आज के छात्र ही कल के नागरिक, स्वामी विवेकानंद के विचारों से प्रेरित हों युवा: राज्यपाल रमेन डेका

Governor Deka on Youth: राष्ट्रीय युवा दिवस पर नई दिल्ली के रामकृष्ण मिशन में आयोजित विशेष कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका ने युवाओं को स्वामी विवेकानंद के प्रेरणादायक विचारों से सीखने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने अपने विचारों और कार्यों से भारतीय युवाओं को राष्ट्र निर्माण की दिशा में कदम बढ़ाने के लिए प्रेरित किया है। कार्यक्रम में स्वामी विवेकानंद के विचारों को साझा करते हुए उन्होंने कहा कि आज के युवा आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ सकते हैं। स्वामी जी ने कहा था कि दुनिया को चरित्र की आवश्यकता है। वह चरित्र जो प्रेम और निःस्वार्थता से परिपूर्ण हो। ऐसा प्रेम हर शब्द को बिजली की तरह प्रभावी बना देता है।
यह भी पढ़ें:- युवा शक्ति के हाथों ही खड़ी होगी विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ की बुलंद इमारत: CM साय
राज्यपाल ने स्वामी विवेकानंद के युवाओं के लिए दिए गए आह्वान का जिक्र किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि एक लाख पुरुष और महिलाएं, जो पवित्रता, साहस और सेवा की भावना से परिपूर्ण हों, देश के कोने-कोने में जाकर समाजोन्नति और समानता का संदेश फैलाएं। कार्यक्रम में स्वामी विवेकानंद के शिकागो धर्म संसद में दिए गए ऐतिहासिक भाषण की भी चर्चा की, जिसने पूरी दुनिया को भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिकता की शक्ति का एहसास कराया। राज्यपाल डेका ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारत एक युवा राष्ट्र है और इसे सही दिशा में ले जाने के लिए युवाओं की ऊर्जा को स्वामी विवेकानंद के आदर्शों से प्रेरित करना आवश्यक है। उनकी शिक्षाएं हमें न सिर्फ व्यक्तिगत विकास के लिए प्रेरित करती हैं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति हमारी जिम्मेदारी का बोध भी कराती हैं। (Governor Deka on Youth)

कार्यक्रम में भारत के अटॉर्नी जनरल आर. वेंकटरमणि, सांसद बांसुरी स्वराज, भारतीय खाद्य निगम के महानिदेशक आशुतोष अग्निहोत्री, रामकृष्ण मिशन, नई दिल्ली के सचिव स्वामी सर्वलोकानंद भी उपस्थित रहे। वहीं डिप्टी CM अरुण साव और वन मंत्री केदार कश्यप नारायणपुर के रामकृष्ण मिशन आश्रम में आयोजित राष्ट्रीय युवा दिवस कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान डिप्टी CM साव ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए हर संभव मदद कर रही है। युवाओं को अच्छी शिक्षा प्रदान करने के लिए जिले के अंदरूणी क्षेत्रों में स्वामी विवेकानंद रामकृष्ण मिशन आश्रम संचालित की जा रही है, जिसमें नारायणपुर जिले के युवाओं को शिक्षा के साथ साथ सांस्कृति, सामाजिक उत्थान के लिए कार्य किए जा रहे हैं। (Governor Deka on Youth)



