सरकार गली-गली तक शराब पहुंचाने में लगी: PCC चीफ दीपक बैज
Baij on Sai Sarkar: छत्तीसगढ़ के आबकारी विभाग की ओर से शराब प्रेमियों के लिए लॉन्च की गई मनपसंद एप को लेकर प्रदेश में सियासत जारी है। PCC चीफ दीपक बैज ने कहा कि सरकार ने शराब के लिए एप जारी किया, जिसमें छत्तीसगढ़ के किस कोने में कौन सी दुकान में कौन सी ब्रांड की शराब होगी ये जानकारी मिलेगी। बैज ने कहा कि मैं सरकार से पूछना चाहता हूं आज स्कूलों में चॉक-डस्टर तक नहीं है। कई स्कूल में शिक्षक भी नहीं है। आत्मानंद स्कूल पूरी तरह से चौपट हो चुका है। हमारी सरकार ने गरीब बच्चों के लिए अंग्रेजी स्कूल की सुविधा उपलब्ध कराई थी। इस सरकार ने पूरी तरह से चौपट कर दिया है। इन सारी चीजों के लिए सरकार एप क्यों नहीं बना रही है।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ सरकार की ‘मनपसंद एप’ को लेकर सियासत तेज, पूर्व CM भूपेश बघेल ने बोला जमकर हमला
PCC चीफ ने कहा कि शराब के लिए एप बनाकर सरकार जनता को लूटने का काम कर रही है। अभी तक इस सरकार ने शिक्षा मंत्री तक नहीं बनाया है। शिक्षा के क्षेत्र में उन्होंने कोई काम नहीं किया। ये सरकार रेस्टोरेंट से लेकर हर जगह पर शराब परोसने का काम कर रही है। बैज ने कहा कि सरकार गली-मोहल्ले में शराब पहुंचाने का काम कर रही है। शिक्षा के क्षेत्र में यह सरकार युवाओं की भविष्य से खिलवाड़ कर रही है। दूसरी तरफ छत्तीसगढ़ के युवा और लोगों को शराब के माध्यम से लूटने का काम कर रही है। कांग्रेस पार्टी इसका विरोध करती है। इन लोगों के संतरी से लेकर प्रधानमंत्री तक चुनाव में शराबबंदी की बात कह रहे थे, लेकिन सरकार अब गली-गली तक शराब क्यों पहुंचाने में लगी है। (Baij on Sai Sarkar)
पूर्व CM ने भी सरकार को घेरा
कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय ठाकुर ने भी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि भाजपा नहीं चाहती नशा मुक्ति हो और शराबबंदी हो। भाजपा का चरित्र प्रदेश के महिलाओं के सामने उजागर हो गया है। प्रदेश के युवाओं को शराब के नशे में धकेला जा रहा है। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में ‘डबल इंजन’ की स्कूल बंद, स्कॉच शुरू योजना का पहला निर्णय ‘मनपसंद ऐप’ है। अब भोजनालय भी मयखाने बन जाएंगे, नाश्ते और खाने के साथ शराब परोसी जाएगी। अगर हर महीने तय कोटा के अनुसार शराब नहीं पिलाई तो सरकार आपसे जुर्माना लेगी। (Baij on Sai Sarkar)



