दिल्ली के LG ने केजरीवाल को लिखा पत्र, कहा- यमुना में बढ़ते प्रदूषण के आप जिम्मेदार

LG Letter to Kejriwal: दिल्ली के उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना ने AAP के राष्ट्रीय संयोजक और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को पत्र लिखा है, जिसमें उन्होंने कहा कि यमुना इस साल अपने सबसे ज्यादा प्रदूषण स्तर पर पहुंच गई है। मैं व्यक्तिगत रूप से इसके लिए आपको जिम्मेदार मानूंगा, क्योंकि आपने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर करके यमुना में हो रही सफाई के काम को रुकवा दिया था। मैंने आपसे बार-बार अनुरोध किया है कि आप व्यक्तिगत रूप से शहर में निकलकर स्थिति का आकलन करें। मैंने “X” पर अपनी पोस्ट के जरिए आपसे रंगपुरी और कापसहेड़ा जाने का अनुरोध किया था, लेकिन इस बार भी आप खुद वहां नहीं गए, बल्कि आपने अपनी घोषित अस्थायी मुख्यमंत्री आतिशी को वहां भेजना उचित समझा।
यह भी पढ़ें:- चिकित्सा का पेशा आजीविका का साधन मात्र नहीं…समाज की भलाई में योगदान देने की पवित्र जिम्मेदारी: राष्ट्रपति
उन्होंने कहा कि यह खुशी की बात है कि अब आपको अपनी जिम्मेदारियों का एहसास होने लगा है और दस साल बाद आपको दिल्ली की बिगड़ती हालत और लोगों की दुर्दशा और लाचारी नजर आने लगी है। मैं आपको भरोसा दिलाता हूं कि मैं भविष्य में भी इन मुद्दों पर आपका ध्यान आकर्षित करता रहूंगा। शुक्र है कि 10 साल के बाद ही सही दिल्ली में व्याप्त बदहाली और नरकीय ‘नागरिक सुविधाओं’ के प्रति आपकी आंखें खुली। आपने “X” पर पोस्ट में जिस टीम का जिक्र किया है, यह वही अधिकारी हैं, जो मेरे साथ 21 दिसंबर को रंगपुरी और कापसहेड़ा के दौरे पर गए थे, जिनसे मैंने समस्याओं के समाधान का अनुरोध किया था। (LG Letter to Kejriwal)

LG ने कहा कि बेहतर होता कि आपने यही मुस्तैदी और चिंता मेरे दौरे के बाद चिन्हित किराड़ी, बुराड़ी, संगम विहार, गोकुलपुरी, मुंडका, नांगलोई, रानीखेड़ा, कलंदर कॉलोनी जैसे जगहों के बारे में भी दिखाई होती। मुझे प्रसन्नता होती अगर आप दिल्ली सरकार के उन स्कूलों की तरफ भी ध्यान देते, जहां एक ही कमरे में दो कक्षा के छात्र एक-दूसरे की तरफ पीठ कर गॉस्ट टीचर द्वारा पढ़ाए जाते हैं, उन मोहल्ला क्लीनिकों का संज्ञान लेते, जहां हालत जर्जर है और डॉक्टर बिना क्लिनिक आए, गोस्ट मरीजों के टेस्ट लिखते हैं, उन सरकारी अस्पतालों को सुधारते जहां दवाइयां उपलब्ध नहीं हैं, गंदगी का अंबार है और डॉक्टर नदारद रहते हैं। उन गरीबों की समस्या का समाधान करते, जिनके पानी और बिजली के हजारों रुपए के बिल आ रहे हैं। (LG Letter to Kejriwal)
सड़कों की जर्जर हालत: LG
उन्होंने आगे कहा कि आपको याद होगा कि मैंने कई अवसरों पर लिखित या व्यक्तिगत चर्चा में पिछले ढाई सालों के दौरान दिल्ली और दिल्लीवासियों की कई विकराल समस्याओं की तरफ आपका ध्यान आकर्षित कर उनका समाधान करने का अनुरोध किया। उन में से कुछेक मुद्दे यमुना में प्रदूषण, नजफगढ़ नाले की सफाई, सीवर लाइनों की डीसिल्टिंग, सड़कों की जर्जर हालत, पानी की कमी, अस्पतालों के निर्माण में देरी और वायु प्रदूषण थे। आपको याद दिलाना उचित होगा कि इन मुद्दों पर आज तक कोई काम नहीं हुआ और यमुना तो इस साल प्रदूषण के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई। इसका जिम्मेदार मैं व्यक्तिगत रूप से आपको ही ठहराऊंगा। (LG Letter to Kejriwal)



