Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ में 15 से 26 नवंबर तक होगा विशेष ग्राम सभा का आयोजन, इन मुद्दों को लेकर होगी चर्चा

Special Gram Sabha: भगवान बिरसा मुंडा की जयंती ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के अवसर पर 15 नवंबर को राजधानी रायपुर में राज्य स्तरीय समारोह का आयोजन किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जमुई बिहार से वर्चुअल रूप से जुड़कर इस समारोह का शुभारंभ करेंगे। साथ ही PM जनमन योजना में शामिल जिलों के हितग्राहियों से चर्चा भी करेंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल पर राजधानी रायपुर के अलावा राज्य के सभी जिला मुख्यालयों में भी एक दिवसीय गौरव दिवस का आयोजन किया जाएगा। आदिम जाति विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने बताया कि जनजातीय गौरव दिवस के शुभारंभ कार्यक्रम का लाइव प्रसारण PM जनमन योजना में शामिल जिलों में दो तरफा संवाद (Two Way Connectivity) और बचे जिलों में सिर्फ प्रसारण की व्यवस्था की जा रही है।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस का होगा आयोजन, PM नरेंद्र मोदी करेंगे कार्यक्रम का शुभारंभ

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जमुई, बिहार से गौरव दिवस का शुभारंभ कर संबोधित करेंगे। इस मौके पर आयोजित होने वाली कार्यक्रमों में केंद्र और राज्य के मंत्री, सांसद, विधायक और पंचायत प्रतिनिधि, जनजातीय परिवार के सदस्यों को आमंत्रित किया जाएगा। साथ ही ज्यादा से ज्यादा लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने कहा गया है। जनजातीय गौरव दिवस के आयोजन में स्थानीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का सम्मान और उनके वंशजों को सम्मानित किया जाएगा। PM जनमन और ‘धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान’ के तहत ग्राम स्तर, विकासखंड स्तर और जिला स्तर पर योजनाओं का प्रचार-प्रसार के साथ ही 15 से 26 नवंबर 2024 तक सभी चिन्हांकित ग्रामों में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया जाएगा। इस मौके पर आयोजित होने वाली विशेष ग्राम सभा में वन अधिकार अधिनियम, पेसा अधिनियम, सतत् विकास लक्ष्य का पंचायत स्तर पर स्थानीयकरण और गौरवशाली जनजातीय इतिहास के बारे में चर्चा की जाएगी। (Special Gram Sabha)

स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का होगा आयोजन

जनजातीय गौरव दिवस के मौके पर जिला स्तर, विकासखंड स्तर और छात्रावास-आश्रमों और प्रमुख स्थानों पर निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया जाएगा। आश्रम, छात्रावास, एकलव्य विद्यालय के छात्र-छात्राओं के बीच खेलकूद, निबंध, वाद-विवाद, प्रश्नोत्तरी, छात्रवृत्ति संबंधी जागरूकता, कैरियर काउंसलिंग, चित्रकारी भाषा और जागरूकता रैली का आयोजन भी होगा। जनजातीय गौरव दिवस के मौके पर 15 से 26 नवंबर तक की अवधि में सुविधानुसार अलग-अलग दिनों में जिला स्तर पर सामाजिक, आर्थिक विकास, आजीविका, उद्यमिता, कला-संस्कृति और धरोहर, शिक्षा- कौशल विकास, स्वास्थ्य और जीवन शैली पर संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। साथ ही अलग-अलग विभागों की ओर से स्वीकृत गतिविधियों में जन जागरूकता शिविर और विकास प्रदर्शनी लगाने के भी निर्देश प्रमुख सचिव ने दिए हैं। (Special Gram Sabha)

Back to top button
error: Content is protected !!