Border Gavaskar Trophy : सिडनी में सब हो गया खत्म! सीरीज ऑस्ट्रेलिया के नाम, भारत WTC फाइनल की रेस से हुआ बाहर
Border Gavaskar Trophy : भारतीय टीम को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी के आखिरी मुकाबले में शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा. सिडनी टेस्ट के तीसरे दिन मेजबान टीम के सामने जीत के लिए 162 रन का लक्ष्य था. ऑस्ट्रेलिया ने 4 विकेट गंवाकर इसे आसानी से हासिल किया. 5 मैचों की टेस्ट सीरीज का आखिरी मुकाबला अपने नाम करने के साथ ही ऑस्ट्रेलिया ने एक दशक बाद बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी पर फिर से कब्जा जमाया. 3-1 की जीत के साथ ही कंगारू कप्तान पैट कमिंस ने वो कर दिखाया जो सीरीज शुरू होने से पहले कहा था. इस हार के बाद भारत के वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में पहुंचने की उम्मीद भी लगभग खत्म हो गई है.
यह भी पढ़े :- Chhattisgarh Naxal Encounter : छत्तीसगढ़ में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता, एनकाउंटर में मारे चार नक्सली, एक जवान शहीद
ऑस्ट्रेलिया ने 2014 के बाद लगातार हार का सामना करने के बाद फिर से इस ट्रॉफी को अपने नाम किया है. पिछली चार बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी भारतीय टीम के नाम रही थी. टीम इंडिया ने अपने घर पर 2016 में खेलते हुए सीरीज पर कब्जा जमाया था. इसके बाद ऑस्ट्रेलिया में 2018 और 2020 में सीरीज जीतकर बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी को जीता था. 2022 में भारत में खेली गई सीरीज में भी भारतीय टीम को जीत मिली थी.
बुमराह के 32 विकेट गए बेकार
भारतीय टीम के स्टार गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी (Border Gavaskar Trophy) में अपनी जान झोंक दी और 32 विकेट लेकर नया कीर्तिमान बनाया लेकिन यह सब बेकार चला गया. ऑस्ट्रेलिया ने भारत के खिलाफ 3-1 से 5 मैचों की सीरीज को अपने नाम कर बड़ा झटका दिया. ऑस्ट्रेलिया में सीरीज खेलकर बिशन सिंह बेदी ने 31 विकेट लेकर जो रिकॉर्ड बनाया था वो इस सीरीज में टूटा लेकिन जसप्रीत बुमराह इसे कभी याद नहीं करना चाहेंगे क्योंकि ये विकेट टीम को जीत नहीं दिला पाए.
बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी गंवाया
भारतीय टीम का बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी (Border Gavaskar Trophy) पर 2016-17 से कब्जा था। 2018-19 में 4 मैचों की सीरीज भारत 2-1 से जीता था। 2020-21 में भी 4 मैचों की सीरीज भारत 2-1 से जीता था। दोनों ही सीरीज ऑस्ट्रेलिया में खेली गई थी। 2014-15 में ऑस्ट्रेलिया ने घरेलू सरजमीं पर 2-0 से जीत हासिल की थी।
WTC फाइनल की रेस से बाहर
सिडनी में हार के साथ भारत के वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल (WTC Final) में पहुंचने का सपना टूट गया। 2021 और 2023 में का फाइनल खेलने वाली टीम 2025 का फाइनल खेलने की रेस में काफी लंबे समय तक बनी रही थी। 2024 में अक्टूबर-नवंबर में न्यूजीलैंड की टीम भारत दौरे पर आई। उसने 3-0 से सीरीज अपने नाम की। इसके बाद से समीकरण बदला। भारतीय टीम को अपने दम पर क्वालिफाई करने के लिए ऑस्ट्रेलिया में 3-1 से सीरीज जीतनी थी, लेकिन 1-3 से सीरीज गंवाकर रेस से बाहर हो गई।



