पर्थ टेस्ट मैच में भारत की ऐतिहासिक जीत, ऑस्ट्रेलिया को 295 रन से हराया

IND Vs AUS Test: भारत ने बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के लिए पर्थ में खेले गए टेस्ट मैच में शानदार जीत हासिल की है। टीम ने ऑस्ट्रेलिया को 295 रन से हरा दिया है। साथ ही 5 मैचों की टेस्ट सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। दूसरा मुकाबला 6 दिसंबर से एडिलेड में खेला जाएगा। बता दें कि पर्थ के ऑप्टस स्टेडियम में मैच के चौथे दिन 534 रन चेज कर रही ऑस्ट्रेलिया की टीम दूसरी पारी में 238 रन पर ऑलआउट हो गई। इससे पहले भारत ने 487/6 रन पर दूसरी पारी घोषित की थी। टीम इंडिया ने पहली पारी में 150 रन बनाए थे, जिसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी 104 रन पर सिमट गई थी।
यह भी पढ़ें:- बोलेरो और बस की आमने-सामने टक्कर, हादसे में 5 बारातियों की मौत, कई घायल
बता दें कि पर्थ के ऑप्टस स्टेडियम में यह ऑस्ट्रेलिया की पहली हार है। टीम ने इससे पहले 4 मैच खेले थे और सभी जीते थे। वहीं ऑस्ट्रेलिया में भारत की यह अब तक की सबसे बड़ी टेस्ट जीत है। इससे पहले भारत को 222 रन की सबसे बड़ी जीत थी, जो टीम ने 1977 में ऑस्ट्रेलिया को मेलबर्न में हराया। ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी में जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज ने 3-3 विकेट लिए। जबकि ट्रैविस हेड ने 89 रन बनाया। दोनों पारियों को मिलकर 8 विकेट लेने पर कप्तान बुमराह को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने पहले पारी में 5 विकेट लिए थे। (IND Vs AUS Test)

वहीं पर्थ मैच जीतने के बाद भारत वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2023-25 के पॉइंट्स टेबल में फिर नंबर वन पर पहुंच गया है। भारतीय टीम के अब 61.11% पॉइंट्स हो गए हैं। वहीं ऑस्ट्रेलिया की टीम 57.69% पॉइंट्स के साथ दूसरे नंबर पर खिसक गई है। भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, देवदत्त पडिक्कल, विराट कोहली, ऋषभ पंत, ध्रुव जुरेल, वॉशिंगटन सुंदर, नीतीश रेड्डी, हर्षित राणा और मोहम्मद सिराज ने मैच खेला। वहीं ऑस्ट्रेलिया से पैट कमिंस (कप्तान), एलेक्स कैरी (विकेटकीपर) नाथन मैकस्वीनी, उस्मान ख्वाजा, मार्नस लाबुशेन, स्टीव स्मिथ, ट्रैविस हेड, मिचेल मार्श, मिचेल स्टार्क, जोश हेजलवुड और नाथन लायन खेलते नजर आए। (IND Vs AUS Test)




