छत्तीसगढ़ में युवाओं को लगातार मिल रहे हैं सरकारी नौकरियों के अवसर, 8900 से ज्यादा पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू
Government Jobs in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ शासन के अलग-अलग विभागों में युवाओं की भर्ती का सिलसिला बड़े पैमाने पर शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल पर अब तक लगभग 19 विभागों में 8971 पदों की भर्ती के लिए वित्त विभाग ने अपनी मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री साय की मंशानुरूप विभागों में भर्ती की प्रक्रिया लगातार जारी रहेगी। मुख्यमंत्री साय की पहल पर वित्त विभाग ने नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण में 96 पद, विद्युत निरीक्षक कार्यालय में 27 और न्यायालयिक विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) में वैज्ञानिक अधिकारी के 28 रिक्त पदों पर भर्ती को स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस तरह तीनों विभागों में कुल 151 पदों पर भर्ती का रास्ता साफ हो गया है।
यह भी पढ़ें:- किसान मिलाप को पैसे के लिए नहीं जाना पड़ा 12 किमी दूर स्थित बैंक, माइक्रोएटीएम से मिली सुविधा
नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण में कुल 96 रिक्त पदों के तहत प्रबंधक (वित्त और लेखा) और प्रबंधक (जनसंपर्क) के 1-1 पदों पर और सहायक अभियंता (सिविल/लो.स्वा.या) के 8, सहायक अभियंता (विद्युत), सहायक अभियंता (यांत्रिकी) और सहायक अभियंता (आईटी/कम्प्यूटर साइंस) के 1-1 पदों पर भर्ती की जाएगी। इसके अलावा सहायक योजनाकार/वास्तुकार के कुल 4, सहायक प्रोग्रामर के 3, सहायक प्रबंधक (वित्त और लेखा) के 2, उप अभियंता (सिविल/लो.स्वा.या) के 21, उप अभियंता (यांत्रिकी) और उप अभियंता (आईटी/कम्प्यूटर साइंस) के 1-1 शीघ्रलेखक (हिन्दी/अंग्रेजी) के 13, लेखापाल के 3, सहायक मानचित्रकार के 4, अनुरेखक के 4 और सहायक ग्रेड-03 के 26 पदों पर भर्ती को मंजूरी दी गई है। (Government Jobs in Chhattisgarh)
विद्युत निरीक्षक कार्यालय में 27 पदों पर भर्ती
इसी तरह मुख्य विद्युत निरीक्षक कार्यालय में कुल 27 पदों पर भर्ती को वित्त से स्वीकृति प्रदान की गई है, जिसमें उपअभियंता के 13, सहायक ग्रेड-3 के 6, विद्युतकार के 5 और जांच अनुचर के 3 पद शामिल हैं। इसी तरह राज्य न्यायालयिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) में वैज्ञानिक अधिकारी के 28 रिक्त पदों पर भर्ती का रास्ता साफ हो गया है। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार वित्त विभाग से स्वीकृति मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, कृषि विभाग, ग्रामीण आजीविका मिशन, गृह विभाग, विधि विभाग, आदिम जाति कल्याण, वन और पर्यावरण विभाग, उच्च शिक्षा, खेल और युवा कल्याण, एनआरडीए, विद्युत विभाग अपने-अपने विभागों में भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाने में लगे हैं। (Government Jobs in Chhattisgarh)
आयु सीमा में पांच साल की छूट
नई भर्ती से विभागों की दक्षता में बढ़ोतरी के साथ विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं को नई दिशा और गति मिलेगी और छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। बता दें कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय लगातार छत्तीसगढ़ में युवाओं को शिक्षा और रोजगार में नए अवसर प्रदान करने के लिए कार्य कर रहे हैं। मुख्यमंत्री साय की पहल पर पुलिस विभाग समेत अन्य शासकीय भर्तियों में युवाओं के लिए निर्धारित अधिकतम आयु सीमा में पांच साल की छूट का लाभ भी युवाओं को मिल रहा है। (Government Jobs in Chhattisgarh)



