अब विकास का सूरज पूर्वी भारत से उगेगा: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

PM in Bodoland Festival: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली में आयोजित बोडोलैंड महोत्सव में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि ये अवसर मेरे लिए बहुत भावुक करने वाला है। 50 साल का रक्तपात, 50 साल तक हिंसा, 3-4 पीढ़ी के युवा इस हिंसा में खप गए। कितने दशकों बाद बोडो फेस्टिवल मना रहा है। साल 2020 में बोडो शांति समझौता के बाद मुझे कोकराझार आने का अवसर मिला था। वहां आपने मुझे जो अपनापन और स्नेह दिया, ऐसा लग रहा था कि आप मुझे अपनों में से ही एक मानते हैं। वो पल मुझे हमेशा याद रहेगा।
यह भी पढ़ें:- झांसी मेडिकल कॉलेज अग्निकांड के लिए सरकार जिम्मेदार: कांग्रेस अध्यक्ष राय
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि शांति समझौते के बाद बोडोलैंड ने विकास की नई लहर देखी है। जब मैं बोडो शांति समझौते के फायदे देखता हूं आपके जीवन में इसके प्रभाव देखता हूं तो मन को खुशी मिलती है। बोडो लोगों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव तैयार हो चुकी है। बोडो शांति समझौते से न सिर्फ आपको फायदा हुआ है, बल्कि इससे कई और शांति समझौतों के लिए नए रास्ते खुले हैं। अगर यह कागजों पर ही रहता तो दूसरों को मुझ पर भरोसा नहीं होता। हालांकि आपने समझौते को अपने जीवन में आत्मसात किया। PM मोदी ने कहा कि विश्वास की जिस पूंजी को लेकर मैं आपके पास आया था। आप सबने मेरे उस विश्वास का मान रखा, मेरे शब्दों की आपने इज्जत की। मेरे शब्दों की आपने इतनी ताकत बढ़ा दी है कि वो सदियों के लिए पत्थर की लकीर बन गए हैं।
बंदूक थामने वाले युवा अब खेल में आगे बढ़ रहे: PM
PM मोदी ने कहा कि बोडोलैंड के विकास के लिए केंद्र सरकार ने 1,500 करोड़ रुपए का विशेष पैकेज दिया है। असम सरकार ने भी विशेष विकास पैकेज दिया है। बोडोलैंड में शिक्षा, स्वास्थ्य और संस्कृति से जुड़े इंफ्रास्ट्रक्चर को विकसित करने के लिए 700 करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च किए गए हैं।मुझे खुशी है कि कुछ साल पहले जो युवा बंदूक थामे हुए थे, अब वो खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ रहे हैं। कोकराझार में डुरंड कप के 2 एडिशन होना और बांग्लादेश, नेपाल एवं भूटान की टीमों का आना अपने आप में ऐतिहासिक है। मेरे लिए असम समेत पूरा नार्थ-ईस्ट भारत की अष्टलक्ष्मी है। अब विकास का सूरज पूर्वी भारत से उगेगा, जो विकसित भारत के संकल्प को नई ऊर्जा देगा। इसलिए हम पूर्वोत्तर में स्थायी शांति के लिए निरंतर प्रयास कर रहे हैं। (PM in Bodoland Festival)
विवादों का सौहार्द के साथ समाधान खोज रहे: PM
उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर के राज्यों के सीमा विवादों का सौहार्द के साथ समाधान खोज रहे हैं। मेरे सभी बोडो भाई-बहन मुझ पर विश्वास करना, मैं आपकी आशा आकांक्षाओं पर खरा उतरने के लिए मेहनत करने में कोई कमी नहीं रखूंगा। उसका सबसे बड़ा कारण ये है कि आप लोगों ने मुझे जीत लिया है। इसलिए मैं हमेशा-हमेशा आपका हूं, आपके लिए हूं और आपके कारण हूं। बता दें कि दो दिवसीय बोडोलैंड महोत्सव शांति बनाए रखने और एक जीवंत बोडो समाज के निर्माण के लिए भाषा, साहित्य और संस्कृति पर एक मेगा कार्यक्रम है। महोत्सव का उद्देश्य स्वदेशी बोडो लोगों को एकीकृत करना है। इस कार्यक्रम का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया। (PM in Bodoland Festival)



