Maha Kumbh 2025: पीएम मोदी का 13 दिसंबर को प्रयागराज दौरा, महाकुंभ की तैयारियों का लेंगे जायजा, ये है मिनट-टू-मिनट प्रोग्राम

Maha Kumbh 2025: महाकुंभ का औपचारिक शुभारंभ करने 13 दिसंबर को तीर्थराज आ रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम को लेकर अब तैयारियां अंतिम दौर में हैं। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर पीएमओ की टीम सोमवार को प्रयागराज आ गई। सर्किट हाउस में जिला प्रशासन और मेला प्रशासन तथा पुलिस व अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर पीएमओ के अफसर कार्यक्रम स्थल पर हो रही तैयारियों का भी जायजा लिया। वहीं, शाम को एसपीजी की एक टीम भी आ गई। पीएमओ की टीम अब प्रधानमंत्री के कार्यक्रम तक यहीं रहेगी। मंगलवार को सुबह 10:30 बजे एसपीजी के अफसर स्थानीय पुलिस व प्रशासन के उच्चाधिकारियों के साथ एडवांस सिक्योरिटी लाइजनिंग (एएसएल) की महत्वपूर्ण बैठक करेंगे।
प्रधानमंत्री का महाकुंभ (Maha Kumbh 2025) नगर में लगभग तीन घंटे 15 मिनट का कार्यक्रम प्रस्तावित है। प्रस्तावित प्रोटोकॉल के मुताबिक, दोपहर में लगभग 11.30 बजे वह बमरौली एयरपोर्ट पर आएंगे। वहां पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई केंद्रीय मंत्री व प्रदेश सरकार के मंत्री उनका स्वागत करेंगे। फिर हेलीकाप्टर से प्रधानमंत्री 11.50 बजे अरैल पहुंचेंगे, जहां से कार से वीवीआईपी घाट अरैल पहुंचेंगे। वहां से निषादराज मिनी क्रूज से वह किला घाट वीआइपी घाट और फिर 12.10 बजे अक्षयवट व हनुमान मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे।
इसके बाद 12.40 बजे संगम नोज पहुंचेंगे, जहां पर त्रिवेणी पूजन करेंगे। लगभग आधा घंटा तक गंगा की पूजा व आरती के बाद वह एक बजकर 15 मिनट पर जनसभा स्थल पहुंच जाएंगे। वहां लगभग एक घंटा 15 मिनट रहेंगे। फिर उसी रूट से बमरौली एयरपोर्ट जाएंगे। दोपहर बाद दो बजकर 45 मिनट पर वह दिल्ली के लिए उड़ान भरेंगे। जनसभा में प्रधानमंत्री महाकुंभ से संबंधित लगभग सात हजार करोड़ रुपये की 532 परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। साथ ही शृंगवेरपुर धाम में निर्मित निषादराज पार्क का वर्चुअल लोकार्पण करेंगे।
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की कमान खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संभाला है। सीएम योगी की पूरे कार्यक्रम पर नजर है। वह रोज शाम को तैयारियों का अपडेट ले रहे हैं। तैयारियों का वीडियो उन्हें मेला प्रशासन की ओर से रोज भेजा जा रहा है। मुख्यमंत्री सात दिसंबर को यहां आकर तैयारियों के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे। अब वह 11 दिसंबर को फिर आ सकते हैं। उनके 11 दिसंबर के दौरे को लेकर जिला प्रशासन व मेला प्रशासन की ओर से तैयारी की जा रही है। मुख्यमंत्री इस बार पीएम के जनसभा स्थल, संगम पर पूजन स्थल का निरीक्षण कर सकते हैं।
प्लास्टिक की जगह बायोडिग्रेडेबल चीजें
“डोना-पत्ता” जैसी बायोडिग्रेडेबल चीजें बेचने वाली दुकानें प्लास्टिक की वस्तुओं की जगह लेंगी, जिससे स्वच्छ पर्यावरण में योगदान मिलेगा. इसके अतिरिक्त, स्वच्छता अभियान का नेतृत्व करने के लिए 1,500 से अधिक गंगा सेवादूतों को तैनात किया गया है और क्षेत्र के स्कूल प्लास्टिक मुक्त आयोजन के महत्व के बारे में जागरूकता बढ़ाने में सक्रिय रूप से लगे हुए हैं.
Maha Kumbh 2025 में टेक्नॉलोजी का इस्तेमाल
यूपी सरकार ने श्रद्धालुओं के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए कई तकनीकी पहल की हैं. एक ऐप लॉन्च किया गया है जो आयोजन के बारे में आवश्यक जानकारी देगा, जिसमें घाटों, अखाड़ों और धार्मिक स्थलों की डिटले दी गई है. विजिटर ऐप के माध्यम से पर्यावरण के अनुकूल परिवहन सेवाएं बुक कर सकते हैं, जिससे स्मूथ और सस्टेनिबल यात्रा सुनिश्चित होगी. इसके अलावा, सुरक्षा और सफाई की निगरानी के लिए AI कैमरे और ड्रोन का उपयोग किया जाएगा, जिससे सभी के लिए सुरक्षित और सुव्यवस्थित वातावरण सुनिश्चित होगा.



