवादियों की कोई सीमा नहीं होती: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह

HM Shah on Terrorism: केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने नई दिल्ली में राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (National Investigation Agency), गृह मंत्रालय की ओर से आयोजित दो दिवसीय ‘आतंकवाद विरोधी सम्मेलन-2024’ के उद्घाटन सत्र को संबोधित किया। इस दौरान गृहमंत्री ने NIA के ध्येय वाक्य (Motto) का अनावरण, UAPA मामलों की जांच के लिए SOP का विमोचन और NIA के 11 पदक विजेताओं को अलंकृत किया। इस मौके पर केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन, आसूचना ब्यूरो (IB) के निदेशक तपन डेका, राष्ट्रीय सुरक्षा उप-सलाहकार पंकज सिंह और NIA के महानिदेशक सदानंद वसंत दाते समेत कई लोग उपस्थित थे।
यह भी पढ़ें:- आज बलौदाबाजार में 2100 हितग्राहियों को PM आवास का स्वीकृति पत्र सौंपेंगे CM साय, करोड़ों के विकासकार्यों की देंगे सौगात
सम्मेलन में राज्यों-केंद्रशासित प्रदेशों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, आतंकवाद-रोधी मुद्दों से संबंधित केन्द्रीय एजेंसियों-विभागों के अधिकारी और कानून, फॉरेंसिक, प्रौद्योगिकी जैसे संबंधित क्षेत्रों के विशेषज्ञों ने भाग लिया। सम्मलेन को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि NIA सिर्फ एक जांच एजेंसी नहीं है, बल्कि इसके तत्वावधान में देशभर की आतंकवाद विरोधी गतिविधियों का संकलन और संवर्धन होना चाहिए। साथ ही ऐसे उपाय करना चाहिए, ताकि जांच एजेंसी कोर्ट में मजबूती से अपना पक्ष रखे और आतंकवाद निरोधक तंत्र मजबूत बने। शाह ने कहा कि 11 पदक विजेताओं को भी सम्मानित किया गया है। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद के 75 सालों में देश की सुरक्षा को बनाए रखने के लिए अब तक 36,468 पुलिसकर्मियों ने आतंरिक सुरक्षा और सीमाओं की सुरक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है। (HM Shah on Terrorism)

नीति और रणनीति लेकर आएंगे: शाह
केंद्रीय गृहमंत्री शाह ने कहा कि साल 2014 में नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद पिछले 10 सालों में भारत सरकार ने आतंकवाद के खिलाफ ठोस रणनीति अपनाई है। प्रधानमंत्री मोदी के सूत्र वाक्य आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस को आज न सिर्फ भारत बल्कि पूरे विश्व ने स्वीकारा है। उन्होंने कहा कि भारत में पिछले 10 साल में आतंकवाद से मुकाबले के लिए एक मजबूत ‘इकोसिस्टम’ का निर्माण हुआ है। गृहमंत्री ने कहा कि हालांकि अभी काफी कुछ किया जाना बाकी है, लेकिन अगर 10 साल के कामकाज को देखें तो इसे संतोषजनक कहा जा सकता है। उन्होंने कहा कि आतंकवाद, आतंकवादी और इसके पूरे इकोसिस्टम से लड़ने के लिए गृह मंत्रालय जल्द ही एक राष्ट्रीय आतंकवाद-विरोधी नीति और रणनीति लेकर आएगा। (HM Shah on Terrorism)
आतंकवाद की कोई सीमा नहीं होती: शाह
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि राज्यों की अपनी भौगोलिक और संवैधानिक सीमाएं हैं, लेकिन आतंकवाद और आतंकवादियों की कोई सीमा नहीं है। उन्होंने कहा कि आतंकवादी अंतरराष्ट्रीय और अंतरराज्यीय, दोनों तरह के षड्यंत्र करते हैं और हमें इसके खिलाफ अगर सटीक रणनीति बनानी है तो ऐसे सम्मेलनों की मदद से एक मजबूत तंत्र बनाना होगा, ताकि आतंकवाद, नारकोटिक्स और हवाला सहित ऐसी सभी गतिविधियों पर लगाम लगा सके, जो देश की सीमाओं और अर्थतंत्र को खतरे में डालती हों। उन्होंने भरोसा जताया कि यह सम्मलेन सिर्फ चर्चा का प्लेटफार्म नहीं बनेगा, बल्कि इससे अमल में लाए जाने वाले बिंदु सामने आएंगे, जो आतंकवाद के खिलाफ हमारी लड़ाई को और मजबूत करेंगे। गृहमंत्री ने यह भी कहा कि ऐसे सम्मलेन की उपयोगिता तभी है जब कार्रवाई योग्य बिंदु को हम थाने और बीट स्तर तक ले जाएं और बीट से लेकर NIA के DG तक पूरे तंत्र को आतंकवाद के खतरों के बारे में जागरूक करने में सफल हों। (HM Shah on Terrorism)




