बोलेरो और बस की आमने-सामने टक्कर, हादसे में 5 बारातियों की मौत, कई घायल

Road Accident in Hardoi: उत्तरप्रदेश के हरदोई में भीषण और दर्दनाक हादसा हुआ है, जहां एक बोलेरो और बस की आमने-सामने भिड़ंत हो गई, जिसमें बोलेरो सवार 5 बारातियों की मौत हो गई। जबकि 4 गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका इलाज लखनऊ के ट्रामा सेंटर में जारी है। जानकारी के मुताबिक सभी कानपुर की एक शादी से लौट रहे थे। इसी दौरान हादसे का शिकार हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो कई हिस्से में बंट गई। बोलेरो के पार्ट्स 50 फीट तक दूर जाकर गिरे।
यह भी पढ़ें:- भारत सरकार के एडिशनल सेकेटरी ने राजनांदगांव की 20 लखपति दीदियों को किया सम्मानित, पढ़ें पूरी खबर
पुलिस के मुताबिक हादसा मल्लावां कोतवाली क्षेत्र के गौरी चौराहे के पास हुआ है। आशंका है कि कोहरे या ड्राइवर को झपकी आने के कारण हादसा हुआ। फिलहाल जांच जारी है। मृतकों में 4 महिलाएं और 1 पुरुष शामिल हैं। दरअसल, हरदोई के दिग्विजय सिंह की बारात कानपुर के शिवराजपुर गई थी, जहां से बोलेरो में महिलाओं और बच्चों समेत 9 लोग सवार होकर वापस लौट रहे थे। इस बीच बघौली से बारातियों को लेकर आ रही बस से बोलेरो की टक्कर हो गई। भिड़ंत के बाद बोलेरो बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। इस दौरान सभी गाड़ी में फंस गए, जिन्हें पुलिस ने किसी तरह बोलेरो को काटकर बाहर निकाला।
हादसे के दौरान सो रहे थे लोग
हादसे के बाद बस ड्राइवर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है। हादसा सुबह 3 बजे के करीब हुई। इस दौरान ज्यादातर लोग सो रहे थे। लोगों का कहना है कि जल्दी पहुंचने के चक्कर में बस ड्राइवर तेज रफ्तार में चला रहा था। इस बीच अचानक झटका लगा, जिसकी वजह से ज्यादातर लोग सीट से नीचे गिर गए। हादसे में बोलेरो सवार सीमा देवी (उम्र 40 साल), प्रतिमा (उम्र 32 साल), प्रतिभा (उम्र 42 साल), रामकली (उम्र 52 साल) और बोलेरो ड्राइवर शुभम (उम्र 28 साल) की मौके पर मौत हो गई। सभी हरदोई जिले के माधौगंज के रहने वाले थे। (Road Accident in Hardoi)



