Google Analytics —— Meta Pixel

पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह का निधन, 92 साल की उम्र में ली अंतिम सांस

Former PM Manmohan Death: भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह का 92 साल की उम्र में निधन हो गया है। उन्होंने दिल्ली AIIMS में अंतिम सांस ली। जानकारी के मुताबिक गुरुवार रात को अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी, जिसके बाद उन्हें दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान यानी AIIMS के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया था। वहीं कर्नाटक के बेलगावी में चल रही कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) की बैठक रद्द कर दी गई है। साथ ही 27 दिसंबर को होने वाले सभी कार्यक्रम भी रद्द कर दिए गए हैं। दिल्ली एम्स ने निधन की पुष्टि कर दी है। एम्स ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मन मोहन सिंह को रात 8:06 बजे मेडिकल इमरजेंसी में लाया गया। तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका और रात 9:51 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

यह भी पढ़ें:- मातृभूमि की रक्षा के लिए बलिदानी हमेशा रहेंगे प्रेरणा स्रोत: कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा

डॉ. मनमोहन के अब तक का सफर

बता दें कि डॉ. मनमोहन सिंह 1957 से 1965 तक चंडीगढ़ के पंजाब विश्वविद्यालय में अध्यापक रहे। 1969 से 1971 तक दिल्ली स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स में अन्तरराष्ट्रीय व्यापार के प्रोफेसर रहे। 1976 में दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में मानद प्रोफेसर बने। 1982 से 1985 तक भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर रहे। 1985 से 1987 तक योजना आयोग के उपाध्यक्ष रहे। 1990 से 1991 तक प्रधानमंत्री के आर्थिक सलाहकार रहे। 1991 में नरसिंहराव सरकार में वित्त मंत्री बने। 1991 में पहली बार असम से राज्यसभा के सदस्य बने। 1996 में दिल्ली स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स में मानद प्रोफेसर बने।

इसी साल हुए थे रिटायर 

वे 1999 में दक्षिण दिल्ली से लोकसभा का चुनाव लड़े। हालांकि हार गए। 2001 में तीसरी बार राज्यसभा सदस्य बने और सदन में कांग्रेस की ओर से विपक्ष के नेता बने। 2004 से 2014 तक भारत के प्रधानमंत्री रहे। वहीं 2019 से 2024 तक छठी बार राज्यसभा के सदस्य रहे। डॉ. मनमोहन सिंह 3 अप्रैल को राज्यसभा से रिटायर हुए थे। इस तरह 1991 से लेकर अब तक करीब 33 साल तक राज्यसभा के सदस्य रहे। छठी और आखिरी बार वे 2019 में राजस्थान से राज्यसभा सांसद बने थे। जानकारी के लिए बता दें कि मनमोहन सिंह की सीट पर कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी पहली बार राज्यसभा पहुंची थी। 20 फरवरी को उन्हें राज्यसभा के लिए निर्विरोध चुना गया।

Back to top button
error: Content is protected !!