आज रायपुर और जशपुर में आयोजित कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे CM विष्णुदेव साय, पढ़ें पूरी खबर
CM Sai Tour Program: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज यानी 24 नवंबर को रायपुर और जशपुर जिले के बागबहार में आयोजित कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री साय रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित ’76वें एनसीसी डे सेलिब्रेशन 2024′ में शामिल होंगे। वे इस कार्यक्रम के बाद दोपहर 12.10 बजे रायपुर के शंकर नगर में कांशी स्पाइन हॉस्पिटल का लोकार्पण करेंगे। इस कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री साय 12.40 बजे पुलिस ग्राउंड हेलीपेड से हेलीकाप्टर से रवाना होकर दोपहर 2 बजे जशपुर जिले के बागबहार पहुंचेंगे और वहां मिनी स्टेडियम में ‘ओपन चौलेंज ट्राफी फुटबाल प्रतियोगिता के समापन समारोह’ में शामिल होंगे।
यह भी पढ़ें:- Chhattisgarh : प्रधान आरक्षक रिश्वत लेते गिरफ्तार, ACB की टीम ने चौकी के अंदर से पकड़ा, छात्र से मांगे थे पैसे
मुख्यमंत्री मिनी स्टेडियम बागबहार से दोपहर 3.35 बजे हेलीकाप्टर से रवाना होकर शाम 4.55 बजे पुलिस ग्राउंड रायपुर आएंगे और वहां से कार से तीरंदाजी अकादमी साइंस कॉलेज पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री तीरंदाजी अकादमी में 5.10 बजे ’24वीं सीनियर राज्य स्तरीय आरचरी प्रतियोगिता के समापन और पुरस्कार वितरण कार्यक्रम’ में शामिल होंगे। इससे पहले मुख्यमंत्री ने शनिवार की शाम बिलासपुर के रिवर व्यू पर बने रामसेतु मार्ग का लोकार्पण किया। लेजर शो और आतिशबाजी के माध्यम से रामसेतु मार्ग के लोकार्पण का जश्न मनाया गया और साथ में बिलासपुर विकास दीप महोत्सव मनाया गया। इस मौके पर 10 हजार दीपक अरपा नदी में छोड़े गए। इस अवसर पर शहर के दो छोरों को आपस में जोड़ने वाले अरपा के दोनों पुलों को आकर्षक लाइट से सजाया गया। (CM Sai Tour Program)
एक साथ कई विकास कार्यों की सौगात मिली: CM
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस मौके पर कहा कि छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर को एक साथ कई विकास कार्यों की सौगात मिली है। इन सब कार्यों से बिलासपुर शहर की अधोसंरचना को मजबूती मिलेगी, नागरिक सुविधाओं का विकास होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि अरपा मइया सिर्फ एक नदी नहीं है, बल्कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति की धारा इसमें बहती है। अरपा मइया के अस्तित्व को बचाए रखने के लिए हम संकल्पित हैं। अरपा उत्थान और तट संवर्धन प्रोजेक्ट के तहत श्रीराम सेतु मार्ग का आज लोकार्पण किया गया है। इसके अलावा अरपा नदी के संवर्धन और उत्थान के लिए और भी प्रोजेक्ट चल रहे हैं। नदी के दोनों किनारों पर इंदिरा सेतु से शनिचरी रपटा तक लगभग 2 किलोमीटर की फोर लेन की सड़क बनाई जा रही है। नदी के किनारे नाला बनाया गया है, शहर के गंदे पानी को इस नाले के जरिए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट तक पहुंचाया जाएगा, इससे नदी को प्रदूषित होने से बचाया जा सकेगा। (CM Sai Tour Program)



