Google Analytics —— Meta Pixel

पार्टी को मजबूत करने ऊपर से नीचे तक बदलाव करने की जरूरत: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे

Kharge on CWC Meeting: नई दिल्ली स्थित AICC मुख्यालय में कांग्रेस कार्यसमिति यानी CWC की बैठक हुई, जिसमें कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव परिणाम के बाद कांग्रेस पार्टी ने नए जोश-खरोश के साथ वापसी की थी, लेकिन उसके बाद हुए 3 राज्यों के चुनावी नतीजे हमारी उम्मीदों के अनुरूप नहीं रहे। INDIA पार्टियों ने 4 में से 2 राज्यों में सरकार बनाई, लेकिन हमारा उम्मीद से कम प्रदर्शन रहा। भविष्य के लिहाज से यह हमारे लिए चुनौती है। हमें तुरंत चुनावी नतीजों से सबक लेते हुए संगठन के स्तर पर अपनी सभी कमजोरियों और खामियों को दुरुस्त करने की जरूरत है। ये नतीजे हमारे लिए संदेश है।

यह भी पढ़ें:- बांग्लादेश सरकार को हिंदुओं और अल्पसंख्यकों की सुरक्षा की जिम्मेदारी लेनी चाहिए: भारत

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि आपसी एकता की कमी और एक दूसरे के खिलाफ बयानबाजी हमें काफी नुकसान पहुंचाती है। जब तक हम एक हो कर चुनाव नहीं लड़ेंगे, आपस में एक दूसरे के खिलाफ बयानबाजी का सिलसिला बंद नहीं करेंगे तो अपने विरोधियों को राजनीतिक शिकस्त कैसे दे सकेंगे? इसलिए जरूरी है कि हम कठोरता से अनुशासन का पालन करें। हर हालत में एक रहना है। पार्टी के पास अनुशासन का भी हथियार है, लेकिन हम नहीं चाहते कि अपने साथियों को किसी बंधन में डालें। इसलिए सबको ये सोचने की दरकार है कि कांग्रेस पार्टी की जीत में ही हम सबकी जीत है और हार में हम सबकी हार है। पार्टी की ताकत से ही हमारी ताकत है। (Kharge on CWC Meeting)

 

खड़गे ने कहा कि चुनावों में माहौल हमारे पक्ष में था, लेकिन सिर्फ माहौल पक्ष में होना जीत की गारंटी नहीं। हमें माहौल को नतीजों में बदलना सीखना होगा। क्या कारण है कि हम माहौल का फ़ायदा नहीं उठा पाते? इसीलिए हमें पर्याप्त मेहनत करने के साथ समयबद्ध तरीके से रणनीति बनानी होगी। हमे अपने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना होगा। हमें मतदाता सूची बनाने से लेकर वोट की गिनती तक रात दिन सजग, सचेत और सावधान रहना होगा। हमारी तैयारी शुरू से मतगणना तक ऐसी होनी चाहिए कि हमारे कार्यकर्ता और सिस्टम मुस्तैदी से काम करें। (Kharge on CWC Meeting)

उन्होंने कहा कि कई राज्यों में हमारा संगठन अपेक्षा के अनुरूप नहीं है। संगठन का मजबूत होना हमारी सबसे बड़ी जरूरत है। हम चुनाव भले ही हारे हो, लेकिन इसमें कोई शक नहीं कि बेरोजगारी, महंगाई, आर्थिक असमानता, इस देश के ज्वलंत मुद्दे हैं। जाति जनगणना भी आज का एक अहम मसला है। संविधान, सामाजिक न्याय और सौहार्द जैसे मसलों जन-जन के मुद्दे है। इसका मतलब ये नहीं की हम चुनावी राज्यों में वहां के जरूरी स्थानीय मुद्दों को भूल जाए। राज्यों के अलग-अलग मुद्दों को समय रहते बारीकी से समझना और उसके इर्द-गिर्द ठोस रणनीति बनाना भी जरूरी है। (Kharge on CWC Meeting)

कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने कहा कि राष्ट्रीय मुद्दे और राष्ट्रीय नेता के सहारे राज्यों का चुनाव आप कब तक लड़ेंगे? हाल के चुनावी नतीजों का संकेत यह भी है कि हमें राज्यों में अपनी चुनाव की तैयारी कम से कम 1 साल पहले शुरू कर देनी चाहिए। हमारी टीमें समय से पहले मैदान में मौजूद रहनी चाहिए। पहला काम मतदाता सूचियों की जांच करनी चाहिए, ताकि हमारे पक्ष वालों के वोट हर हालत में सूची में बने रहें। हम पुराने ढर्रे पर चलते हुए हर समय सफलता नहीं पा सकते। आपका राजनीतिक प्रतिद्वंदी क्या कर रहा है, इसे रोजमर्रा में देखना होगा। हमे समय से निर्णय लेने होगे। जवाबदेही तय करनी होगी। (Kharge on CWC Meeting)

उन्होंने आगे कहा कि कई बार हम खुद अपने सबसे बड़े शत्रु बन जाते हैं। हम खुद अपने बारे में नकारात्मक और हताशापूर्ण बातें करेंगे और ये कहेंगे कि – हमारा कोई नैरेटिव नहीं है तो मैं पूछता हूं कि नैरेटिव बनाना और उसको जनता तक पहुंचाना किसकी जिम्मेदारी है? ये हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। जो नैरेटिव हमने राष्ट्रीय स्तर पर सेट किया था, वो अभी भी लागू है। मैं मानता हूं कि EVM ने चुनावी प्रक्रिया को संदिग्ध बना दिया है। चुनाव आयोग एक संवैधानिक संस्था है इसलिए इसे लेकर जितना कम कहा जाए उतना अच्छा, लेकिन देश में मुफ्त और निष्पक्षचुनाव सुनिश्चित करवाना चुनाव आयोग का संवैधानिक दायित्व है। बार-बार ये सवाल उठ रहे हैं कि किस हद तक ये दायित्व निभाया जा रहा है। (Kharge on CWC Meeting)

खड़गे ने कहा कि सिर्फ 6 महीने पहले जिस तरह के नतीजे लोक सभा में MVA के पक्ष में आए थे उसके बाद विधान सभा का नतीजा राजनीतिक पंडितों के भी समझ से परे है। जैसे परिणाम आए हैं कि कोई भी अंकगणित इसे जस्टिफाई करने में असमर्थ है। हमें हर हालत में चुनाव लड़ने के तरीकों को बेहतर बनाना होगा। क्योंकि समय बदल गया है। चुनाव लड़ने के तरीके बदल गए है। हमे अपनी सूक्ष्म संचार रणनीति को विरोधियों से बेहतर करना होगा। प्रचार और गलत सूचना से लड़ने के तरीके भी ढूंढने होंगे। पिछले परिणाम से सबक लेकर हमें आगे बढ़ना होगा। खामियों को दूर करना है। आत्मविश्वास के साथ कड़े निर्णय लेने होंगे। (Kharge on CWC Meeting)

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि हमारे बार-बार हारने से फासिस्ट ताकतें अपनी जड़ें गहरी बना रही है। एक-एक कर वो राज्य की संस्थाओं पर भी अपना कब्जा जमा रहे हैं। हम संविधान को अडॉप्ट करने का 75वां साल मना रहे हैं। इन 75 सालों में कांग्रेस पार्टी ने भारत में ऐतिहासिक उपलब्धियों के साथ शानदार काम किया है। संविधान की बदौलत ही हमारा देश दुनिया की अगली कतार में हैं। संविधान को बनाने और लागू करने में अगर किसी एक दल को सबसे अधिक क्रेडिट जाता है तो वह कांग्रेस ही है। उसी ने देश के आम लोगों को अधिकार संपन्न बनाया। हक और हकूक दिया। पिछले 11 सालों में वंचितों का एक बड़ा वर्ग तैयार हो गया है, जो बेरोजगारी, महंगाई और गहराती विषमता से परेशान है। (Kharge on CWC Meeting)

हिंदुस्तान की तरक्की के एजेंडे को लागू कर सकते हैं: खड़गे

उन्होंने कहा कि हमें उनकी मजबूत आवाज बनना है। कांग्रेस पार्टी का सत्ता में आना इसलिए जरूरी है कि हमारी सरकार होगी तो हम देश के 140 करोड़ लोगों के एजेंडे को लागू कर सकते हैं। हिंदुस्तान की तरक्की के एजेंडे को लागू कर सकते हैं। मणिपुर से लेकर संभल तक का बहुत गंभीर मसले है। बीजेपी देश का ध्यान अपनी विफलताओं से भटकाने के लिए कई धार्मिक मुद्दों को विभिन्न माध्यमों से हवा देने की कोशिश कर रही है। हमें सत्ता में बैठी विभाजनकारी ताकतों को हर हालत में हराना है। देश में तरक़्क़ी, अमन-चैन और भाई-चारा वापिस स्थापित करना है। क्योंकि हमने ये शानदार देश बनाया है। देश के करोड़ों लोग हमें शक्ति देने के लिए तैयार हैं। हमारा इंतज़ार कर रहे हैं। हम उन्हें निराश नहीं कर सकते। (Kharge on CWC Meeting)

विधानसभा के चुनावों में हमें धक्का लगा: खड़गे

खड़गे ने कहा कि लोकसभा चुनाव में उत्साह भरे नतीजों को हासिल करने के बाद विधानसभा के चुनावों में हमें धक्का लगा है। इसीलिए हमें कठोर निर्णय लेने होंगे। आखिर में मैं ये कहना चाहता हूं कि हमें पराजय से हताश होने की जरूरत नहीं है। हमें नए संकल्प के साथ जमीनी स्तर से ब्लॉक, जिला से लेकर AICC तक बदलाव लाना होगा। हमें समय के साथ जरूरी परिवर्तन लाना ही होगा। हमने पहले भी चुनौतियों पर विजय पाई है। इसलिए हमें मौजूदा चुनौतियों से पार पाते हुए आगे बढ़ना होगा। बता दें कि शीतकालीन सत्र के बीच यह बैठक हुई है, जिसमें कई रणनीतियां बनाई गई है। (Kharge on CWC Meeting)

Back to top button
error: Content is protected !!