भाजपा में शामिल हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री कैलाश गहलोत, कल AAP से दिया था इस्तीफा

Kailash Gehlot Join BJP: दिल्ली के पूर्व मंत्री और AAP नेता कैलाश गहलोत भाजपा में शामिल हो गए हैं। आम आदमी पार्टी और कैबिनेट मंत्री पद से इस्तीफा देने के 24 घंटे बाद गहलोत केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हुए। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस दौरान कैलाश गहलोत ने कहा कि लोग सोचते होंगे कि रातों-रात मैंने ये फैसला ले लिया। किसी के दबाव में आकर फैसला लिया, लेकिन मैं बता दूं कि मैंने जीवन में कभी दबाव में कोई काम नहीं किया है। सुनने में आ रहा है कि ED, CBI के दबाव में मैंने ऐसा कर दिया, लेकिन ऐसा नहीं है।
यह भी पढ़ें:- मणिपुर में डबल इंजन सरकार फेल, अपहरण और हत्या आम हो गई: कांग्रेस
उन्होंने कहा कि मैं वकालत छोड़कर अन्नाजी के वक्त से आम आदमी पार्टी से जुड़ा था। हजारों-लाखों कार्यकर्ताओं ने अपनी नौकरी और काम छोड़ दिए। हम एक विचारधारा से जुड़े, एक पार्टी और एक व्यक्ति में हमें उम्मीद दिखी थी। लगातार दिल्लीवासियों की सेवा के मकसद से जुड़ा था, राजनीति से जुड़ने का सिर्फ यही मकसद था। गहलोत ने कहा कि जब अपनी आंखों के सामने जिन मूल्यों के लिए AAP जॉइन की थी, उनके साथ समझौता होते देख कष्ट होता है। मेरी पीड़ा है और हजारों-लाखों कार्यकर्ताओं की यही भावना है। आम आदमी की सेवा के लिए जुड़े थे, लेकिन वो सभी आम आदमी लगता है कि खास हो गए हैं। (Kailash Gehlot Join BJP)
आम आदमी पार्टी का पतझड़ आ गया: विज
भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने जनता से बड़े-बड़े वादे किए, जिन्हें वो पूरा नहीं कर पाई, जनता की उम्मीदों पर खरी नहीं उतर पाई। आम आदमी पार्टी ने सिर्फ भ्रष्टाचार किया है। देश में इससे ज्यादा भ्रष्ट शायद ही कोई पार्टी हो। जिसने भ्रष्टाचार में कांग्रेस का भी रिकॉर्ड तोड़ दिया, वह आम आदमी पार्टी है। हरियाणा सरकार में मंत्री अनिल विज ने कहा कि मुझे लगता है कि आम आदमी पार्टी का पतझड़ आ गया है। इसके पत्ते गिरने लगे हैं। सभी ईमानदार लोग इस पार्टी को छोड़कर भाग गए हैं। जो भी उनकी पार्टी में शामिल हुआ था, उनका ईमानदार चेहरा देखकर आया था, लेकिन अब वह चेहरा धूमिल हो गया है। (Kailash Gehlot Join BJP)
नेता प्रतिपक्ष विजेंद्र गुप्ता ने साधा निशाना
दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि आम आदमी पार्टी के सारे बड़े नेता जिन्होंने पार्टी बनाई थी एक-एक करके पार्टी छोड़ गए, चाहे वह योगेंद्र यादव हों, कुमार विश्वास हों या कैलाश गहलोत हों। उनके नेता भ्रष्टाचार में लिप्त हैं। वहीं कैलाश गहलोत के इस्तीफे के बाद AAP नेता रघुविंदर शौकीन दिल्ली कैबिनेट के नए मंत्री बनेंगे। रघुविंदर शौकीन नांगलोई जाट से विधायक हैं। कैलाश गहलोत के इस्तीफे के बाद खाली हुए पद पर वे मंत्री बनेंगे। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गहलोत के पार्टी छोड़ने पर कहा कि वे अपना फैसला लेने के लिए आजाद हैं। उन्हें जहां जाना हो जाएं। (Kailash Gehlot Join BJP)
मोदी वॉशिंग मशीन सक्रिय: संजय सिंह
वहीं AAP सांसद संजय सिंह ने कहा कि दिल्ली चुनाव से पहले मोदी वॉशिंग मशीन सक्रिय हो गई है। अब कई नेता इस मशीन के जरिए भाजपा में शामिल किए जाएंगे। CM आतिशी ने कहा कि ये भाजपा का गंदा षड्यंत्र है। भाजपा दिल्ली में होने वाले विधानसभा चुनाव ED और CBI के बल पर जीतना चाहती है। बता दें कि गहलोत ने 17 नवंबर को केजरीवाल को चिट्ठी लिखकर सभी पदों से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने कहा था कि AAP ने केंद्र सरकार से लड़ाई में बहुत वक्त बर्बाद किया। पार्टी ने जनता से किए वादे पूरे नहीं किए। राजनीतिक महत्वाकांक्षा लोगों के प्रति प्रतिबद्धता से आगे निकल गई है। (Kailash Gehlot Join BJP)



