बलौदाबाजार में बाघ की मौजूदगी से दहशत, 9 घंटे की मशक्कत के बाद किया गया काबू

Tiger in Balodabazar: बलौदाबाजार के कसडोल शहर के बिल्कुल एक किमी के दायरे में पहुंच गए बाघ पर वन विभाग ने सफलतापूर्वक काबू पा लिया। यह घटना कसडोल शहर से लगे कोट गांव का है। दरअसल, बाघ एक पैरे के ढेर में छिप गया था। वन विभाग की टीम पहुंची और बेहद कुशलता से बाघ को ट्रैक्यूलाइज किया। टैक्यूलाइज करने के बाद बाघ कुछ देर तक होश में रहा और पास ही के पेट्रोल पंप के पीछे की तरफ चला गया, लेकिन उसे तेजी से बेहोशी आई और फिर उसे नियंत्रित कर लिया गया।
यह भी पढ़ें:- राज्यपाल डेका ने केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री गडकरी से की मुलाकात, पूर्व उपराष्ट्रपति नायडू से भी मिले
बाघ के बिल्कुल शहर के पास आने से लोगों के लिए कौतूहल का विषय था कि इसे कैसे नियंत्रित किया जाएगा। वन विभाग के अमले ने इसकी योजना बनाई और बेहद सफलतापूर्वक यह कार्य संपन्न किया गया। बताया जाता है कि यह बाघ ओडिशा के रास्ते से बारनवापारा पहुंचा होगा। आठ महीने से यह बारनवापारा में सक्रिय था। बाघ की सक्रियता सिर्फ कोर एरिया में रहे इसके लिए वन विभाग ने पर्याप्त प्रयास किए थे। जब बाघ का मूवमेंट कोर एरिया से बाहर होने की खबर मिली तो अमले ने सतर्कता से अपनी कार्रवाई की। अधिकारियों ने बताया कि अब बाघ को किसी टाइगर रिजर्व में छोड़ा जाएगा, ताकि इसे और भी सुरक्षित परिवेश मिले। (Tiger in Balodabazar)

इन्होंने मिलकर किया बाघ को काबू
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि बाघ को रेडियो कालर लगा दिया गया है। इससे बाघ के मूवमेंट पर नजर रखने में आसानी होगी। उसके ब्लड का नमूना भी लिया गया है। बाघ पूरी तरह स्वस्थ है। बता दें कि बाघ के शहर के पास होने की सूचना प्राप्त होते ही बलौदाबाजार वन विभाग, बिलासपुर के कानन पेंडारी जू के वन्यप्राणी चिकित्सा अधिकारी डॉ. पी.के. चंदन, नंदन वन जू के वन्यप्राणी चिकित्सा अधिकारी और नवा रायपुर जंगल सफारी के डॉ. राकेश वर्मा समेत कसडोल पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मिलता राकेश की टीम ने तत्काल कोट गांव पहुंचकर ग्रामीण धीराजी के बाड़ी में रखे पैरा के ढेर में छिपे बाघ को ट्रैक्यूलाइज करने की कोशिश की। (Tiger in Balodabazar)

छत्तीसगढ़ को मिला एक और टाइगर रिजर्व
इस दौरान मुख्य वन संरक्षक और रायपुर वन बल प्रमुख व्ही. श्रीनिवास राव प्रधान, अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक प्रेम कुमार, रायपुर मुख्य वन संरक्षक राजु अगसिमनी, मुख्य वन संरक्षक और क्षेत्र संचालक उदन्ती सीतानदी टाइगर रिजर्व रायपुर सतोविशा समाजदार, वनमंडालाधिकारी बलौदाबाजार मयंक अग्रवाल और बारनवापारा अधीक्षक आनंद कुदरया भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने वन विभाग के अधिकारियों को बाघ के सफल रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए बधाई दी है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ को बाघों के संरक्षण और संवर्धन के लिए ‘गुरू घासीदास-तमोर पिंगला टायगर रिजर्व’ के रूप में एक नया टाइगर रिजर्व मिल गया है। (Tiger in Balodabazar)
फिर बाघों से गुलजार होगा छत्तीसगढ़: CM साय
उन्होंने कहा कि आंध्र प्रदेश के नागार्जुनसागर-श्रीशैलम टाइगर रिजर्व और असम के मानस टाइगर रिजर्व के बाद यह देश का तीसरा सबसे बड़ा टाइगर रिजर्व है। इस टाइगर रिजर्व के बनने से बाघों को नैचुरल हैबिटेट में बेहतर परिवेश मिल पाएगा और इनके बेहतर संवर्धन के अवसर मिलेंगे। छत्तीसगढ़ में अब 4 बाघ रिजर्व हो गए हैं, जिससे प्रोजेक्ट टाइगर के तहत राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण से मिल रही तकनीकी और वित्तीय सहायता से इस प्रजाति के संरक्षण को मजबूती मिलेगी। बता दें कि एक हफ्ते पहले ही टूरिस्टों ने अचानकमार में टाइगर साइट किया था। टाइगर रिजर्व बनने से एक बार फिर छत्तीसगढ़ बाघों से गुलजार हो जाएगा। (Tiger in Balodabazar)



