अजमेर दरगाह का होगा सर्वे! शिव मंदिर होने का दावा, कोर्ट ने याचिका मंजूर कर सभी पक्षकारों को भेजा नोटिस
Ajmer Sharif Dargah Case: उत्तर प्रदेश के संभल में स्थित जामा मस्जिद के बाद अब अजमेर दरगाह में मंदिर होने का दावा किया जा रहा है. इसको लेकर हिन्दू सेना के अध्यक्ष विष्णु गुप्ता की ओर से अजमेर कोर्ट में याचिका दायर की गई थी।
यह भी पढ़े :- Parliament Winter Session : अडाणी और संभल पर संसद में हंगामा, राहुल गांधी ने की अदाणी की गिरफ्तारी की मांग
अजमेर में स्थित प्रसिद्ध दरगाह (Ajmer Sharif Dargah Case) को हिंदू मंदिर बताने वाली याचिका को निचली अदालत ने स्वीकार कर लिया है. कोर्ट ने सभी पक्षकारों को नोटिस जारी करते हुए 5 दिसंबर को अगली सुनवाई की तारीख तय की है. दरअसल, हिंदू सेना के विष्णु गुप्ता ने अजमेर में ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती की दरगाह को हिंदू पूजा स्थल होने की याचिका कोर्ट में दायर की थी।
याचिका पर बुधवार को अजमेर पश्चिम सिविल जज सीनियर डिविजन मनमोहन चंदेल की कोर्ट ने सुनवाई की. इस दौरान वादी विष्णु गुप्ता के वाद पर न्यायाधीश मनमोहन चंदेल ने संज्ञान लेते हुए दरगाह कमेटी ,अल्पसंख्यक मामलात व एएसआई को समन नोटिस जारी करने के निर्देश दिए और अगली तारीख पर पेश रहने को बुलाया.
हिंदू संगठन लंबे समय से अजमेर दरगाह को मंदिर बता रहे हैं. साल 2022 में हिंदू संगठन महाराणा प्रताप सेना ने इसके मंदिर होने का दावा करते हुए तत्कालीन राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और केंद्र सरकार को पत्र लिखकर इसकी जांच कराने के लिए कहा था. महराणा प्रताप सेना के पदाधिकारियों ने एक तस्वीर भेजी थी, जिसमें अजमेर दरगाह की खिड़कियों पर स्वस्तिक के निशान होने का दावा किया गया था. संगठन के संस्थापक राजवर्धन सिंह परमार ने दावा किया था कि अजमेर दरगाह एक शिव मंदिर था जिसे दरगाह बना दिया गया।
बता दें कि, हाल ही में उत्तर प्रदेश के संभल की शाही जामा मस्जिद मामले में सर्वे के आदेश दिए गए थे, जिसके बाद हिंसा भड़क उठी थी. ऐसे में अब यदि अजमेर स्थित ख्वाजा गरीब नवाज दरगार का केस आगे बढ़ता है, तो मामले में जांच हो सकती है. क्योंकि हिंदू पक्ष की तरफ से एएसआई सर्वे की मांग की गई है। (Ajmer Sharif Dargah Case)



