खड़े ट्रक में घुसी तेज रफ्तार कार, हादसे में 5 लोगों की मौत, पढ़ें पूरी खबर

Road Accident in Noida: उत्तरप्रदेश के ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा हुआ है, जहां एक तेज रफ्तार कार सुबह-सुबह खड़े ट्रक में पीछे से घुस गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि कार के आगे का पूरा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, जिसकी वजह से कार में सवार सभी लोग अंदर ही फंस गए और उनकी मौत हो गई। इस हादसे में तीन महिलाओं समेत पांच लोगों की मौत हुई है, जो निठारी अस्पताल से दादरी थाना क्षेत्र के काशीराम कॉलोनी जा रहे थे। पुलिस के मुताबिक थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र के अंतर्गत सुबह करीब 6 बजे कार में 5 लोग निकले थे, जो नोएडा की तरफ से परी चौक होते हुए अपने घर काशीराम कॉलोनी घोड़ी बछेड़ी जा रहे थे।
यह भी पढ़ें:- कार्डियक अरेस्ट के केस में सही समय पर CPR देने से बच सकती है जान: डॉ. प्रतिभा जैन शाह
इस बीच कार सेक्टर-146 मेट्रो स्टेशन के पास रोड के किनारे खड़े खराब ट्रक पीछे से टकरा गई, जिसमें सवार सभी की मौत हो गई। सूचना मिलते ही नॉलेज पार्क पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची, जिन्होंने सभी को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर्स ने भी सभी को मृत घोषित कर दिया। जानकारी के मुताबिक मौके पर सिर्फ कार चालक की मौत हुई थी, बाकि लोगों की मौत अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में हुई। मृतकों में अमन, देवी सिंह, राजकुमारी, विमलेश और कमलेश शामिल हैं। बता दें कि कल फिरोजाबाद में भीषण सड़क हादसा हुआ था, जहां एक मिनी बस सड़क किनारे खड़े डंपर से टकरा गई थी। (Road Accident in Noida)
6 नवंबर को 11 लोगों की हुई थी मौत
हादसे में महिला समेत एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत हो गई। जबकि 23 घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक मिनी बस में सवार सभी लोग एक ही परिवार के हैं, जो मथुरा से मुंडन कराकर लखनऊ लौट रहे थे। हादसे में मुंडन करवाने वाले बच्चे के पिता, दादा और दादी की मौत हो गई है। जबकि बच्चा उसकी मां और बहन घायल हुए हैं। 6 नवंबर को UP के हरदोई में ट्रक ने ऑटो को रौंद दिया था, जिसमें 11 लोगों की मौत हो गई थी। जबकि 4 गंभीर रूप से घायल हैं। मृतकों में मां, बेटा और बेटी भी शामिल हैं। (Road Accident in Noida)



